scorecardresearch

40 चीनी जवान कैसे कर लेंगे कब्जा: आरपीएन सिंह

हमारी जमीन पर हमें कोई नहीं धमका सकता. हम राजनयिक तरीके से आगे बढ़ेंगे और सफल होंगे.गृह राज्यमंत्री आर.पी.एन. सिंह ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं, बातचीत के प्रमुख अंश.

आर.पी.एन. सिंह
आर.पी.एन. सिंह
अपडेटेड 11 मई , 2013

गृह राज्यमंत्री आर.पी.एन. सिंह ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं, बातचीत के प्रमुख अंश.

चीन की सेना भारतीय सरजमीं पर आकर बैठी है और सरकार कुछ नहीं कर पा रही. क्यों हम चीन के सामने घुटने टेके बैठे हैं?
तमाम चौनलों पर रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी और विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने भी बयान दिए हैं. हम राजनयिक ढंग से काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि यह एक फुंसी है, जिस पर एंटीबायोटिक लगाई जाएगी और वह ठीक हो जाएगी. लेकिन इसे बढ़ा-चढ़ाकर बताना ठीक नहीं. जो भी जमीन भारतीय है, हम उसकी सुरक्षा करेंगे.

संसद में कहा गया कि एक साल के अंदर 400 घुसपैठें हुईं. पूरे चेहरे पर फुंसी हो तो दुश्मन एक संदेश दे रहा है. आप पढ़ नहीं रहे?
हमारे विदेश मंत्री स्वयं चीन जा रहे हैं.

क्यों जा रहे हैं? हमें तो कहना चाहिए कि जब तक चीन सेना वापस नहीं बुलाएगा, हम बातचीत नहीं करेंगे?
अगर टीवी चैनल ही बताएंगे कि देश कैसे चलाना है तो देश चल नहीं पाएगा. आप सलाह देते हैं और अगर हम उस पर काम न करें तो आप बताएंगे कि सरकार बहुत कमजोर है.

उस इलाके में चीनी सेना ने सड़कें बना ली हैं, ट्रेनें चला दी हैं और भारत लगातार कुछ नहीं कर पा रहा. चीन ग्राउंड पर अपनी तैनाती बढ़ाता चला जा रहा है.
मीडिया में लोग आपके माध्यम से ही सुन रहे हैं कि वहां सरकार ने कितना इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करना शुरू किया है.

आप अब जागे हैं, वह भी मीडिया प्रेशर में, पर चीन पिछले 20 सालों से कर रहा है.
मैं समझता हूं कि आप लोग एक पहलू हैं, पर कई और चीजें भी हैं. सरकार में हम हैं.

आप क्या कर रहे हैं? आपको वे धमका रहे हैं. चीनी भारत की जमीन पर बैठ गए हैं.
अरे, कहां बैठ गए हैं? चीन और भारत का बॉर्डर 4,000 किमी से भी ज्यादा का है, वह भी आड़ा-टेढ़ा. उनको लगता है कि वह उनका इलाका है, हमें लगता है कि हमारा. 40 साल से सीमा विवाद चल रहा है. चीन के लोगों को भी यही लग रहा है कि भारत ने घुसपैठ की है.

उन्होंने तो कभी नहीं कहा?
वहां नहीं छप रहा क्योंकि जैसे हमारे यहां मीडिया कुछ भी कह सकता है, वहां का मीडिया ऐसा नहीं कर सकता.

यह बात मीडिया खुद नहीं कह रहा बल्कि मौके की हकीकत कह रही है.
कई बार मीडिया हकीकत से आगे चला जाता है.

40 चीनी जवान हमारी जमीन पर बैठे हैं.
उससे क्या होता है. क्या 40 चीनी जवान हिंदुस्तान की जमीन पर कब्जा कर सकते हैं?

आप 40 जवान तो वापस नहीं भेज पा रहे, चीनी सेना आ गई तो क्या करेंगे?
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि बातचीत चल रही है और निर्णय जल्द हो जाएगा.

पाकिस्तान ऐसा करता तो क्या करते?
भारत-पाकिस्तान सीमा पर फेसिंग है.

17 दौर की बात हो गई पर सरकार की सुई आगे नहीं बढ़ी है.
10 साल से चीन बॉर्डर पर हमारा खास ध्यान है.

ध्यान अब देने लगे हैं. वहां के स्थानीय लोग बताते हैं कि चीनी सेना आती है और कहती है कि यहां सड़क मत बनाइए. हम वहां सड़क बनाने का काम रोक देते हैं.
हमारी जमीन पर कोई नहीं धमका सकता. हम राजनयिक तरीके से आगे बढेंग़े और सफल होंगे.

पूरी बातचीत आप www.aajtak.in/rpnsingh पर जाकर देख सकते हैं.

Advertisement
Advertisement