शिक्षा भविष्य का पासपोर्ट है और ई-लर्निंग आने वाले कल की लहर. भारत का ई-लर्निंग क्षेत्र अमेरिका के बाद दुनिया का ऐसा दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है और 2019 के वित्तीय वर्ष में इसके बढ़कर 101.1 अरब डॉलर पर पहुंच जाने की उम्मीद है. जॉब मार्केट और उद्योग की जरूरतें जैसे-जैसे विकसित होती जा रही हैं, वैसे-वैसे शिक्षा और टेक्नोलॉजी को डिजिटल हुनर सिखाने और आने वाले कल की नौकरियों के लिए ग्रेजुएट तैयार करने की खातिर मिलकर काम करना होगा. आइबीएम में भारत और दक्षिण एशिया की कॉर्पोरेट सोशल रेस्पॉन्सिबिलिटी हेड रूमी मलिक मित्रा बता रही हैं कि स्मार्ट शिक्षा क्यों भारत का भविष्य है.
ऑनलाइन लर्निंग क्यों लोकप्रिय होती जा रही है?
बाजार में बदलाव आ रहा है और यह टेक्नोलॉजी आधारित नौकरियों की तरफ जा रहा है. इन नौकरियों के लिए डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग में महारत होना जरूरी है. इसका जवाब तकनीकी और जिंदगी के हुनर (या ट्रांसफर किए जा सकने लायक हुनर) के जोड़ में है—कर्मचारियों को क्रिटिकल थिंकिंग के हुनर की जरूरत है. काम करने वालों की फौज को बाजार के इस बदलाव के हिसाब से ढलना होगा.
चूंकि सीखना लगातार चलने वाली प्रक्रिया है, इसलिए शिक्षा को लेकर ज्यादा प्रगतिशील नजरिए और प्रशिक्षित तथा हुनरमंद बनाने पर ध्यान देने से रास्ता आसान होगा. टेक्नोलॉजी और शिक्षा को एक साथ लाने वाला मुख्य कारक यह है कि सीखने वालों की उम्मीदें बदल गई हैं. वे अब निष्क्रिय ढंग से सीखने वाले नहीं रह गए हैं बल्कि आत्मबल और प्रेरणा से भरे हैं और बांधने वाली, प्रामाणिक और तजुर्बा देने वाली प्रक्रिया चाहते हैं.
ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म के मुख्य फायदे क्या हैं?
कई सारे लर्निंग प्लेटफॉर्म मौजूद हैं और छात्र तथा युवा पेशेवर कस्टमाइज कंटेंट यानी उनके हिसाब से तैयार सामग्री की ऑनलाइन तलाश करने से झिझकते नहीं. पारंपरिक लर्निंग प्लेटफॉर्म बाजार की जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहे थे और शिक्षकों को प्रशिक्षित करना भी बेहद जरूरी हो गया था. ई-लर्निंग में जोर केवल पाठ्यपुस्तकों से सीखने पर नहीं बल्कि इसके बजाए असल जिंदगी के तौर-तरीकों से सीखने पर है, जिससे यह छात्रों को अपने हुनर में निखार लाने और उन्हें ऊंचा उठाने के मौके देती है. मसलन आइबीएम ने अटल इनोवेशन मिशन (एआइएम) के तहत अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए शैक्षणिक संस्थाओं और स्कूलों के साथ साझेदारी कायम की है जिसमें हम शिक्षकों और छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं और उन्हें नवाचार में मदद करते हैं.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से आज छात्रों के लिए उनकी दिलचस्पियों और जरूरतों के हिसाब से निजी तरीके का कंटेंट तैयार किया जा सकता है. एआइ पर आधारित शिक्षण प्रगति पर नजर रख सकता है, इसे अलग-अलग छात्रों के हिसाब से ढाला जा सकता है और यह शिक्षक को पैनी नजर देता है. इंडस्ट्री को ऐसे लोगों की दरकार है जो डिजिटल दक्षता से लैस हों, समस्याएं हल कर सकते हों, लीक से हटकर सोच सकते हों और डिजाइन को लेकर सोचने में सक्षम हों.
आप सीखने वालों के दिमाग से टेक्नोलॉजी का डर कैसे दूर करती हैं?
छात्र ऑनलाइन लर्निंग मॉड्यूल के साथ जुड़ पाएं, इसे पक्का करने के लिए हमें चीजों को उनके रहस्यों से आजाद करना और उन्हें ज्यादा आसान बनाना होता है. इसे वाकई जल्दी शुरू करने की जरूरत होती है, स्कूल स्तर पर, ताकि कम उम्र में ही बच्चे ई-लर्निंग के माध्यमों से अच्छी तरह वाकिफ हो सकें. उन्हें टेक्नोलॉजी से दूर भागने के बजाए उसके साथ जुडऩा चाहिए और इसके फायदों को समझना चाहिए. अगर छात्रों को यह सिखाया जा सके कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस तरह किसान के रोजमर्रा के कामों में उसकी मदद कर सकती है, तो वे ऑनलाइन सीखने के लिए कहीं ज्यादा तैयार होंगे. ठ्ठ
''छात्र अब निष्क्रिय ढंग से सीखने वाले नहीं रह गए हैं बल्कि आत्मबल और प्रेरणा से भरे हैं और बांधने वाली, प्रामाणिक और तजुर्बाकारी प्रक्रिया चाहते हैं.''
***

