scorecardresearch

थिएटर-गांधी बनाम शेक्सपियर

शेक्सपियर की 403वीं बरसी के मौके पर उनके बदकिस्मत किरदार (किंग लियर) को भारतीय संदर्भों में फिर से किसी ने क्लासिक टच दिया तो खटाना ने

मोहन और महात्माः सुरेश शर्मा निर्देशित पहला सत्याग्रही का एक दृश्य
मोहन और महात्माः सुरेश शर्मा निर्देशित पहला सत्याग्रही का एक दृश्य

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में इन दिनों कई सतहों पर खासी हलचल है. दो महीने पहले संपन्न भारत रंग महोत्सव के बाद पिछले दिनों विद्यालय ने लंबे अरसे बाद अपने दो श्रेणियों के अवार्ड फिर से बांटे, थोक में. 50 से ज्यादा उम्र के नौ स्नातकों को ब.व. कारंत स्मृति सम्मान और 50 से कम उम्र के अपने 10 रंगकर्मियों को मनोहर सिंह स्मृति सम्मान. 1-1 लाख रु. के इन अवार्ड्स ने उल्लास पैदा किया, साथ में 'इन्हें ही क्यों? उन्हें क्यों नहीं, क्राइटेरिया क्या था' जैसा बखेड़ा भी मचा. वैसे इस लंबी सूची में खुशकिस्मत महिला रंगकर्मी दो ही थीः नीलम मानसिंह चौधरी और इप्शिता चक्रवर्ती.

दूसरी हलचल फाइलों की है. सितंबर के आखिर में वामन केंद्रे के जाने के बाद से सुरेश शर्मा प्रभारी निदेशक हैं. निदेशक के लिए चयन समिति के सुझाए चार नामों की सूची केंद्र सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण महकमे के पास है. उसके कुछ पूरक सवालों के जवाब विद्यालय से वाया संस्कृति मंत्रालय, हाल ही भेजे गए हैं. विद्यालय को करीब 70 आइआइटी, आइआइएम सरीखे देश के राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में शुमार करने के लिए 3-4 साल से चल रही कवायद के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय के कुछ और सवालों के जवाब भी अभी-अभी दिए गए हैं. 180 करोड़ रु. की लागत से विद्यालय की आठतल्ला बिल्डिंग के निर्माण के वास्ते पिछले ही पखवाड़े केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने एनडीएमसी को मंजूरी दी है. अब दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन सीन में उतरेगा.

लेकिन असल हलचल स्टेज पर रही. अप्रैल के एक पखवाड़े में चार नाटक. दो तो गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती के मौके परः पहला सत्याग्रही (एनएसडी रंगमंडल; निर्देशकः सुरेश शर्मा; लेखकः रवींद्र त्रिपाठी) और बाबला और बापू साबरमती आश्रम (एनएसडी संस्कार रंग टोली; निर्देशकः एम.के. रैना); दो शेक्सपियर की ट्रैजिडीजः किंग लियर (निः अब्दुल लतीफ खटाना) और रोमियो ऐंड जूलियट (निरू दानिश इकबाल); दोनों ही द्वितीय वर्ष के छात्रों के साथ...सत्याग्रही दक्षिण अफ्रीका से चलकर चंपारण, चौरीचौरा, जलियांवाला बाग और नोआखाली के रास्ते सत्य के आग्रह के जरिए कई तरह की आजादी तलाशने के गांधी के सफर को रेखांकित करता है. महादेव भाई, प्यारे लाल और कुछ दूसरे सूत्रधारों के जरिए यह डॉक्युड्रामा की शक्ल लेता दिखता है.

हालांकि उत्तरार्ध के दृश्य थोड़ा गहरे उतरते हैं खासकर मोहन और महात्मा के कॉन्फ्लिक्ट का दृश्य. मौजूं गाने भी हंर और सादगी भी. पर एनएसडी और उसके रंगमंडल की प्रस्तुति होने से उपजी निगोड़ी उम्मीद का क्या करें! मुकाबले में नारायण देखाई के टेक्स्ट पर खड़ा बाबला और बापू डेढ़ घंटे दर्शक को कमोवेश बांधे रखता है, कभी टेक्स्ट और दृश्य रचना, कभी अभिनय और लाइट डिजाइन की युक्तियों से.

उधर रोमियो ऐंड जूलियट डूबते लाल रंग की अपनी दबंग रूमानियत से युवा दर्शकों को ग्रिप में लेता है. इसमें गहरा फौरीपन है. ऑनर किलिंग और भूमिगत ड्रग रैकेट का दिमाग को ठनकाने वाला संदर्भ भी. पर शेक्सपियर की 403वीं बरसी के मौके पर उनके बदकिस्मत किरदार (किंग लियर) को भारतीय संदर्भों में फिर से किसी ने क्लासिक टच दिया तो खटाना ने. कुदसिया अंदलीब आलम का शानदार रियलिस्टिक अनुवाद, अभिनेताओं की खूब अभ्यासित देह और जबान का लचीलापन, इंटीमेट स्टेज स्पेस में आयरन चेन कर्टेन और धूसर कालिमा. दृश्यों और संवादों के सीधे जुडऩे वाले ताजा संदर्भ.

धीरे-धीरे खुलती विडंबना देखते बनती थी. 2001 बैच के छात्रों के साथ काम करने आए ब्रिटेन के जॉन रसेल ब्राउन (दिवंगत) के मैक्बेथ की याद आ रही थी. पर ये 'ट्रैजिडी' हैं, स्टुडेंट्स प्रोडक्शन. इन्हें भूल जाएं. दोबारा देखने को पहला सत्याग्रही और बाबला और बापू ही होंगे.

***

Advertisement
Advertisement