scorecardresearch

कुछ राज्य नहीं चाहते एनसीटीसी: सचिन पायलट

कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री सचिन पायलट ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं, बातचीत के प्रमुख अंश.

सचिन पायलट
सचिन पायलट
अपडेटेड 18 मार्च , 2013

कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री सचिन पायलट ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं, बातचीत के प्रमुख अंश:

26/11 के बाद सरकार ने इतने बड़े-बड़े दावे किए कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई होगी. हैदराबाद में इतना बड़ा धमाका हुआ. इतने लोगों की जान गई. लाजिमी तौर पर आपकी सरकार आतंक पर काबू पाने में नाकामयाब रही है.
हादसे के बाद आतंकवाद पर जो कार्रवाई करनी चाहिए, हमने भी की है. मैं इस बात से सहमत हूं कि राज्य सरकारों और केंद्र को जो इंटेलिजेंस इनपुट मिलता है, उसका अध्ययन करके मिलकर काम करने की जरूरत है. उसमें और मेहनत करने की जरूरत है.

केंद्र कहता है कि (आंध्र प्रदेश) राज्य सरकार को सूचना दी और राज्य सरकार कहती है कि वो जनरल एडवाइजरी थी. ब्लेम गेम चल रहा है.
इस तरह का अटैक पूरे राष्ट्र पर अटैक है. इस मामले को पोलिटिसाइज नहीं करना चाहिए.

गृह मंत्री ने कहा कि दो दिन पहले हमने राज्य सरकार को सूचना दे दी थी. हमारी कोई गलती नहीं है. उन्होंने कन्नी काट ली.
उन्होंने कहा, जो इंटेलिजेंस जानकारी हमको मिलती थी, हमने पासऑन की.

26/11 के बाद कुछ मुद्दों की बातचीत हुई थी: नेशनल काउंटर टैरर सेंटर बनेगा, नेशनल ग्रिड बनेगा. कुछ कर नहीं पाए.
एनसीटीसी हम बनाना चाहते हैं, पर कुछ राज्य सरकारें विरोध कर रही हैं. वे इसे अपने कार्यक्षेत्र पर हस्तक्षेप होता देखती हैं.

गृह मंत्री से पूछा गया कि आप हैदराबाद जाएंगे तो वे कहते हैं कि विमान का टिकट मिला तो जाऊंगा.
गृह मंत्री ने क्या कहा, क्या नहीं कहा, मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता. लेकिन यह सरकार किसी एक मंत्री या व्यक्ति की नहीं, सामूहिक सरकार है.

जयपुर के चिंतिन शिविर में उन्होंने कहा कि मेरे पास इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट है, जो दिखाती है कि बीजेपी और आरएसएस आतंक के प्रशिक्षण शिविर लगा रहे हैं. प्रेशर पड़ा तो पलट गए. गृह मंत्री हैं या कोई कॉमेडी सर्कस चल रहा है?
जो शब्द आपने कहे, वैसे शब्द उन्होंने प्रयोग नहीं किए. गृह मंत्री खुद स्पष्टीकरण दे चुके हैं.

पर क्या आरएसएस के लोग आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे?
यह जवाब गृह मंत्री दे सकते हैं और उन्होंने बात रख दी है.

जिस तरह से आपने कसाब और अफजल गुरु को गुपचुप फांसी दी, वैसा वीरप्पन के साथियों के साथ क्यों नहीं किया गया?
क्योंकि उसमें सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप किया है.

आपने हस्तक्षेप का मौका दिया है क्योंकि आपने बात सार्वजनिक कर दी. आपकी सरकार प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ कर रही है.
आप बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के वर्डिक्ट के बाद हमने एक प्रक्रिया को फॉलो किया. अगर सुप्रीम कोर्ट ने उसके बाद कोई स्टे लगाया है तो वो भी आपके सामने है.

राहुल गांधी ने अब तक ऐसा क्या काम किया कि देश की जनता उन्हें वोट करे?
सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जो भी कार्यक्रम हैं, कांग्रेस की देन हैं. कांग्रेस पार्टी क्या करती है, क्या पॉलिसी बनाती है, वो सोनिया गांधी और राहुल गांधी तय करते हैं.

सीधी बात कार्यक्रम आजतक चैनल पर हर रविवार रात 8.30 बजे प्रसारित होता है.

Advertisement
Advertisement