scorecardresearch

''यूपी में सपा के साथ जारी रहेगा कांग्रेस का गठबंधन''

यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने 24 सितंबर को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर एसोसिएट एडिटर आशीष मिश्र से बातचीत में अपनी राय साझा की. पेश है संपादित अंश

यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय
यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय
अपडेटेड 15 अक्टूबर , 2024

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के तौर पर आप 13 महीनों के कार्यकाल को कैसे देखते हैं?

बहुत चुनौतीपूर्ण था. इन 13 महीनों के दौरान मैं 13 दिन वाराणसी में अपने घर पर नहीं रहा. इस दौरान हर छोटी-बड़ी घटनाएं, जहां जनता को सताया गया, हर जगह या मैं या कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है. जनता के साथ खड़े होने की हर संभव कोशिश की है. 23 सितंबर को मैं कानपुर देहात में गन्ना फैक्ट्री में आग लगने से मरने वाले दलितों के परिवारों से मिला. वहां लोगों ने बताया कि मंत्री जी ने पीड़ितों को सरकारी पैसा नहीं बल्कि फैक्ट्री मालिक का चेक बांटा. घायलों के इलाज का भी कोई प्रबंध नहीं था. मोदी और योगी अपनी नाकामी को ढंकने की ही कोशिश में लगे हैं.

इन नाकामियों को उजागर करने में कांग्रेस क्या प्रयास कर रही है?

कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रही है. फर्जी एनकाउंटर, गंगा में गंदे नाले गिरना, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों पर हम आंदोलन कर रहे हैं.

कांग्रेस के आंदोलन को जनता का कितना समर्थन मिल रहा है?

लोकसभा चुनाव के नतीजे बताते हैं कि जनता का कांग्रेस पर विश्वास बढ़ रहा है. हम छह सीटें जीते. वाराणसी सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमने शुरुआत के छह राउंड पीछे रखा. हर जगह कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है.

यूपी में गठबंधन को लेकर कांग्रेस हमेशा दुविधा में रहती है?

अब कोई दुविधा नहीं है. कांग्रेस का सपा से गठबंधन है. विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे. हमने 10 विधानसभा सीटों में से पांच पर उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है. ये वे सीटें हैं जहां भाजपा गठबंधन जीता था. गठबंधन को लेकर कांग्रेस की तरफ से दिक्कत नहीं होगी. 

हरियाणा चुनाव में सपा से कांग्रेस का गठबंधन नहीं हो पाया?

हरियाणा में केवल दो ही पार्टियां हैं, कांग्रेस और भाजपा. बाकी इनोलो तो छोटी पार्टी है. गठबंधन को लेकर सपा कांग्रेस में कोई नाराजगी नहीं है. अखिलेश यादव जी कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करने हरियाणा जाएंगे. (नोट - ये हरियाणा चुनाव से पहले का इंटरव्यू है)

क्या यूपी में कांग्रेस का सपा से केवल चुनावी गठबंधन है?

ऐसा नहीं है. जरूरत पड़ने पर दोनों दल के नेता एक दूसरे के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं. वाराणसी में गंगा किनारे भवन के गिरने पर पहुंचे जांच दल में कांग्रेस नेताओं के साथ सपा नेता भी थे. योगी-मोदी को खदेड़े बगैर हम चैन से नहीं बैठेंगे.

कांग्रेस जिस वोट बैंक को खींचने का प्रयास कर रही है वह तो सपा का है?

कांग्रेस का वोट बैंक बढ़ रहा है. बसपा लगातार कांग्रेस पर हमलावर है. यह इसलिए है कि दलित वोट बैंक बसपा सुप्रीमो मायावती को छोड़कर कांग्रेस के साथ खड़ा हो गया है. 

कानपुर समेत कई जिलों में कांग्रेस संगठन में अंदरूनी खींचतान चल रही है?

मतभेद रहते ही हैं लेकिन मनभेद नहीं है. सभी लोग कांग्रेस को आगे बढ़ाना चाहते हैं. मैं खुद कांग्रेस के पुराने नेताओं के घर गया. उनको सम्मान दिया. मैंने यह भी प्रयास किया कि दुख के क्षणों में मैं उनके साथ खड़ा रहूं. 

कई जिलों में कांग्रेस का अपना दफ्तर तक नहीं है? पार्टी भी आर्थिक समस्याओं से जूझ रही है?

सारे बड़े कॉर्पोरेट घराने तो भाजपा के पास जा रहे हैं. हम कार्यकर्ताओं के सहयोग और सीमित संसाधन से काम कर रहे हैं लेकिन निश्चित तौर पर कोई कमी नहीं आने दे रहे हैं.

यूपी कांग्रेस की कार्यसमिति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम है?

इसे हम दूर करने जा रहे हैं. उपचुनाव के बाद बनने वाली प्रदेश कार्यसमिति में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.

Advertisement
Advertisement