द मर्चेंट ऑफ वेनिस में एंटोनियो और द बिशप्स कैंडलस्टिक में एक अभियुक्त, दोनों किरदार निभाए हैं कुबरा सेत ने. सो नेटफ्लिक्स सीरीज सैक्रेड गेम्स में एक ट्रांसजेंडर कुक्कू का रोल मिलने पर वे एक पल भी नहीं झिझकीं. निर्देशक अनुराग कश्यप ने उनको बताया कि ट्रांसजेंडर कलाकारों ने भी इस रोल में दिलचस्पी नहीं दिखाई क्योंकि वे अपनी लैंगिक पहचान उजागर नहीं करना नहीं चाहते थे. सेत कहती हैं, "मेरे लिए यह चौंकाने वाली बात थी क्योंकि अगर आप इस पर बात नहीं करोगे तो कौन करेगा?''
जिन चार एपिसोड में उनकी मौजूदगी है, उसमें कुक्कू का करिश्मा और उसकी नजाकत दिखाने के लिए सेत ने अपनी आंखों का इस्तेमाल किया है. उनके शब्दों में, "मैं ट्रांसजेंडर के रूप में नहीं, बल्कि बतौर एक इनसान किरदार निभा रही थी. जहां तक संभव हुआ, मैंने उसे लैंगिकता से दूर रखा.''
बेंगलूरू में जन्मी सेत छठवीं क्लास तक काफी सताई गईं. "तीन स्कूल बदले.
मेरा नाम और आंखें, जो आज मेरी ताकत हैं, उन दिनों मुझ पर भारी पड़ रहे थे.'' एक अच्छे पिता की गैर-मौजूदगी में बचपन नष्ट हुआ सो अलग. खैर, उन्होंने फाइनेंस में बैचलर डिग्री ली और माइक्रोसॉफ्ट में काम करने पांच साल के लिए दुबई चली गईं.
27 साल की उम्र में वे मुंबई आईं. अपनी अभिनय क्षमता का जलवा दिखाने वाली भूमिका निभाने से पहले वे प्रो कबड्डी लीग की ऐंकर थीं, कुछ कार्यक्रमों की होस्ट बनीं और रेडी तथा सुल्तान में यूं ही छोटे-मोटे रोल किए.
पर सैक्रेड गेक्वस की भी कुछ दिनों की शूटिंग के बाद वे परेशान रहने लगीं क्योंकि उन्हें लगता था कि वे रोल के साथ न्याय नहीं कर पा रहीं. लेकिन उनका डर दूर हो गया, जब उन्होंने कश्यप को नवाजुद्दीन सिद्दीकी से यह कहते सुना कि "उसकी प्रतिभा पहचाने जाने से पहले उसका काफी वक्त बर्बाद हो चुका है.''
सेत को पता है कि उनका समय आ गया है. सैक्रेड गेम्स रिलीज होने के बाद वे एक और वेब सीरीज साइन कर चुकी हैं. वे जोया अख्तर की 2019 में आ रही फिल्म गली बॉयज में भी हैं. कुक्कू की तरह सेत अपनी किस्मत भुनाना चाहती हैं. जैसा कि कश्यप कहते हैं, "यह तुम्हारी बस शुरुआत है.
***

