
हम ऐसी दुनिया में रहते हैं जहां मनोरंजन से हौवा खड़ा होता है और उसी से राहत भी मिलती है. भारतीय मनोरंजन उद्योग अब इतना बड़ा हो गया है कि दुनिया भर में किसी भी अन्य के मुकाबले ज्यादा फिल्में और शो बना रहा है—और वह भी कई भाषाओं में. लेकिन ऐसे वक्त में जब हमारे पास ढेर सारा ऑनलाइन मलबा आ रहा है, तो भला यह कौन तय करेगा कि कौन-सी चीज अच्छी है, कौन-सी चीज जरूर देखनी चाहिए, कौन-सी चीज हमें और ज्यादा देखने के लिए प्रेरित करेगी?
हमारी फेहरिस्त में कुछ ऐसे लोग शामिल हैं जो रात का वक्त हमारे मनोरंजन के लिए तय करते हैं, जैसे कि नेटफ्लिक्स की मोनिका शेरगिल. उन्होंने लापता लेडीज को हरी झंडी दिखाई, जिसने इस ओटीटी चैनल पर आने के बाद भी हॉल में 100 दिनों से ज्यादा वक्त तक भीड़ खींची. या रिलायंस समर्थित जियो पिक्चर्स की ज्योति देशपांडे. हॉरर कॉमेडी सीक्वल स्त्री 2 की शानदार कामयाबी की वजह से उनकी साख बहुत कम वक्त में काफी बढ़ गई.
वैसे, इसका यह मतलब कतई नहीं कि बॉलीवुड सिनेमा के बादशाहों ने हार मान ली है. बादशाह शाहरुख खान अभी भी नंबर 1 हैं. दुनिया के सबसे अमीर अभिनेताओं की फेहरिस्त में शामिल होने के साथ ही उनकी छवि और भी मजबूत हो गई है. उधर, दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट जैसी ऐक्ट्रेस हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में काम करके और बेहतरीन ब्रांड्स की ग्लोबल ऐम्बेसडर के रूप में आत्मविश्वास से लबरेज होकर दुनिया को नाप रही हैं.
हमारी फेहरिस्त में एक नया नाम है दिलकश गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ का, जिन्होंने पंजाबी संगीत को दुनियाभर में मकबूल बना दिया है और अब लंदन जैसे शहरों में भी स्टेडियमों के टिकट धड़ाधड़ बिक जाते हैं. दिल्ली में उनके दिल-लुमिनाती कॉन्सर्ट के टिकट कालाबाजारी करने वालों ने कथित तौर पर 20,000 रुपए में बेचे. यह इस बात का संकेत है कि यह पगड़ीधारी गायक कितना लोकप्रिय है और शायद यह भी कि हम कुछ भी न चूकने वाले दौर में रह रहे हैं.
1. शाहरुख खान, 58 वर्ष, ऐक्टर-प्रोड्यूसर
● क्योंकि उनमें अभी भी प्रशंसकों को लुभाने की क्षमता है, चाहे वह भारत हो, अबू धाबी (जहां उन्होंने आईफा अवॉर्ड्स की मेजबानी की) या लोकार्नो जहां उन्होंने पार्डो अला कैरियरा असकोना-लोकार्नो पर्यटन पुरस्कार जीता. कहा जाता है कि बर्लिन में उनके जन्मदिन पर होटल में उन्हें मुबारकबाद देने आए प्रशंसकों के मजमे की वजह से दो ब्लॉक के ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा. इस बीच, अभिनेता की दो दशक पुरानी रोमांटिक फिल्म वीर ज़ारा की फिर से रिलीज ने आखिरकार दुनिया भर में 100 करोड़ रुपए की कमाई की.
● क्योंकि 2023 में जबरदस्त प्रदर्शन के साथ उन्होंने 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की दो ब्लॉकबस्टर फिल्में—पठान और जवान दीं. इसकी वजह से वे क्रोल की नवीनतम सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट में दसवें से तीसरे स्थान पर पहुंच गए. इसमें उनकी ब्रांड वैल्यू 12.07 करोड़ डॉलर (1,015 करोड़ रुपए) दर्ज की गई.
● क्योंकि वे खेल की दुनिया के भी बादशाह हैं. उनकी टीम, कोलकाता नाइटराइडर्स ने 2024 में तीसरी बार दुनिया की सबसे लोकप्रिय और सबसे अमीर टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) जीती. टीम के सह-मालिक की हैसियत से शाहरुख अपने बच्चों सुहाना और अबराम के साथ लगातार टीम की हौसलाअफजाई करते नजर आए.
● क्योंकि फोर्ब्स के अनुसार, वे दुनिया के सबसे अमीर अभिनेताओं में शुमार हैं. उनकी कुल संपत्ति 87 लाख डॉलर (7,310 करोड़ रुपए) है.
कौन हैं किंग?
शाहरुख की अगली फिल्म किंग है, जो एक ऐक्शन ड्रामा है. इसमें उनकी बेटी सुहाना भी हैं. इसके अलावा वे यशराज फिल्म्स की पठान का सीक्वल पठान 2 भी कर रहे हैं.
पहली फिल्म
शाहरुख को पहली फिल्म देखने के लिए थोड़ी मेहनत करनी पड़ी. उनकी मां ने शर्त रखी कि अगर वे हिंदी डिक्टेशन 10/10 लाएंगे तो उन्हें एक फिल्म देखने को मिलेगी. वे बताते हैं, "मैंने एक जवाब कॉपी कर ली...पर मुझे इनाम मिल गया." वह फिल्म थी यश चोपड़ा की जोशीला. बाद में शाहरुख ने चोपड़ा के साथ डर जैसी फिल्मों में काम किया.
--------------------------------------------------------------------
2. एस.एस. राजमौलि, 50 वर्ष, फिल्मकार

