scorecardresearch

न्यूटनः गुदगुदाकर रुलाना

वह हमारी ऑस्कर प्रविष्टि है. कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सवों में दिखाई जा चुकी है. गए शुक्रवार से हमारे सिनेमाघरों में चल रही, निर्देशक अमित मासूरकर की न्यूटन ताजा हवा के झोंके की तरह है.

न्यूटन नफासत
न्यूटन नफासत
अपडेटेड 4 अक्टूबर , 2017

वह हमारी ऑस्कर प्रविष्टि है. कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सवों में दिखाई जा चुकी है. गए शुक्रवार से हमारे सिनेमाघरों में चल रही, निर्देशक अमित मासूरकर की न्यूटन ताजा हवा के झोंके की तरह है.

अगर जानना चाहते हैं, तो एक बार हृषिकेश मुखर्जी, सई परांजपे और अमोल पालेकर की फिल्में याद कीजिए. पूरा परिवार इन्हें साथ बैठ कर देख सकता था, क्योंकि इनमें सामाजिक संबंधों का सहज सौहार्द झलकता था, सस्ती हिंसा और नंगापन नहीं होता था. ऐसी गति की किसी फिल्म में गहरा राजनैतिक रुझान डालिए, जैसा कि '80 के दशक की श्याम बेनेगल या गोविंद निहलाणी की फिल्मों में हुआ करता था, लेकिन उनकी डरावनी तल्खी हटा के.

अब इसे बुनिए एक कसी हुई पटकथा में. उसमें डालिए ऐसे दो प्रसंग जो हमारी फिल्मों और बातचीत में आमतौर पर आते नहीं. यानी अनुसूचित जनजातियों के प्रति प्रशासन का रवैया, और उसी के बीच होते आम चुनाव. इस कहानी को पांच टकराने वाली भूमिकाओं में ढाल दीजिए. फिर पकड़िए ऐसे सधे हुए पांच कलाकार, जो अपना किरदार बारीकी से, रस में डुबो कर निभाते हैं. इससे अंदाजा लगेगा कि मासूरकर ने न्यूटन बना कर क्या कर दिखाया है. वैसे कहानी हंसी-मजाक से अटी हुई है. लेकिन आप का रोने का मन भी लगातार होता रहेगा. बिना किसी कड़वाहट के यह फिल्म हम पर लगातार कटाक्ष करती है, हमारी सामाजिक और राजनैतिक विषमताओं पर यह गहरा व्यंग्य है. कला से अगर हमारा मनोरंजन होता है, तो वह हमें आईने में अपनी सूरत भी दिखाती है. उसमें वह भी दिखता है जो हम अपने बारे में मानना नहीं चाहते.

कहानी खुलती है हमारे आम चुनाव के अनूठे विस्तार के साथ. हमारा परिचय होता है न्यूटन से, जिसके माता-पिता ने उसका नाम रखा था नूतन कुमार. वह एक आदर्शवादी व्यक्ति है जो अपने परिवार और समाज में बेमेल है. वह एक सरकारी मुलाजिम है, जो अपना काम निष्ठा से करना चाहता है. जब जंगल के बीच रहने वाले 76 लोगों के वोट डलवाने के लिए निर्वाचन अधिकारी की जरूरत होती है, तो वह हाजिर है. ऐसा-वैसा जंगल नहीं, माओवादी विद्रोहियों और सशस्त्र बलों के बीच फंसे छत्तीसगढ़ के जंगलों में.

न्यूटन की भूमिका में राजकुमार राव को याद किया जाएगा. उनमें किसी पात्र के विरोधाभास दर्शाने का गुण है. बिना छातीकूटा या ड्रामाबाजी के. उनके धीमे से झटके भी जोर से लगते हैं. न्यूटन ईमानदारी से आदिवासी वोटरों के वोट डलवाना चाहता है. निर्वाचन दल को जंगल से होते हुए, गांव तक ले जाने का जिम्मा है सशस्त्र बल के अफसर आत्मा राम (पंकज त्रिपाठी) का. न्यूटन की निष्ठा में आत्मा राम को नया मुल्ला दिखाई देता है, क्योंकि वह जंगल में जाना नहीं चाहता. वह आदिवासियों को तिरस्कार से देखता है.

इन दोनों के तनाव के बीच में फंसी है आदिवासी शिक्षिका मलको (अंजली पाटील) और पिटे हुए लेखक से सरकारी बाबू बने लोकनाथ (रघुबीर यादव). मलको अगर कहानी को न्यूटन की नैतिकता की ओर खींचती है, तो हंसोड़ लोकनाथ उसे आत्मा राम के पास ले आते हैं. धीरे-धीरे बोध होता है कि ऐसी खींचतान में आदिवासी लोगों से कैसे किनारे होते हैं. इन समाजों में सर्वसम्मति से फैसले लेने का लोकतांत्रिक चलन पहले से रहा है. पर हमारे नए लोकतंत्र में इनके लिए जगह नहीं. न्यूटन जब मलको से पूछता है कि क्या वह भी निराशावादी है, तो वह जवाब देती है, ''नहीं, मैं आदिवासी हूं.''

हमारी फिल्में जब कभी सामाजिक विषयों को गंभीरता से दर्शाती हैं, तो उनमें सुधारवादी उपदेश आ जाते हैं. जैसे दर्शक न हुए, अबोध बच्चे हो गए, जिन्हें ठोक-पीट कर आदर्श नागरिक बनाने का जिम्मा फिल्मकार का ही है. न्यूटन ऐसा कुछ नहीं करती, केवल एक दिलचस्प कहानी दिखलाती और मनोरंजन करती है, ऐसी नफासत के साथ कि दर्शक के मन में कठिन सवाल उठते हैं. ऐसे सवाल जिनका कोई आसान जवाब नहीं है, जो हमारे टी.वी. चैनलों पर भी नहीं पूछे जाते. पर ये सवाल हमारे लिए जरूरी हैं. इनमें हमारा जमीर झलकता है.

हर पात्र को संवेदना के साथ दिखाया गया है. आखिर में आत्मा राम और उनका परिवार जैतून का तेल खरीदते दिखते हैं, क्योंकि यह आज विकास का तेल मान लिया गया है. आदिवासी जंगल पर खनन कंपनी की खदानें खुल जाती हैं. मलको न्यूटन से मिलने आती है, दोनों चाय पीने जाने वाले हैं. इतना गड़बड़ दिखाने वाली कहानी एक सुंदर संभावना पर खत्म होती है. शायद सरकार भी आदिवासी समाज से मिले, बातचीत से समझदारी का रास्ता निकले. शायद.

Advertisement
Advertisement