scorecardresearch

दक्षिण का जलवा

बॉलीवुड फिसला तो खालीपन को भरने के लिए दक्षिण भारतीय सिनेमा ने आगे आकर हिंदी पट्टी के दर्शकों का दिल छुआ और अमेरिका को भी किया प्रभावित

पोन्नयिन सेलवन
पोन्नयिन सेलवन
अपडेटेड 3 जनवरी , 2023

अन्य सुर्खियों के सरताज

दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग

वर्ष 2022 में हिंदी सिनेमा या बॉलीवुड का जादू लोगों के जेहन से कुछ और उतरा. इस खालीपन को भुनाते हुए, दक्षिणी फिल्म उद्योग ने कदम बढ़ाया और हिंदी पट्टी तक के दर्शकों पर अपनी पहुंच बनाई. सबसे अधिक जलवा बिखेरा यश शेट्टी अभिनीत केजीएफ: चैप्टर 2 ने, जो 2022 में देश में सबसे अधिक कमाई करने वाली और भारतीय सिनेमा के इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी फिल्म थी. कन्नड़ अभिनेता ने गुस्से, अकड़ और मर्दानगी को अपने किरदार में इस तरह उतारा कि केजीएफ का रॉकी भाई मजदूर वर्ग का नायक बनकर उभरता है.

ठीक दीवार में अमिताभ बच्चन के निभाए विजय के किरदार की तरह. हालांकि यश की सबसे बड़ी उपलब्धि थी अपेक्षाकृत छोटे कन्नड़ फिल्म उद्योग को देश के नक्शे में पुख्ता जगह दिलाना. पांच महीने बाद, अपने गांव की रक्षा करने निकले एक बागी के रूप में ऋषभ शेट्टी को पेश करने वाली कंटारा भी देश भर में हिट हुई. क्षेत्रीयता से भरी इस फिल्म ने दर्शकों का परिचय तटीय कर्नाटक की मनोरम बूटा कोला नृत्य परंपरा से कराया. 

दूरदर्शी तेलुगु फिल्म निर्माता एस.एस. राजमौली ने फिर एक और ब्लॉकबस्टर, आरआरआर: राइज रोर रिवोल्ट दिया, जो उनकी आखिरी फिल्म बाहुबली-2 की तरह टिकट खिड़की पर कमाई तो नहीं कर पाई, लेकिन अपना लोहा मनवाने में दो कदम और आगे निकल गई. जबसे उसका हिंदी-डब संस्करण नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ है, हॉलीवुड भी राजमौली के शानदार ऐक्शन दृश्यों और बड़े परदे पर उभरते सिनेमाई जादू का कायल हो गया है. आरआरआर ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फिल्म की श्रेणी में भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि नहीं बन पाई, तो राजमौली और उनकी टीम ने एक स्वतंत्र अभियान छेड़ा, जिसकी वजह से 'नाटू, नाटू' सर्वश्रेष्ठ गीत श्रेणी की शॉर्टलिस्ट में शामिल हो गया. 

कहानी इतनी भर नहीं थी. भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित फिल्म निर्माताओं में एक, मणिरत्नम ने तमिल सिनेमा की धांसू ब्लॉकबस्टर पोन्नयिन सेलवन: 1 से दिखा दिया कि वे मनोरंजक ऐक्शन फिल्म और दिलचस्प राजनीतिक ड्रामा, दोनों ही पेश कर सकते हैं. दिग्गज कमल हासन ने भी अपने करियर की सबसे बड़ी हिट विक्रम को खूब जिया. इस ऐक्शन ड्रामा में शानदार विजय सेतुपति और फहद फासिल ने भी अभिनय किया है, जिनका जादू अब दक्षिण से बढ़कर देश भर में छा रहा है.

2022 में हिंदी की सबसे बड़ी फिल्मों में एक, दृश्यम 2 भी एक मलयालम हिट का रीमेक थी. रीमेक का सहारा लेने के बजाए, बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं के लिए शायद यह वक्त अपने दक्षिण भारत के फिल्म निर्माताओं से सीख लेकर, सबको पसंद आने वाली, जड़ों से जुड़ी कहानियां परदे पर लाने का है. 

2022 में भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दस फिल्मों में से छह दक्षिण से हैं

Advertisement
Advertisement