महेंद्रसिंह धोनी और सचिन के बाद अब आप पर भी बायोपिक बनने जा रही है.
दो साल से ऑफर आ रहा था. मैं सही समय का इंतजार कर रही थी. डायरेक्टर (सुशांत दास) ने कहा कि यह फिल्म लड़कियों को क्रिकेट खेलने के लिए मोटिवेट करेगी. उनकी यह बात मेरे दिल को छू गई. अब इसे लेकर मैं एक्साइटेड भी हूं कि सिल्वर स्क्रीन पर मेरी स्टोरी आएगी. दूसरी तरफ नर्वस इसलिए हूं कि मेरी स्टोरी लोगों को पसंद आएगी या नहीं.
अगले विश्व कप की तैयारी किस तरह से कर रही हैं ?
अगला विश्व कप 2021 में है. उससे पहले हम टी 20 वल्र्ड कप की तैयारी कर रहे हैं. इसी के साथ हमारी टीम अगले विश्व कप के लिए भी सेट होगी.
विश्व कप में 9 रन से हार को भुला पाई हैं?
वह ऐसी चीज है कि दूसरा वर्ल्ड कप जीत लेने तक भुला पाना मुश्किल है. हम सबने पूरी कोशिश की थी. तमाम वाहवाही मिलने के बावजूद मन के कोने में वह बात रह-रहकर सालती है.
पुरुषों की क्रिकेट टीम से महिला क्रिकेट टीम की तुलना होती है तो कैसा लगता है ?
क्रिकेट एक गेम है. इस दुनिया में सबको खेलने का अधिकार है. महिला और पुरुष, दोनों टीमें अपने-अपने देश को रिप्रजेंट करती हैं और देशप्रेम की भावना के साथ खेलती हैं.
जब आपके हाथ में बॉल नहीं होती तो फुरसत के उन क्षणों में क्या करती हैं?
कुछ नहीं, बस अपने बेसिक्स पर ध्यान देती हूं. कोच के साथ रहती हूं. बॉल के साथ ज्यादा मस्ती नहीं करती.
क्रिकेट के अलावा और कोई शौक ?
हिंदी फिल्में देखती हूं, किताबें खासकर ऑटोबायोग्राफी पढ़ती हूं. बंगाली लोग अड्डा जमाने में माहिर होते हैं. कोलकाता में रहती हूं तो दोस्तों को बुलाती हूं और मस्ती करती हूं.
—नवीन कुमार

