scorecardresearch

क्रिकेट वर्ल्ड कप के भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी

स्वागत समारोह के अलावा अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम पांच मैचों की मेजबानी भी करेगा जिसमें भारत-पाकिस्तान के बीच उद्घाटन मैच और फाइनल मुकाबला भी शामिल है.

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम
अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2023

आम तौर पर शांत रहने वाले गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के दफ्तर में इन दिनों गतिविधियां तेज हो गई हैं, जीसीए ही अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का प्रबंधन करता है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) कुछ हफ्तों पहले स्टेडियम देखने आई, तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रेसिडेंट रोजर बिन्नी सितंबर के मध्य में यहां थे, जबकि उनकी टीम ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप की तैयारियों की देखरेख के लिए शहर में डेरा डाला हुआ है.

चार साल में होने वाले वन डे इंटरनेशनल (ओडीआई) के 2023 के संस्करण का धूमधड़ाका 4 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा. अगले दिन उद्घाटन मैच और 19 नवंबर को फाइनल के अलावा तीन और मुकाबले 1,32,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था वाले दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. इनमें 14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला भी शामिल है.

पहले जहां सरदार पटेल स्टेडियम था, उसी जगह नए बने इस स्टेडियम का उद्घाटन 2021 में हुआ, जिसका नाम भारत के प्रधानमंत्री के नाम पर रखा गया. यह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2022 और 2023 के फाइनल सहित कई धूमधाम भरे मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है. मगर जीसीए के अधिकारी भी मानते हैं कि विश्व कप के आधा दर्जन मुकाबलों की मेजबानी करना अलहदा मामला है.

पिच 'मिंट कंडिशन' यानी नए की तरह मुकक्वमल और अचूक हालत में है. अलबत्ता खास ध्यान आउटफील्ड पर दिया गया है. आउटफील्ड के गीले होने से इस साल मई में आईपीएल का बारिश से धुला फाइनल मैच देर से हुआ, जिससे काफी आलोचना हुई थी. इसीलिए सितंबर के तीसरे हफ्ते की भारी बारिश के बाद जीसीए ने इसकी ''खास देखभाल’’ की है और एक समर्पित एग्रीकल्चर इंजीनियर तैनात किया गया है.

सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने यह भी सिफारिश की थी कि स्टेडियम को दिव्यांग दर्शकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाकर अंतरराष्ट्रीय मानदंडों की बराबरी पर लाया जाए. नई मरम्मत और साज-सज्जा के काम पूरे हो चुके हैं. खेल को कवर करने आए लोगों की सुविधा के लिए मीडिया बॉक्स में ज्यादा सीटें लगाई गईं और एक नया कमेंट्री बॉक्स जोड़ा गया. पार्किंग क्षमता भी बढ़ाई गई, तो एक एग्जिट गेट से मेट्रो स्टेशन की सीधी पहुंच देकर दर्शकों की भीड़भाड़ कम होने की उम्मीद की जा रही है.

—जुमाना शाह.

Advertisement
Advertisement