ऊंचे और असरदार : रसूखदार
6. एन. चंद्रशेखरन, 59 वर्ष
चेयरमैन, टाटा संस
क्योंकि ''टाटा ग्रुप के पहले गैर-पारसी और पेशेवर कार्यकारी प्रमुख’’, मिलनसार और आत्मविश्वास से लबरेज चंद्रशेखरन नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक बनाने वाले 128 अरब डॉलर (10.6 लाख करोड़ रु.) के विशालकाय समूह का कायापलट कर रहे हैं.
साख लौटाने की पहल: चौतरफा घिरी एयर इंडिया को खरीदने के एक साल बाद फरवरी में टाटा ग्रुप ने एयरबस और बोइंग से सूचीबद्ध कीमत पर 70 अरब डॉलर (5.7 लाख करोड़ रुपए) में 470 नए विमान खरीदने का ऑर्डर दिया, जो विमानन के इतिहास की ऐसी सबसे बड़ी खरीद है
क्योंकि उनकी नजर उभरते अवसरों की समूची शृंखला पर भी है, जिसमें एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा, एफएमसीजी, इलेक्ट्रॉनिक्स व सेमीकंडक्टर, भुगतान, बैटरी निर्माण व भंडारण समाधान, 5जी टेक्नोलॉजी, इन्फ्रास्ट्रक्चर और हाइपरलूप टेक्नोलॉजी शामिल हैं. टाटा निउ सुपरऐप का तो कहना ही क्या
क्योंकि 10 वर्टिकल में फैली 30 बड़ी कंपनियों के छत्र तले 100 कंपनियों को इकट्ठा और मजबूत करने के बाद ग्रुप में 9,35,000 से ज्यादा लोग काम करते हैं. वित्त वर्ष 2021-22 में 9.6 लाख करोड़ रु. की कुल संयुक्त कमाई कई राष्ट्रीय अर्थव्यवस्थाओं की ईर्ष्या का विषय हो सकती है
लंबी दूरी के धावक चंद्रा का दिन तड़के 4 बजे नियमित दौड़ से शुरू होता है, जो उन्होंने 2008 में डायबिटीज से बचने के लिए शुरू की थी. साल में अब वे कुल चार मैराथन दौड़ते हैं और 60 वर्ष का होने पर 60 किमी की एक और मैराथन दौड़ने का मन बना रहे हैं.
पशु प्रोजेक्ट नए सजे-धजे बॉम्बे हाउस में पूर्व चेयरमैन के सबसे अच्छे दोस्तों के प्रति प्रेम के सम्मान में आवारा कुत्तों के लिए एसी केनल या कुत्तों का घर बनाया गया है, जिसमें गर्म डॉग बेड, खिलौनों, खाना और साफ पानी की भरपूर व्यवस्था है.