● क्योंकि बाहुबली और आरआरआर जैसी फिल्मों के साथ यह तेलुगु फिल्म निर्देशक सिनेमा में विजन और मनोरंजन के मामले में गोल्ड स्टैंडर्ड है. यही वजह है कि निर्माता/निर्देशक करण जौहर कहते हैं कि भारतीय सिनेमा में राजमौलि से बड़ा कोई फिल्म निर्माता नहीं.
● क्योंकि वे सबसे ज्यादा मांग वाले फिल्म निर्माताओं में से एक हैं जिनका बड़े परदे पर काम चार साल में एक बार नुमायां होता है. इतना ही नहीं, राजमौलि की किसी भी अगली पेशकश का धमाकेदार आगाज तय होता है. तेलुगु स्टार महेश बाबू के साथ उनकी अगली फिल्म इंडियाना जोन्स सीरीज जैसी ऐक्शन-एडवेंचर फिल्मों के प्रति उनके मोह से प्रेरित बताई जाती है.
● क्योंकि उन्होंने दिखाया है कि भविष्य में कामयाबी के लिए अखिल भारतीय सिनेमा जरूरी है. राजमौलि ने एक सिनेमाई शब्दावली खोज ली है. इसमें चकित करने वाली छवियों और भावनाओं को कुरेदने की कला की बदौलत हर जगह के दर्शकों से जुड़ना तय हो जाता है.
● क्योंकि उन्होंने सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया है कि कटप्पा और कोमाराम भीम जैसे यादगार सुपरहीरो और खलनायक की भूमिका गढ़ने के लिए भारतीय मिथकों और लोककथाओं, इसके इतिहास और संस्कृति का किस तरह से सहारा लिया जा सकता है. राजमौलि की फिल्मी दुनिया में पुनर्जन्म जैसे मान्यताओं को आसानी से घुमाकर रूपक देने के लिए तैयार किया जाता है—ईगा में प्रतिशोध लेने वाला उनका नायक एक मक्खी है.
श्वेत क्रांतिः राजमौलि अपनी तेलुगु फिल्मी दुनिया से बाहर निकलने को तैयार नहीं. लेकिन कहते हैं कि अगर उन्हें हिंदी में निर्देशन करना होता तो वे 'भारत के मिल्कमैन' वर्गीज कुरियन पर एक बायोपिक बनाते.
---------------------------------------------------------
3. दीपिका पादुकोण, 38 वर्ष, अभिनेत्री

