राजस्थान में आई भारी बारिश में मारे गए 55 लोगों और अब भी कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति से बने दबाव में सकारात्मक कार्रवाई करने के बजाए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया चौंकाने वाली है. उनकी प्रतिक्रिया और बयानों से साफ है कि लोगों की पीड़ा के प्रति वे कितने संवेदनहीन हैं और उनकी सहमति के बगैर कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ही क्यों न हों, सदिच्छा से उनके राज्य के कामकाज में दखल देती हैं तो उन्हें कितना बुरा लगता है.
बीते 29 अगस्त को अशोक गहलोत ने यह कहते हुए कि वे हर किस्म का राहत कार्य अपने कमरे में बैठे-बैठे ही कर सकते हैं, बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने से साफ इनकार कर दिया. वह तो जब सोनिया ने जयपुर की एक बाढ़ प्रभावित कॉलोनी मदरामपुरा का दौरा करने का मन बनाया तो गहलोत अपनी आरामगाह छोडऩे को मजबूर हुए.
सोनिया को 30 अगस्त को बाड़मेर में एक अधूरी लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करने जाना था, लेकिन जयपुर देहात से कांग्रेस सांसद लालचंद कटारिया ने उन्हें दिल्ली वापसी के दौरान एक बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने को राजी कर लिया. यह बात गहलोत को बुरी लगी.
इस इलाके में 29 अगस्त को अपने इकलौते दौरे पर उन्होंने अपनी इस नाखुशी को जाहिर भी किया. इस मौके पर उन्होंने जो कहा, उसे किसी भी मुख्यमंत्री द्वारा आज तक दिए गए सबसे ज्यादा संवेदनहीन बयान के रूप में दर्ज किया जा सकता है:
‘’मैं एक तैयारी के लिए आया हूं. जैसे मैं परसों बाड़मेर गया हूं क्योंकि मैडम को कल आना है. जब भी मैडम का प्रोग्राम बनता है, तो हम लोग पहले एडवांस में जाते हैं और जाकर हालात को देखते हैं कि कहां पर क्या व्यवस्था होगी. सो हम व्यवस्था देखने के लिए आए हैं.’’
उनके इस बयान ने राज्य के तमाम बाढ़ पीड़ितों को चौंका दिया. उसके बाद उन्होंने बारिश से प्रभावित इस कॉलोनी का पहली बार दौरा किया. मगर ऐसा करके गहलोत ने यही साबित किया कि वे जनता के घावों पर सियासत कर सकते हैं और अपने नेताओं को भी परे रख सकते हैं. इस पर राज्य बीजेपी के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा, ‘’गहलोत के लिए सोनिया गांधी ही सबकुछ हैं. लोगों की पीड़ा का उनके लिए कोई अर्थ नहीं.’’
जब सोनिया गांधी उनकी कार से मदरामपुरा से लौट रही थीं तो रास्ते में उन्हें दो बार रोकने की कोशिश की गई. एक बार कुछ लोगों के समूह ने और दूसरी बार कुछ औरतों ने उन्हें रोका. उन्होंने कार रुकवा कर उनकी बात सुनी. लोगों ने बताया कि कैसे उन्हें दिखाने के लिए सब कुछ किया गया, जबकि कोई राहत कार्य नहीं हुआ है.
सोनिया ज्यादा-से-ज्यादा यही कर सकती थीं कि पास के इलाके गिरधारीपुरा का दौरा कर लेतीं, जहां लोगों को कोई राहत मुहैया नहीं कराई गई थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. आखिरकार, मैडम गहलोत को कई बार बचा ले जाने के लिए जानी जाती हैं. इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि बाढ़ प्रभावितों की कीमत पर गहलोत बाकी कॉलोनियों की उपेक्षा कर उन्हें एक ही कॉलोनी दिखाने ले आए.
राजधानी जयपुर के साथ-साथ भरतपुर संभाग क्षेत्र में एक माह से लगातार हो रही बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं प्रशासन के आपदा प्रबंधन के दावों की भी पोल खुल गई है. करौली जिले में स्थित पांचना बांध कई वर्षों के बाद उफान पर आया. प्रशासन ने खतरे को देखते “ए पांचना के 7 गेटों में से 4 गेट खोल दिए. वहीं कई बांधों में चादर चल रही है. नादौती का कैमला गांव चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है. लोग 10 दिनों से घरों में कैद हैं.
