scorecardresearch

विशेषांकः गेम चेंजर अभिनेता

उन्होंने पहला राष्ट्रीय पुरस्कार 2010 में वेत्रीमारन की फिल्म आदुकालम के लिए जीता और फिर मुड़कर नहीं देखा.

धनुष
धनुष
अपडेटेड 10 जनवरी , 2022

नई नस्ल100 नुमाइंदे/सिनेमा

धनुष, 38 वर्ष
अभिनेता/गायक/निर्देशक

धनुष अब 10 से ज्यादा साल से अपने करियर के शिखर पर हैं. उन्हें दूसरी ही फिल्म कांढल कोंडेइन से तकरीबन चुटकी बजाते कामयाबी मिल गई, जिसका निर्देशन उनके भाई और निर्देशक सेल्वाराघवन ने किया था. 2000 के दशक के आखिर में थोड़ा-सा ठहराव आया जब वे अपनी खास पहचान की तलाश में थे.

इसके अलावा कभी ऐसा दौर नहीं आया जब वे किसी वाकई मौलिक फिल्म के लिए बातचीत में मशगूल न हों. उनके पास अपने साथी अजित और विजय जैसा बाजार भले न हो, पर उनकी कामयाबी उनकी भूमिकाओं और सहयोगियों से आंकी जाती है.

शुरुआत में उन्होंने मुख्यत: सेल्वाराघवन के साथ काम किया और अब वेत्रीमारन और मारी सेल्वाराज सरीखे गजब के मौलिक फिल्मकारों के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने पहला राष्ट्रीय पुरस्कार 2010 में वेत्रीमारन की फिल्म आदुकालम के लिए जीता और फिर मुड़कर नहीं देखा.

वे कमल हासन के सांचे में ढले बहुत सारे काम करने वाले बिरले स्टार अभिनेता भी हैं. वे 2016 में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर के लिए भारत की एंट्री फिल्म विसरणई के प्रोड्यूसर हैं और कई मौकों पर गीतकार (इलमाई थिरुम्बुद्धे)/गायक (व्हाय दिस कोलावरी डी)/निर्देशक (पा. पांडी) भी. 

—आदित्य श्रीकृष्ण

फ्लैशबैक धनुष निर्देशित पहली फिल्म पा. पांडी में राजकिरण ने मुख्य भूमिका निभाई. राजकिरण ने 1991 में धनुष के पिता कस्तूरी राजा की पहली फिल्म एन रसविन मनसिले में भी काम किया था. उस फिल्म का पोस्टर वेत्रीरामन की वाडा चेन्नै में देखा जा सकता है, जो 1980-90 के दशक की पृष्ठभूमि पर है

''मैं कभी भी ऐक्टर बनना या फिल्म इंडस्ट्री में नहीं आना चाहता था. जब स्टार घर में आते थे तो मैं खुद को एक कमरे में बंद कर लेता था. इसलिए ये सब कुछ बस हो गया’’
—धनुष, फिल्म कंपेनियन से, मार्च, 2021.

Advertisement
Advertisement