● क्योंकि वे बड़े परदे पर धमाल करने वाली अभिनेत्री हैं. चाहे वह वाईआरएफ की जासूसी दुनिया पठान हो, हवाई ऐक्शन ड्रामा फाइटर हो या फिर मनहूस साइंस-फिक्शन गाथा कल्कि 2898 एडी, पादुकोण को बड़ी, बोल्ड और बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करने वाली फिल्में पसंद हैं. उनकी पिछली चार फिल्मों ने मिलकर वैश्विक स्तर पर 3,600 करोड़ रुपए की कमाई की है.
● क्योंकि वे एक ग्लोबल स्टार हैं. पादुकोण ऑस्कर (2023) और बाफ्टा (2024) में प्रस्तुति देने से लेकर कतर में फीफा विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण करने और सम्मानित होने तक, मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता पैदा करने के अपने काम के लिए विश्व आर्थिक मंच पर, दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों पर उन्होंने अपनी चमक बिखेरी है.
● क्योंकि वे खुद में एक ब्रांड हैं. लुई विटों जैसे 14 ब्रांडों की वे ब्रांड एंबेसडर हैं.
पुलिस और लुटेरेः पादुकोण बहुप्रतीक्षित सिंघम 3 में पुलिस अधिकारी शक्ति शेट्टी के रूप में रोहित शेट्टी की पुलिस की दुनिया में नजर आने वाली हैं.
----------------------------------------------------
4 आलिया भट्ट, 31 वर्ष, अभिनेत्री

● क्योंकि वे उन चंद अभिनेत्रियों में से एक हैं जिन पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए भरोसा किया जा सकता है (राजी, गंगूबाई काठियावाड़ी...)
● क्योंकि वे निर्माता के रूप में मजबूत महिला-केंद्रित विषयों वाले फिल्म प्रोजेक्टस को वित्तपोषित कर एक नई दिशा तय कर रही हैं. नेटफ्लिक्स पर आया उनका पहला प्रोडक्शन डार्लिंग्स अपने पति के भावनात्मक और शारीरिक शोषण से इनकार करने वाली पत्नी के बारे में था, जबकि नई रिलीज जिगरा में उन्हें दिलेरी वाले काम करते हुए देखा गया है.
● क्योंकि वे ब्रांडों की पसंदीदा हैं. क्रोल की सेलेब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के अनुसार, उनकी ब्रांड वैल्यू 10.11 लाख है (शीर्ष पांच में एकमात्र महिला). भट्ट के एंडोर्समेंट रोस्टर में 21 ब्रांड हैं, जिनमें गुच्ची और लोरियल पेरिस शामिल हैं.
हिसाब-किताब ः बच्चों के लिए उनका सस्टेनेबल ब्रांड एड-ए-मम्मा, अब रिलायंस रिटेल के साथ संयुक्त उद्यम में है. द एडवेंचर्स ऑफ एड-ए-मम्मा नामक पुस्तक शृंखला के साथ ही वे लेखक भी बन गई हैं.
-----------------------------------------------------
5. मोनिका शेरगिल, 50 वर्ष, वाइस प्रेसिडेंट, कंटेंट, नेटफ्लिक्स इंडिया

● क्योंकि वे 2024 को एक महत्वपूर्ण वर्ष मानते हुए भारतीय कंटेंट को दुनिया के नक्शे पर ला रही हैं—अब तक हर हफ्ते ग्लोबल टॉप 10 (गैर-अंग्रेजी) सूची में एक भारतीय टाइटल शामिल रहा है. हीरामंडी: द डायमंड बाजार और द ग्रेट इंडियन कपिल शो: सीजन 1 ने ग्लोबल टॉप 10 (गैर-अंग्रेजी) सूची में कई हफ्तों तक बने रहकर इतिहास रच दिया. वीर दास का स्टैंड-अप स्पेशल लैंडिंग अंतरराष्ट्रीय एमी जीत के साथ सोने पर सुहागे जैसा था.
● क्योंकि भारत अब ग्लोबल व्यू आवर्स के मामले में नेटफ्लिक्स का दसवां सबसे बड़ा योगदानकर्ता है; 2024 की दूसरी तिमाही की आय—भुगतान किए गए शुद्ध विज्ञापनों में दूसरे और राजस्व वृद्धि में तीसरे स्थान पर—नेटफ्लिक्स की वैश्विक योजनाओं में भारत की भूमिका की ओर इशारा करती है.
● क्योंकि नेटफ्लिक्स ने शैलियों और भाषाओं में अपनी विविधता को बढ़ाया है. अमर सिंह चमकीला और खो गए हम कहां जैसी फिल्मों से लेकर कोहरा और द रेलवे मेन जैसी प्रशंसित सीरीज तक, इसने अपने कंटेंट से भारत में धूम मचा दी है. शेरगिल ने एक पत्रकार के रूप में शुरुआत की, इसलिए वे हमेशा नेटफ्लिक्स के लिए करी ऐंड साइनाइड जैसी डॉक्यूमेंट्री कमीशन करने के पक्ष में रही हैं.
-------------------------------------------------------------------------
6. गौरव गांधी, 48 वर्ष, वाइस-प्रेसिडेंट, प्राइम वीडियो (एशिया-पैसिफिक और मिडिल ईस्ट-नॉर्थ अफ्रीका)

