कहानी संग्रह ग्यारहवीं-A के लड़के का प्रकाशन सार्थक प्रकाशन से किया गया है. इसके लेखक गौरव सोलंकी हैं.
ग्यारहवीं-के लड़के युवा कहानीकार गौरव सोलंकी का पहला कहानी संग्रह है. युवा कहानीकारों की वर्तमान खेप में गौरव ने अपनी ओर खासा ध्यान आकर्षित किया है. इस आकर्षण का प्रमुख कारण रहा उनके कथा कहने का अंदाज जिस पर उनकी निजी छाप है, "चौकीदार जब दिन भर की ड्यूटी के बाद घर जाता होगा तो वह रात भर चौकीदार की मनस्थिति में ही रहता होगा.
जब उसकी बेटी हिंदी की किताब से जोर-जोर से कविता पढ़ती होगी, "नर हो न निराश करो मन को...'', तो वह गुस्से में कहता होगा, "आवाज कम कर लीजिए मैडम'' दूसरी जिस चीज ने गौरव की ओर ध्यान खींचा वह यह है कि वे इस दौर में डार्क के सबसे बड़े चितेरे हैं.
यह "डार्क'' किशोर और युवाओं के विकृत आकर्षण, नैतिकता के ह्रास तथा आपराधिक मनोवृत्ति से पनपा और बढ़ा है. हालांकि गौरव इसकी आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक मीमांसा नहीं करते, सिर्फ पतंग शीर्षक कहानी में इसका ट्रेस है.
फिर भी यह तथ्य "बिटवीन द लाइन्स'' से सामने आता है कि चूंकि ये पात्र ज्यादातर किशोर हैं तो ये वर्तमान आर्थिक प्रक्रिया के बहके हुए सांस्कृतिक मूल्य के उत्पाद हैं.
इस संग्रह की प्रायः सभी कहानियां देहाकर्षण, फरेब, नए रुझान के प्रेम और आपराधिक कवायदों की कहानियां हैं. सिर्फ एक कहानी यहां वहां कहां इससे अलग समाज के अन्य सरोकारों की चिंता करती है.
इस कहानी में क्षेत्रीयतावादी विघटनकारी मनोवृत्ति की अभिव्यक्ति की गई है. "माइग्रेंट'' के ऊपर "लोकल'' किस प्रकार से दहशत आरोपित करते हैं, उसकी सधी हुई अभिव्यक्ति इस कहानी में है.
इसके अतिरिक्त संग्रह की हर कहानी या तो युवाओं के नैतिक क्षरण तथा उसकी भयावह आपराधिक मनोवृत्ति की गाथा है या फिर सुधा कहां है जैसी भाषायी आकर्षण से परिपूर्ण पर कथ्य के स्तर पर सामान्य कहानी.
ब्लू फिल्म तथा ग्यारहवीं-के लड़के शीर्षक कहानियों से हमारे सामने भयावह और गलीज में डूबा यथार्थ सामने आता है. एक में नायक देह संबंध की द्ब्रलू फिल्म बना लेता है तो दूसरी कहानी में जिससे देह संबंध बनाता है, उसे फोन से चटपटी बातों के धंधे में धकेल देता है.
लगता है, जैसे कोमल भावनाओं के लिए दुनिया में कोई जगह ही न बची हो. ग्यारहवीं- के लड़के में यह विद्रूपता चरम पर है. इस कहानी में धंधे और अपराध में भाई और बहन दोनों शामिल हैं.
पतंग में भी सेक्स की दुनिया और अपराध है पर इस कहानी में केंद्रीय पात्र के तिक्त अनुभवों और उसकी सफरिंग को भी उच्छे ढंग से उभारा गया है. तुम्हारी बांहों में मछलियां क्यों नहीं हैं दो-तीन पत्रों के बीच की कहानी है, जिसमें प्रेम के क्षण भी हैं तथा देह शोषण और विकृत देह लालसा भी.
कहानी में कथा वस्तु के कुछ ट्रेस को अव्यक्त रख उसे थोड़ा उलझाऊ बनाया गया है.
गौरव की कहानी की दुनिया नई है. कहानी में भाषा का खिलंदड़ापन आकर्षक है पर यही जब वे कथ्य के साथ करते हैं तो कथा में स्फीति आ जाती है.
***

