जब पारस अरोड़ा को उनकी पहली फिल्म ऑफर हुई तब उनकी उम्र थी 17 साल, तिस पर उन्हें अपने बोर्ड के एग्जाम देने थे. पारस ने अपने बोर्ड एग्जाम बाद में देने का फैसला किया. खास बात थी फिल्म की हीरोइन. उनके अपोजिट फिल्म में बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा कंगना रनोट थीं. रज्जो नाम की इस प्रेम कहानी के लिए फिल्म के डायरेक्टर विश्वास पाटील को एक किशोर उम्र के हीरो की तलाश थी जो पारस के साथ पूरी हुई.
हालांकि शुरू में पाटील को इस जोड़ी को लेकर कुछ शक था. लेकिन शूटिंग के आगे बढऩे के साथ कंगना ने नखरे न दिखाते हुए नए-नवेले पारस का बेहतरीन तरीके से साथ दिया और इसके साथ ही बॉलीवुड ने उस नए युग की ओर एक कदम और बढ़ाया जिसमें 19 साल के हीरो और 26 साल की हीरोइन की जोड़ी बनी.
फिल्म विश्लेषक कोमल नाहटा कहते हैं, ''बॉलीवुड में हमेशा बड़ी उम्र के हीरो और छोटी उम्र की हीरोइन का चलन रहा है लेकिन अब यह उलट रहा है. इसमें नई किस्म की कहानियां भी अहम रोल निभा रही हैं. फिर अगर सीनियर हीरोइन नए हीरो के साथ जमती हैं तो क्या हर्ज है? जैसे प्रियंका चोपड़ा और अर्जुन कपूर. वैसे भी ए ग्रेड हीरोइनें उस तरह से नहीं आ रही हैं. ''
दरअसल, ये फिल्में महानगरों के बदलते समाज की कहानी बयान करती हैं, जिनमें आर्थिक रूप से आजाद महिलाएं जीवन के हर सुख को भोगना चाहती हैं. तालीम, पैसे और प्रभाव के मामले में वे पुरुषों से किसी भी तरह से कम नहीं हैं, लिहाजा अपनी मर्जी से अपने साझीदार चुनती हैं. सैफ अली खान भले ही करीना कपूर से 10 साल बड़े हैं लेकिन उनकी पहली पत्नी अमृता सिंह उनसे 11 साल बड़ी थीं. कोरियोग्राफर फरह खान अपने पति शिरीष कुंदेर से नौ साल बड़ी हैं. अभिषेक बच्चन और राज कुंदरा अपनी पत्नियों क्रमश: ऐश्वर्या राय और शिल्पा शेट्टी से दो साल छोटे हैं.
यूं तो प्यार-मुहब्बत में उम्र की सीमा नहीं देखी जाती लेकिन खासकर औरतों की आजादी, लिव इन रिलेशन और विमेन ऑन टॉप के इस युग में स्त्री-पुरुष का संबंध आखिर कब तक केवल बेडरूम या किताबों में सिमटकर रह सकता था?
इस नए रुझन के बारे में समाजशास्त्री मधु किश्वर कहती हैं, ''समाज में ऐसे रोमांस हो रहे होंगे, इसलिए फिल्में उन्हें दिखा रही हैं. वैसे ऐसा शुरू से होता आया है लेकिन अब खुल्लम-खुल्ला हो रहा है. '' अपने से सात साल छोटे लड़के से शादी करने वाली गुडग़ांव की स्वागता (बदला हुआ नाम) इसका उम्दा उदाहरण हैं. वे कहती हैं, ''जब हम किसी को पसंद करते हैं तो उससे उसकी उम्र नहीं पूछते. वैसे भी मैं अपने पांव पर खड़ी हूं और अपने फैसले लेने के लिए पूरी तरह आजाद हूं. '' उनके पति अभी पढ़ रहे हैं और नौकरी तक पहुंचने में कुछ देर है.
इन हीरोइनों की लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है. वे अपने से जूनियर स्टार्स के साथ गुंडे और जंजीर में नजर आएंगी. गुंडे में 30 वर्षीया प्रियंका 27 साल के अर्जुन कपूर और 27 साल के ही रणवीर सिंह के साथ ताल से ताल मिला रही हैं जबकि जंजीर के रीमेक में उनके हीरो साउथ के स्टार 27 वर्षीय राम चरण तेजा हैं. 2012 में एक मैं एक और एक तूमें खुद से दो साल छोटे इमरान खान के साथ नजर आईं करीना कपूर अब उनके साथ गोरी तेरे प्यार में में फिर जलवाअफरोज होंगी.
