scorecardresearch

"म्यूजिक और ऐक्टिंग में किसी एक को नहीं चुन सकती"

अभिनेत्री-गायिका श्रुति हासन ने अपने पिता कमल हासन के साथ काम करने और दूसरे कई अनुभवों के बारे में इंडिया टुडे से क्या बताया

श्रुति हासन, अभिनेत्री-गायिका
श्रुति हासन, अभिनेत्री-गायिका
अपडेटेड 24 जून , 2024

• इंडियन 2 के ऑडियो लॉन्च के मौके पर पिता को ट्रिब्यूट देने का अनुभव कैसा रहा?

यह मेरे लिए खुशकिस्मती की बात थी कि इंडियन 2 के प्रोड्यूसर्स ने डैड के अभी तक के सारे यादगार गानों पर परफॉर्म करके उन्हें ट्रिब्यूट देने की इच्छा जताई. बैंड के साथ हम चाहते थे कि अब तक की उनकी क्लासिक फिल्मों का रॉक ऐंड रोल मेडले तैयार किया जाए. इस तरह से डैड के करियर की स्पिरिट को हम पकड़ सकेंगे. मैं कहती आई हूं कि वे खांटी रॉकस्टार हैं और हम वही दिखाना चाहते थे.

• अपने ताजातरीन सिंगल इनीमेल के बारे में थोड़ा और बताइए. पिता का लिखा होने की वजह से यह बेशक आपको स्पेशल फील हुआ होगा...

इस गाने और वीडियो पर कमाल का फीडबैक मिला है. यह लव सांग है जो यथार्थ की जमीन पर खड़े होते हुए भी उम्मीद देता है. डैड ने वीडियो प्रोड्यूस किया है, इसका खास एहसास तो था ही. म्यूजिकली मैंने उनके साथ उन्नैपोल ओरुवन के बाद कोलैबोरेट किया है जिसमें अप्पा (कमल हासन) बतौर गीतकार शामिल हैं.

• आपकी अगली फिल्म डकैत का भला क्या मजमून है?

देखिए, उस फिल्म में अपने रोल के बारे में आपको खुलासा कर नहीं पाऊंगी क्योंकि यह बहुत जल्दबाजी होगी. पर इतना तो कहना ही होगा कि स्क्रिप्ट सुनते ही लग गया था, यह रोल करना ही है. कमाल की टीम है. अदिवि शेष और हमारे डायरेक्टर शनील देव सरीखे डायनेमिक लोगों के साथ काम के अनुभव का आनंद तो पूछिए ही मत.

• आप म्यूजिक और ऐक्टिंग दोनों में आवाजाही करती रहती हैं. आपका दिल किसमें बसता है?

मैं किसी एक को नहीं चुन सकती. दोनों की अलग दुनिया और एहसास हैं. दोनों में आते-जाते रहने में मुझे मजा आता है. युवावस्था में शुरुआत मैंने म्यूजिक से ही की थी लेकिन पैरेंट्स की वजह से फिर सिनेमा और फिल्ममेकिंग की दुनिया में ही मेरी तरबियत हुई.

- गीतिका सचदेव

Advertisement
Advertisement