● क्योंकि सब्सक्रिप्शन और विकसित किए गए मूल कंटेंट के मामले में भारत, अमेरिका के बाहर अमेजन प्राइम वीडियो के लिए नंबर 1 बाजार रहा है. कंटेंट लोकलाइजेशन के माध्यम से 10 भाषाओं में प्रोग्रामिंग देखी गई है. इसमें मूल, डायरेक्ट-टू-सर्विस फिल्में और पोस्ट-थिएट्रिकल लाइसेंस वाली फिल्मों में 1,000 से ज्यादा टाइटल्स हैं.
● क्योंकि उन्होंने मोबाइल-ओनली वार्षिक वीडियो योजना के साथ स्ट्रीमिंग में भारत को एक इनोवेशन हब बना दिया है. एक नया टियर प्राइम लाइट मनोरंजन और खरीदारी दोनों की एक साथ पेशकश करता है.
● क्योंकि प्राइम वीडियो शो ने पंचायत और मिर्जापुर के नए सीजन से लेकर फॉलो कर लो यार और कॉल मी बे जैसे मौलिक शो के साथ पॉप कल्चर के बीच चर्चाओं में अपना दबदबा बनाया है.
रॉक ऑनः गांधी कहते हैं, ''अगर मनोरंजन नहीं होता तो मैं संगीत में कुछ कर रहा होता.’’ पसंदीदा कलाकार: यू2, कोल्डप्ले और डायर स्ट्रेट्स."
अहम आंकड़ाः प्राइम वीडियो इंडिया के 25 फीसद दर्शक देश के बाहर से हैं.
----------------------------------------------------------------
7. भूषण कुमार, 46 वर्ष, चेयरमैन और एमडी, सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड

● क्योंकि उनके नेतृत्व में टी-सीरीज ने भारतीय मनोरंजन उद्योग में अपना दबदबा स्थापित किया है, जिसमें एनिमल जैसी जोरदार हिट फिल्म शामिल हैं. इस फिल्म ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपए कमाए; दृश्यम, भूल भुलैया और बॉर्डर जैसी लोकप्रिय फ्रैंचाइजी विकसित की. इसके अलावा काला और लुटेरे (दोनों हॉटस्टार पर) जैसे ओटीटी शो के साथ डिजिटल कंटेंट में कदम रखा.
● क्योंकि टी-सीरीज को डिजिटल संगीत के क्षेत्र में बेजोड़ पहुंच और प्रभाव हासिल है. इसका यूट्यूब चैनल 27.2 करोड़ सब्सक्राइबर के साथ वैश्विक स्तर पर अपना नंबर 1 स्थान बनाए हुए है और बढ़ रहा है. एक अन्य यूट्यूब चैनल टी-सीरीज भक्ति सागर के 7.01 करोड़ सब्सक्राइबर हैं.
● क्योंकि टी-सीरीज भारत के सबसे शक्तिशाली स्टूडियो में से एक है, जिसकी मौजूदगी सिर्फ हिंदी सिनेमा और संगीत तक ही सीमित नहीं, बल्कि मराठी, तेलुगु और पंजाबी में आ रहे प्रोजेक्ट्सर के साथ कई भाषाओं में है.
प्यारे पापा के लिएः हर रोज काम शुरू करने से पहले भूषण अपने दफ्तर में एक मंदिर में स्थापित दिवंगत पिता गुलशन कुमार की प्रतिमा को श्रद्धांजलि देते हैं.
-----------------------------------------------
8. कलानिधि मारन, 60 वर्ष, सीएमडी, सन ग्रुप