पिछले कुछ अरसे से बॉलीवुड में ऐसी कहानियां लिखी जा रही हैं, जो असल जिंदगी के बेहद करीब हैं. अजय बहल की लो बजट फिल्म बी.ए.पास भी ऐसी ही एक जोड़ी को ला रही है. फिल्म में 31 वर्षीया थिएटर ऐक्टर शिल्पा शुक्ला और 25 वर्षीय शादाब कमाल हैं. शिल्पा अपने वैवाहिक जीवन से परेशान हाउसवाइफ सारिका के किरदार में हैं जबकि कमाल दिल्ली पढऩे आए 19 वर्षीय युवा के रोल में हैं. कहानी बताती है कि किस तरह एक ताकतवर औरत उस युवा को अपने दैहिक सुख के लिए इस्तेमाल करती है. फिल्म के डायरेक्टर अजय कहते हैं, ''फिल्म की कहानी ही ऐसी है और उसी के मुताबिक स्टारकास्ट रखी गई है. '' यह फिल्म जिगोलो कल्चर पर बनी है और मोहन सिक्का की कहानी द रेलवे आंटी पर आधारित है.
इसी तरह शोभना 7 नाइट्स में 38 वर्षीया रवीना टंडन एक अधेड़ विवाहिता कॉलमिस्ट-लेखिका के रोल में हैं जिसे उसका पति परेशान रखता है और जो बॉलीवुड के एक युवा स्ट्रगलर 27 वर्षीय अमित पुरोहित की बांहों में सुकून पाती है. फिल्म में रवीना के पति के रोल में रोहित रॉय हैं जबकि उनसे कम उम्र पुरोहित उनके हाथ का खिलौना बने युवक के किरदार में हैं.
फिल्म के डायरेक्टर सुदीप्तो चट्टोपाध्याय कहते हैं, ''कहानी में ऐसी ही जोड़ी की दरकार थी. वैसे भी समय-समय पर फिल्मों में इस तरह के प्रयोग होते आए हैं. '' अगर हम ऑन स्क्रीन जोडिय़ों की बात करें तो बड़े बदलाव का दौर 2009 में मुखरता के साथ देखने को मिला था. इस साल तीन प्रमुख फिल्में ऐसी थीं, जिनकी हीरोइनें हीरो से बड़ी थीं.
दिल बोले हडि़प्पा में 35 वर्षीया रानी मुखर्जी और 32 वर्षीय शाहिद कपूर की जोड़ी थी, आ देखें जरा में 31 वर्षीय नील नितिन मुकेश और 34 वर्षीया बिपाशा बसु एक साथ प्रेम की पींगें बढ़ाते दिखे जबकि वेकअप सिड में 33 साल की कोंकणा सेन शर्मा और 30 साल के रणबीर कपूर की एकदम अनूठी जोड़ी देखने को मिली. हालांकि इससे पहले किस्मत कनेक्शन में 35 वर्षीया विद्या बालन शाहिद कपूर के संग आई थीं. डैंजरस इश्क (2012) में 37 वर्षीया करीना कपूर 32 साल के रजनीश दुग्गल के साथ थीं, जबकि प्रीति जिंटा के होम प्रोडक्शन की पहली फिल्म इश्क इन पेरिस के रेहान मलिक की उम्र भी उनसे कम बताई जाती है. फिल्म 24 मई को रिलीज होनी है. 1996 में आर्मी में शाहरुख खान और श्रीदेवी एक साथ आए थे और श्रीदेवी शाहरुख से दो साल बड़ी थीं. हालांकि वेकअप सिड को छोड़कर बाकी सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रंग नहीं जमा सकीं.
उम्र का यह अंतराल फिलहाल कुछ खास बड़ा नहीं है. लेकिन उस देश में जहां कुछ समय पहले तक शादी के लिए कम-से-कम तीन साल छोटी लड़की की बातें हुआ करती थीं, वहां के सिनेमा में यह बदलाव कोई सामान्य बात नहीं है. अब उम्र कोई बंदिश नहीं रही है.

