संजय पराशर, 49 वर्ष
एक नौवहन कंपनी के मालिक, मुंबई
जब कोई भारतीय नाविक विदेश में फंस जाता है, तो उसे कैप्टन संजय पराशर याद आते हैं. मुंबई स्थित एक शिपिंग (नौवहन) कंपनी के मालिक संजय दुनिया के किसी भी कोने में संकट में फंसे किसी भी भारतीय नाविक के लिए उम्मीद की किरण हैं.
लगभग तीन लाख भारतीय नाविक हैं जो नाविक दुनिया के कुल नाविकों के करीब 10 प्रतिशत हैं. ये नाविक दुनियाभर में घूमते हजारों व्यापारी जहाजों को चलाते हैं और उनकी संख्या में हर साल 20 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है. हालांकि, तेजी से बढ़ते इस क्षेत्र का एक बड़ा स्याह पक्ष यह है कि धोखेबाज और गैर-कानूनी जहाज कंपनियां कई बार अपने कर्मचारियों के बकाए का भुगतान करने के बजाय किसी विदेशी क्षेत्र में अपने जहाजों और चालक दल को छोड़कर भाग जाना फायदेमंद समझती हैं, या फिर अवैध रूप से चालक दल को रोककर उनसे गैर-शिपिंग कार्य कराती हैं.
समुद्र में मानवाधिकारों का हनन शायद ही कभी लोगों की नजर में आता है. ऐसी स्थिति में वनमैन एनजीओ, पराशर नाविकों को वापस लाने के लिए विदेश में भारतीय मिशनों के साथ संपर्क स्थापित करते हैं, नाविकों को सुरक्षित घर वापस लेकर आते हैं. वे उन्हें हवाई टिकट दिलवाते हैं और यहां तक कि उन नाविकों के परिवारों को फंसे हुए नाविकों से मिलने के लिए भी भेजते हैं.
उनके इस अभियान की शुरुआत पांच साल पहले हुई जब ईरान में इसी तरह से एक परित्यक्त जहाज में फंसे नाविक रंजीत सिंह के परिवार ने सहायता के लिए उनसे संपर्क किया. पराशर ने पाया कि ऐसे दर्जनों मामले थे जहां लोग फंसे हुए हैं. वे तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिले और उनसे हस्तक्षेप का अनुरोध किया. और स्वराज ने मदद की भी. तब से पांच वर्षों में पराशर ने ऐसे 95 मामलों में हस्तक्षेप करके 600 से अधिक फंसे हुए नाविकों को सुरक्षित निकाला है.
पराशर समुद्री सुरक्षा के लिए एक स्टडी ग्रुप मुंबई स्थित थिंक टैंक फोरम फॉर इंटीग्रेटेड नेशनल सिक्योरिटी (फिन्स) के उपाध्यक्ष हैं और समुद्री यात्रियों के अधिकारों के लिए जनमत तैयार करने का प्रयास करते हैं. वे अपने संज्ञान में आए मामलों के निबटारे के लिए उन सभी साधनों का उपयोग करते हैं जो एक भारतीय नागरिक को प्राप्त हैं, जैसे सूचना का अधिकार, ट्विटर पोस्ट और जहाजरानी मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठकें आदि.
हाल ही में उन्होंने विदेश मंत्रालय को प्रवासियों से संबंधित सभी एजेंसियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने वाले अपने ई-माइग्रेट पोर्टल पर सभी नाविकों को भी सूचीबद्ध करने के लिए राजी करा लिया है (समुद्री यात्री पहले इसका हिस्सा नहीं हुआ करते थे). अब वे प्रवासी भारतीय बीमा योजना की तर्ज पर भारतीय नाविकों के लिए बीमा करवा रहे हैं. उनकी बचाव की पहल वन-मैन शो बनी हुई है. पराशर कहते हैं, ''मैं वही करता हूं जो मुझे करना चाहिए क्योंकि भारतीय नाविकों को फिलहाल इसकी सख्त जरूरत है.''
परिवर्तन का पैमाना
संजय पराशर ने 600 से ज्यादा नाविकों को बचाया है
''20 साल से ज्यादा समय तक नाविक बिरादरी का हिस्सा होने के कारण मैं उन हालात और कठिनाइयों को समझ सकता हूं जिनसे वे गुजरते हैं... मैं समझता हूं, उनकी मदद करना मेरा कर्तव्य है''.