● क्योंकि मीडिया समूह सन ग्रुप के संस्थापक-मालिक अपने कई टीवी चैनलों, समाचार पत्रों, रेडियो स्टेशनों, डीटीएच सेवाओं, मूवी प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स और दो क्रिकेट टीमों—आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और सनराइजर्स ईस्टर्न केप (दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग)—के साथ पूरे भारत में बहुत मजबूत उपस्थिति रखते हैं.
● क्योंकि सन नेटवर्क सात प्रमुख भारतीय भाषाओं में 37 टीवी चैनल संचालित करता है. डीडी डायरेक्ट पर नवीनतम लॉन्च सन नियो के साथ हिंदी पट्टी में 5.5 करोड़ घरों तक इसकी पहुंच हो गई है. इन चैनलों को विभिन्न महाद्वीपों के 27 देशों में प्रवासी लोग देखते हैं.
● क्योंकि उनकी सन पिक्चर्स ने 2023 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों में से एक रजनीकांत अभिनीत तमिल फिल्म जेलर को फाइनेंस किया. 2024 में धनुष अभिनीत रायन के रूप में उनकी एक और बड़ी हिट फिल्म आई.
बात पते कीः फोर्ब्स के अनुसार, मारन की कुल संपत्ति 3.7 अरब डॉलर (31,120 करोड़ रुपए) है. वे मानते हैं: ''आप व्यवसाय में हारते कभी नहीं, या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं."
------------------------------------------------------
9. दिलजीत दोसांझ, 40 वर्ष, अभिनेता-गायक

● क्योंकि वे भारत के सबसे सफल पॉप संस्कृति निर्यातकों में से एक हैं, चाहे वह अमेरिका में कोचेला उत्सव में परफॉर्म करने वाले पहले भारतीय कलाकार हों या लंदन में ओ2 जैसे विशाल एरेना में अपने 'दिल-लुमिनाती’ दौरे के लिए उनके सोल्ड आउट शो हों.
● क्योंकि वे स्क्रीन पर भी स्टार हैं. इम्तियाज अली की बायोपिक अमर सिंह चमकीला (नेटफ्लिक्स पर 83 लाख व्यू) में उन्होंने कमाल कर दिया, जबकि जट्ट ऐंड जूलियट 3 अब सबसे अधिक कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म है. इसने 100 करोड़ रुपए कमाई का आंकड़ा पार कर लिया.
● क्योंकि वे सोशल मीडिया पर खासे लोकप्रिय हैं. इंस्टाग्राम पर अपने 2.2 करोड़ फॉलोअर्स को तरह-तरह की रीलों के जरिए वे रिझाते हैं.
कोई सरहद नहींः हिट वॉर ड्रामा बॉर्डर की दूसरी किस्त में एक और पंजाबी दिग्गज सनी देओल के साथ शामिल हुए, और नो एंट्री 2 में वे दर्शकों को गुदगुदाने आ रहे हैं.
--------------------------------------------------
10. ज्योति देशपांडे, 53 वर्ष, प्रेसिडेंट, मीडिया ऐंड कंटेंट बिजनेस, रिलायंस इंडिया लि.

● क्योंकि जियो स्टूडियोज ने 2024 में स्त्री 2 की बदौलत 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की, जो अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है. सुपरनेचुरल हॉरर शैतान और राजनैतिक थ्रिलर आर्टिकल 370 के पीछे भी उन्ही का दिमाग था.
● क्योंकि उन्होंने कई भारतीय भाषाओं में 150 से ज्यादा फिल्में और वेब सीरीज बनाकर मनोरंजन उद्योग के 'जियोफिकेशन’ का नेतृत्व किया है.
● क्योंकि वे किरण राव की सोशल कॉमेडी लापता लेडीज जैसी इंडी फिल्मों को भी पंख दे रही हैं, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद भी सिनेमाघरों में 100 दिनों तक चली.
● क्योंकि 2024 में जियो स्टूडियोज और भी बड़ा होने जा रहा है. अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर अभिनीत सिंघम अगेन दीवाली के आसपास सिनेमाघरों में आ रही हैं.
बड़ी भूमिकाः नेटवर्क18, बालाजी टेलीफिल्म्स और जियो सावन की बोर्ड मेंबर और प्रतिष्ठित बाफ्टा के साथ ही आईईएमएमवाई की सदस्य हैं.

