scorecardresearch

"ओटीटी की वजह से अब फिल्म प्रोड्यूसरों को प्रयोग करने की आजादी मिल गई है"

अभिनेत्री रवीना टंडन से हाल ही में आई उनकी फिल्म 'पटना शुक्ला', उनकी बेटी राशा और ओटीटी के दौर में बदलते सिनेमा पर बातचीत

रवीना टंडन
रवीना टंडन
अपडेटेड 19 अप्रैल , 2024

● आपको 'पटना शुक्ला' की किस बात ने आकर्षित किया?

मुझे रोल नंबर बदलने वाले घोटाले के बारे में नहीं पता था, जहां एक छात्र से उसकी मेहनत का फल छीन लिया जाता है. स्क्रिप्ट ने मुझे सचमुच प्रभावित किया क्योंकि मेरे दो बच्चे हैं जो अभी पढ़ रहे हैं. अपने पूरे करियर में मुझे मजबूत संदेश वाली फिल्में करना पसंद रहा है. अपनी फिल्मों से समाज में कुछ नैतिक जिम्मेदारी निभाना और योगदान करना महत्वपूर्ण है.

क्या आपको लगता है कि महिलाओं के लिए लिखी जाने वाली भूमिकाओं में इंडस्ट्री अब उनकी उम्र को लेकर सहज हो गई है?

बिल्कुल लगता है. मैं इसका श्रेय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को दे सकती हूं. दर्शकों को अचानक इतने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, विभिन्न संस्कृतियों और तरह-तरह की कहानियों के बारे में पता चला कि इससे उनका दायरा बढ़ गया. फिल्म निर्माताओं को अब प्रयोग करने की आजादी है, जिससे वे पहले डरते थे.

यह साल आपके लिए अच्छा है. आपकी बेटी राशा स्क्रीन पर डेब्यू कर रही हैं. उन्हें क्या सीख दी?

यह बहुत अच्छा है क्योंकि जनवरी में एक आभूषण ब्रांड के लिए मॉडल के रूप में राशा के पहले विज्ञापन के साथ मेरी फिल्म 'कर्मा कॉलिंग' के बिलबोर्ड लगे थे. मैंने अपने दोनों बच्चों - राशा और रणबीर - के साथ उनकी बुनियाद मजबूत बनाने की कोशिश की है. मैंने उनसे कहा है कि पहले इंसान के तौर पर कामयाब बनें और फिर पेशेवर कामयाबी हासिल करने की कोशिश करें. उन्हें अपनी गलतियों से सीखना होगा, क्योंकि जीवन सबसे बड़ा शिक्षक है.

आगामी 'वेलकम टू द जंगल' में आप उस तरह की मल्टी-स्टारर कॉमेडी करती दिखेंगी जो 1990 के दशक में आम बात थी...

मैं अपने सभी पुराने दोस्तों के साथ फिर से काम कर रही हूं और सेट एक पिकनिक जैसा लगता है. फरीदा जलाल जी और मैं बहुत लंबे समय के बाद काम कर रहे हैं. सेट पर हम फोन तक चेक नहीं करते, सभी के पास बात करने के लिए बहुत कुछ होता है.

Advertisement
Advertisement