नई नस्ल 100 नुमाइंदे/सिनेमा
अली फ़ज़ल, 35 वर्ष
बॉलीवुड/हॉलीवुड अभिनेता
वे किरदार ऐसे बदलते हैं जैसे कोई आत्मा नया शरीर धारण कर रही हो. हर नई फिल्म के साथ अली फ़ज़ल का रूपहले परदे पर एक नए चरित्र के रूप में पुनर्जन्म होता है. जैसे कोई बहरूपिया हो.
ओटीटी प्लेटफार्म पर चर्चित सीरीज मिर्जापुर के गुड्डू पंडित, जौनपुर के माफिया डॉन रति शंकर शुक्ला को माथे पर अचानक गोली मारने के बाद उसका कॉलर पकड़ कर पूर्वांचली अंदाज में जैसे ककहरा सुनाते हैं, ठीक उसके उलट अंदाज में ब्रिटिश-अमेरिकी फिल्म विक्टोरिया ऐंड अब्दुल में धारा प्रवाह अंग्रेजी के भावुक डायलॉग बोलते नजर आते हैं.
उनके लिए नए-नए किरदारों का जीना जैसे पूर्वाभ्यास हो. वे बचपन में लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज में पढ़े, फिर दून स्कूल चले गए. कॉलेज में ऐक्टिंग सीखने के बाद वे पहले मॉडल बने, फिर हिंदी फिल्मों और छोटे परदे पर दिखने लगे.
अमेरिकी टेलीविजन लघु-शृंखला बॉलीवुड हीरो से चर्चित होने के बाद फ़ज़ल ने 3 इडियट्स में एक कैमियो मौजूदगी के साथ फिल्मी सफर की शुरुआत की. बॉलीवुड की कई फिल्मों में सहायक भूमिकाओं से जब उनका मन ऊब गया तो उन्होंने अचानक हॉलीवुड ऐक्शन फिल्म फ्यूरियस 7 में अपनी चौंकाने वाली मौजूदगी दर्ज की.
लेकिन उन्हें सबसे बड़ा ब्रेक मिला 2018-20 की वेब शृंखला मिर्जापुर 1-2 में. हर बात में गाली देने वाला गुड्डू पंडित रातोरात हिंदी प्रदेश का जाना-पहचाना चेहरा बन गया. वे मिर्जापुर-3 में भी दिखेंगे.
2019 में पावर ब्रांड्स ने फ़ज़ल को बीएफजेए यानी बॉलीवुड फिल्म जर्नलिस्ट अवाड् र्स में 'पावर ब्रांड: इंडस्ट्री ट्रेंडसेटर’ के लिए सम्मानित किया. वे आखिरी बार नेटफ्लिक्स सीरिज राय में दिखे. फ़ज़ल विशाल भारद्वाज की नई फिल्म खुफिया में जबरदस्त रोल में दिखेंगे.
दर्द हॉलीवुड में उन्हें काफी जल्दी ब्रेक मिल गया. फ्यूरियस 7 बड़ी हिट रही. उन्होंने विक्टोरिया ऐंड अब्दुल की, डेथ ऑन द नाइल आ रही है. रिक रोमन वॉ के साथ कंधार में काम कर रहे हैं. उनका वक्त बंट जाता है. उन्हें दुख होता है कि जितनी फिल्में इंडिया में करना चाहते हैं या जितनी फिल्में हॉलीवुड में करना चाहते हैं, नहीं कर पा रहे हैं

