काजोल का कहना है कि वे 7 सितंबर को रिलीज होने वाली फिल्म हेलिकॉप्टर ईला में एक ऐसी मां बनी हैं जो हमेशा मनमानी करती है, पर असल जिंदगी में वे कतई वैसी नहीं. वैसे उनके इंस्टाग्राम पोस्ट कभी-कभी उनकी किशोरी बेटी नीसा को शर्मिंदा कर देते हैं और वह परिवार की तस्वीरों के साथ डाले गए उनके बेहद भावुकतापूर्ण शब्दों को खारिज कर देती है. काजोल कहती हैं, ''हमें अमूमन बहुत सारी चीजें अपमानजनक लगती हैं. हम अजीब चीजों पर हंसते हैं और खूब शिकायतें करते हैं.''
हेलिकॉप्टर ईला में सिंगल मां काजोल के किशोर बेटे की भूमिका राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रिद्धि सेन ने निभाई है. प्रदीप सरकार निर्देशित, मितेश शाह और आनंद गांधी की लिखी और काजोल के पति अभिनेता अजय देवगन निर्मित यह फिल्म सिंगल मां की अपने इकलौते बेटे के प्रति बेपनाह प्यार और उससे उपजी जटिलताओं पर केंद्रित है.
काजोल के शब्दों में, ''मुझे आशा है, यह फिल्म अभिभावकों को एहसास कराएगी कि आज के जमाने में बच्चों की खास पहचान और विचार हैं.'' हर तरह की जानकारी उपलब्ध होने की वजह से वे हमारे बचपन जैसे अनजान नहीं. पर उन्हें लगता है, अच्छी कहानियां बहुत कम हैं. ''मैं महज फिल्म में काम करने, दिखने के लिए कोई फिल्म नहीं करना चाहती. वह काम इंस्टाग्राम कर रहा है.''
***

