scorecardresearch

"घूमने-फिरने के दौरान मैंने सीखा कि असली सबक किताबों में नहीं होते"

करीना कपूर-खान अनुभवी ट्रैवलर हैं. उनकी पसंदीदा लिस्ट जितनी अनूठी है उतनी ही आकर्षक भी

करीना कपूर-खान
करीना कपूर-खान
अपडेटेड 12 अक्टूबर , 2023

आपका पसंदीदा ट्रैवल डेस्टिनेशन कौन सा है? 
यह तय कर पाना मुश्किल है! स्विट्जरलैंड सैफ और मेरे, दोनों के लिए हमेशा से पसंदीदा रहा है. मैं दोस्तों और परिवार के साथ एंटरटेनमेंट के लिए समुद्र तट पसंद करती हूं. लंदन, न्यूयॉर्क और दुबई मेरे पसंदीदा शॉपिंग डेस्टिनेशन हैं. सो ऑल टाइम फेवरेट तो ट्रैवल के मकसद पर निर्भर करता है! (हंस पड़ती हैं) भारत में, मेरी पसंदीदा जगहें लद्दाख और राजस्थान हैं. मैं शूटिंग के लिए कई बार लद्दाख गई हूं और हर बार मुझे ताज्जुब होता है.  

आप हवाई अड्डों पर इतनी सहज कैसे दिखती हैं? 
मैं उड़ान से पहले और बाद आराम से सोती हूं. मुझे बचपन से ही जेट लैग की आदत हो गई थी. अब भी अगर ऐसा होता है, तो मैं छककर नींद पूरी करती हूं और खुद को हाइड्रेट रखती हूं, जिससे थकान कम करने में मदद ‌मिलती है. किसी डेस्टिनेश पर पहुंचते ही सबसे पहले जो मैं करती हूं वह है ग्रीन टी पीना! इससे मुझे सुकून मिलता है. 

सफर के दौरान एग्जॉटिक फूड लेने का कोई अनुभव बताएं? 
मैं एग्जॉटिक फूड्स के बजाय घर का खाना पसंद करती हूं. वैसे मैं खाने-पीने के शौकीन खानदान से ताल्लुक रखती हूं, लिहाजा मुझे इटैलियन और रेड वाइन बहुत पसंद हैं. मैं सोच-समझकर ही खाती हूं. किसी तरह का शक होने पर मैं शाकाहारी भोजन का विकल्प ही चुनती हूं. 

आपने अपने सफर के दौरान सबसे कीमती सबक क्या सीखा है? 
यह कि असली सबक किताबों में नहीं होते! हम इतनी सारी चीजें पढ़ते हैं पर शायद ही उन पर अमल करते हैं! अब मैं सोचती हूं कि मुझे कम से कम एक विदेशी भाषा सीखनी चाहिए थी. या फोटोग्राफी. या कोई ऐडवेंचर स्पोर्ट. 

आपकी पसंदीदा सूची में टॉप फाइव डेस्टिनेशन कौन से हैं? 
मैं चीन के साथ-साथ माचू-पिचू भी जाना चाहती हूं. हम अभी मसाई मारा गए थे. शायद रूस जाएं. और अंटार्कटिका क्यों नहीं—ऐडवेंचर के लिए! भारत में मैं पूर्वोत्तर, खासकर मेघालय और चाय बागानों की सैर करना चाहती हूं. 

- आरती कपूर सिंह

Advertisement
Advertisement