वर्षा के कहर से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे टोडाभीम विधायक रमेश मीणा सहित अन्य विधायकों को ग्रामीणों ने गांव में घुसने नहीं दिया. वहीं चंबल नदी ने करौली-धौलपुर जिलों के समीपवर्ती गांवों में तबाही मचा दी है. इन क्षेत्रों के लोगों को सुरक्ष की दृष्टि से गांवों से पलायन करना पड़ा, वहीं भरतपुर जिला पूरी तरह से पानी से घिरा हुआ है क्योंकि करौली, सवाईमाधोपुर व अन्य क्षेत्रों का पानी सीधा भरतपुर जाकर रुकता है. प्रशासन द्वारा की गई कोशिशें बरसात के सामने फेल होती दिखाई दे रही हैं. सवाईमाधोपुर जिले की बात करें तो चंबल व बनास नदी उफान पर चल रही हैं.
गहलोत के दूसरे बयान भी दिखाते हैं कि बड़े अधिकारियों का दखल उन्हें कितना नागवार गुजरता है. राष्ट्रीय टीवी चैनलों पर बारिश से हुई तबाही की खबर सुनकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें तुरंत कॉल किया तो गहलोत ने कथित तौर पर इस कॉल से नाखुशी जताते हुए कह डाला कि मीडिया नुकसान को बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहा है और उनकी छवि को खराब कर रहा है.
इसके बाद 23 अगस्त को राज्यपाल मार्गरेट अल्वा को जब भनक लगी कि गहलोत प्रभावित इलाकों का दौरा करने नहीं जा रहे तो वे बहुत हताश हुईं और खुद कुछ जगहों के लिए निकल पड़ीं. उसके बाद से ही गहलोत कहे जा रहे हैं कि जब राज्यपाल ने दौरा कर लिया तो उन्हें जाने की क्या जरूरत.
मगर इस भयावह स्थिति से बेखबर मुख्यमंत्री गहलोत के पास बाढ़ प्रभावित इलाकों में न जाने को लेकर एक और तर्क है. वे कहते हैं कि जब लंदन में बैठी विपक्ष की नेता वसुंधरा राजे बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा करने नहीं आईं तो वे भला क्यों जाएं. जाहिर है, जिस तरह से बीजेपी ने नुकसान का आकलन करने, राहत बांटने और पीड़ितों की परवाह करने के लिए सरकार से गुहार लगाने में तत्परता दिखाई है, उसने गहलोत को परेशान कर दिया है.
बारिश से जो भी नुकसान हुआ है, उसके लिए गहलोत, शहरी विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल और विभाग के प्रधान सचिव जीएस संधू को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए. अधिकांश नुकसान अनधिकृत कॉलोनियों में हुआ है जिन्हें निचले इलाकों में नालों के करीब या जल स्रोतों के रास्ते में बसने दिया गया. लेकिन धारीवाल और संधू ने अब तक हालात को सुधारने के लिए सक्रियता नहीं दिखाई.
गहलोत जानते थे कि प्रभावित इलाकों में उनके दौरे पर लोग भड़क जाएंगे और उनके कुशासन का पर्दाफाश कर देंगे. इससे पहले पिछले साल सितंबर में गोपालगढ़ में मुस्लिमों पर हुई पुलिस गोलीबारी के बाद पीड़ितों से मिलने जाने में उन्हें दस दिन से ज्यादा लग गए थे. राहुल गांधी मजबूर होकर गहलोत को बिना बताए गोपालगढ़ हो आए थे. उस वक्त भी वे राहुल के दौरे से बुरा मान गए थे, जैसे कि इस बार सोनिया, मनमोहन और मार्गरेट अल्वा के हस्तक्षेप पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी है. आखिर सोनिया गांधी कब तक उन्हें बचाती रहेंगी?
-काश चंद शर्मा, करौली-भरतपुर से

