हाल ही में 2019 के आइसीसी वनडे क्रिकेटर के रूप में सम्मानित हुए रोहित शर्मा ने पहली बार महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ते हुए इंडिया टुडे के देश का मिजाज सर्वेक्षण में दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया है. धोनी जुलाई, 2019 में एकदिवसीय विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद से विश्राम पर हैं. आइसीसी की 2019 की वन-डे और टेस्ट टीमों में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली इस सर्वेक्षण में पहले स्थान पर हैं.
उन्हें प्रशंसकों से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को कोसने की जगह उनका हौसला बढ़ाने का इशारा करते हुए खेल भावना का परिचय देने के लिए स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है. वैसे कप्तान कोहली और एकदिवसीय टीम के उप-कप्तान शर्मा के बीच का अंतर इस बार कुछ कम हो गया है. निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा विश्व कप में अपने प्रदर्शन के बूते शीर्ष पांच में जगह बनाने में सफल रहे, जबकि गेंदबाज शीर्ष 10 की सूची में निचले छोर तक सीमित रहे.

क्रिकेट एक बार फिर देश का मिजाज सर्वेक्षण पर हावी रहा. क्रिकेट के बाहर सिर्फ भाला फेंकने वाले नीरज चोपड़ा और फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री शीर्ष 10 में जगह बना सके.

महिला खिलाडिय़ों की बात की जाए तो बैडमिंटन की विश्व चैंपियन पी.वी. सिंधु ने फर्राटा धाविका हिमा दास के साथ शीर्ष स्थान को साझा किया है. सिंधु और दास, दोनों से टोक्यो के आगामी ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.
रियो खेलों की रजत पदक विजेता सिंधु के पास फिलहाल क्वालीफाई करने के लिए विश्व रैंकिंग है पर 400 मीटर की फर्राटा धाविका दास के लिए रास्ता थोड़ा कठिन है.
पीठ की चोट से उबरने के बाद इस धींग एक्सप्रेस को टोक्यो के लिए अपनी जगह पक्की करने के लिए 29 जून से पहले आइएएएफ विश्व एथलेटिक्स के मान्यता प्राप्त मुकाबले में 51.35 सेकंड या उससे कम वक्त में दौड़ पूरी करनी होगी. दास के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 50.79 सेकंड के रिकॉर्ड को देखते हुए यह कोई असंभव कार्य नहीं है.
देश की सबसे मशहूर महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने गर्भावस्था और मातृत्व अवकाश के बाद कोर्ट में वापसी करते हुए हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में युगल खिताब जीता है.
2012 के लंदन खेलों की कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल मिर्जा से पिछड़ते हुए चौथे स्थान पर हैं.
नेहवाल अपने खराब फॉर्म से लगातार जूझ रही हैं और टोक्यो ओलंपिक में उनकी सीट पर भी खतरा मंडरा रहा है.
महिला क्रिकेट भी लगातार चमक हासिल कर रहा है. सर्वेक्षण की शीर्ष 10 महिला खिलाडिय़ों में बल्लेबाजी विशेषज्ञ मिताली राज, हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना का जगह बनाना इसका संकेत दे देता है. वास्तव में दशकों से पुरुषों के वर्चस्व वाले इस खेल में महिला खिलाडिय़ों की प्रसिद्धि एक सकारात्मक संकेत है.
***
