scorecardresearch

क्या बीएसएनएल को फिर से खड़ा कर सकेंगे दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया?

बीएसएनएल ने 2023-24 में कथित तौर पर 1.8 करोड़ उपभोक्ता गंवा दिए और मार्च तक उसके पास केवल 8.81 करोड़ उपभोक्ता रह गए

ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया
ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया
अपडेटेड 27 जून , 2024

पिछले एक दशक में भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में कई बड़े बदलाव दिखे. कई खिलाड़ियों के मैदान में होने से प्रतिस्पर्धी बने इस क्षेत्र अब दो कंपनियों रिलायंस जियो और भारती एयरटेल का सिक्का चलता है. पिछले दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 5जी के विस्तार पर खास ध्यान दिया, जिसका उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को बेहतरीन अनुभव मुहैया कराना है.

और, दूरसंचार अधिनियम पारित करने की दिशा में भी ठोस पहल की. मोदी 3.0 में यह जिम्मेदारी पाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया को इन्हें आगे बढ़ाना होगा. उन्हें पिछली सरकार के अलावा यूपीए शासनकाल में भी हाई-प्रोफाइल मंत्रालयों को संभालने का खासा अनुभव है. 25 जून को होने वाली स्पेक्ट्रम नीलामी उनकी प्राथमिकताओं में शुमार है.

क्या किया जाना चाहिए 

बीएसएनएल को पुनर्जीवित करना - सरकारी कंपनी बीएसएनएल ने वित्त वर्ष 2024 में कथित तौर पर 1.8 करोड़ उपभोक्ता गंवा दिए और मार्च तक उसके पास केवल 8.81 करोड़ उपभोक्ता रह गए. वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में कंपनी का समेकित घाटा 1,569 करोड़ रुपए रहा. केंद्र सरकार पुनरुद्धार पैकेज के माध्यम से बीएसएनएल में पहले ही 3.2 लाख करोड़ रुपए लगा चुकी है.

पूर्वोत्तर एक प्राथमिकता - उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की संभावना है क्योंकि सिंधिया पूर्वोत्तर क्षेत्र के मंत्री भी हैं.

भारतनेट का पुनरुद्धार - दुनिया की सबसे बड़ी दूरसंचार परियोजनाओं में एक भारतनेट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाना है लेकिन इसे शुरुआत के बाद से ही चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.

टेलीकॉम ऐक्ट - दूरसंचार कानून 2023 नियामक प्रोटोकॉल में बुनियादी परिवर्तन लाएगा, जिसमें यूजर सत्यापन की सक्चत शर्तें भी शामिल हैं. इसमें सरकार को इंटरनेट बंद करने की बेहिसाब शक्ति और एनक्रिप्शन या संदेशों को जोखिम में डालने की ताकत देने की आलोचना की जा रही है.

किनके सर है जिम्मेदारी?

ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, 53 वर्षः भाजपा
केंद्रीय संचार मंत्री

मजबूत पकड़ - मध्य प्रदेश के गुना में अपने पारिवारिक गढ़ से भारी जीत हासिल करने वाले सिंधिया ने 2020 में कांग्रेस छोड़ने के बाद भाजपा के भीतर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा ली है. दिवंगत कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री रहे माधवराव सिंधिया के बेटे ज्योतिरादित्य पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (डीओएनईआर) की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

राज्यमंत्री
चंद्र शेखर पेम्मासानी, 48 वर्षः टीडीपी
 

अमीर असामी - पेशे से डॉक्टर पेम्मासनी ने अपनी कुल संपत्ति  5,705 करोड़ रुपये बताई है (इस चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार). पहली बार सांसद बने पेम्मासनी आंध्र प्रदेश के गुंटूर का प्रतिनिधित्व करते हैं.

Advertisement
Advertisement