scorecardresearch

राजमार्गों के अग्रदूत

एकमात्र केंद्रीय मंत्री हैं जो खुदमुख्तार होने की छवि बनाए रखते हैं, ऐसी छवि जिसका उन्हें कोई मलाल नहीं, नरेंद्र मोदी के दोनों कार्यकाल के दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे

नितिन गडकरी, 65 वर्ष, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री
नितिन गडकरी, 65 वर्ष, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री
अपडेटेड 29 मई , 2023

ऊंचे और असरदार

8. नितिन गडकरी, 65 वर्ष, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री

क्योंकि वे एकमात्र केंद्रीय मंत्री हैं जो खुदमुख्तार होने की छवि बनाए रखते हैं, ऐसी छवि जिसका उन्हें कोई मलाल नहीं

क्योंकि गडकरी ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में गजब की तेजी भर दी है. उन्होंने 19 मई को ट्वीट किया कि गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे ने रिकॉर्ड कायम करके इतिहास बना दिया, 100 किमी की सड़क पर कोलतार बिछाने का काम  महज 100 घंटे में पूरा कर लिया गया

क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोनों कार्यकाल के दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं और राजमार्गों तथा बंदरगाहों के पुनरुद्धार का श्रेय उन्हें दिया जाता है. गडकरी ने 2022-23 में 12,000 किमी. नए हाइवे बनाने का सरकारी लक्ष्य रखा था, 31 मार्च तक 10,331 किमी. निर्माण हो चुका था

बेमिसाल मेजबान हर कोई जानता है कि गडकरी शानदार मेजबान हैं, इसलिए उनके निवास पर हमेशा अतिथियों का जमावड़ा आम बात है. मेहमान अक्सर उनके परोसे जाने वाले स्वादिष्ट पोहे की कसमें खाते पाए जाते हैं

क्योंकि उन्हें भाजपा और आरएसएस के उदारवादी नेताओं का समर्थन हासिल है. भाजपा की शीर्ष निर्णायक समिति से हटाए जाने के बावजूद उनकी राय विकास और कारोबारी मुद्दों पर मायने रखती है

9. जेपी नड्डा, 62 वर्ष, अध्यक्ष, भाजपा

चतुर संगठनकर्ता

क्योंकि कथित तौर पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी के अध्यक्ष के नाते उन्होंने मोदी-शाह के साए में काम करने के बावजूद अपने लिए जगह बना ली 

क्योंकि अलबत्ता कर्नाटक में भाजपा को भारी हार मिली, लेकिन नड्डा की अगुआई में पार्टी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और गुजरात में जीती, और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश में तख्तापलट को भी न भूलिए

सेहत पर चौकस चुस्ती-दुरुस्ती बरकरार रखने के लिए नड्डा अपने बचपन के शौक तैराकी की ओर मुड़े और कम कार्बोहाइड्रेट तथा अधिक प्रोटीन का सेवन करते हैं

क्योंकि नड्डा भाजपा के संगठन तंत्र को वोटर लिस्ट के स्तर तक ले गए हैं. आज पार्टी के ढांचे में महिला, ओबीसी, दलित, आदिवासी और युवा नेताओं के लिए अधिक जगह है

10. अरविंद केजरीवाल, 54 वर्ष, दिल्ली के मुख्यमंत्री

ऊंची आकांक्षा 

क्योंकि एक दशक से भी कम समय में उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है. दिल्ली में रिकॉर्ड दूसरी जीत के बाद उनकी पार्टी ने पिछले साल पंजाब में भी जीत दर्ज की थी. कांटे की लड़ाई में दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली जीत से वे भाजपा की राह का रोड़ा बन गए हैं

ट्वीट ट्वीट ट्विटर पर उनके 2.7 करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं जो किसी भी मुख्यमंत्री या विपक्ष के नेता से अधिक हैं

क्योंकि आप ने जनता के लिए मुफ्त और बेहतर सेवा अदायगी को मिलाकर सफलता का नया राजनीतिक मॉडल तैयार किया है. सस्ती स्वास्थ्य सेवा और गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा पर ध्यान देने से दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक वफादार मतदाता आधार तैयार किया है

क्योंकि आप के दो मंत्रियों के भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में होने के बावजूद केजरीवाल अभी भी अपने जुझारू अंदाज में हैं, वे शैक्षिक योग्यता पर सवाल उठाकर प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार निशाना साध रहे हैं. अधिकारियों के तबादले/तैनाती पर आप सरकार को अधिकार देने वाले सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है

कौशिक डेका, अनिलेश एस. महाजन, प्रशांत श्रीवास्तव, रोमिता दत्ता, अमिताभ श्रीवास्तव

Advertisement
Advertisement