scorecardresearch

देश का मिजाजः लोकप्रियता में टॉपर

इस साल के देश का मिजाज सर्वेक्षण में एक बड़ा बदलाव बॉक्स ऑफिस के बादशाह के रूप में अक्षय कुमार का उदय रहा, जबकि महिलाओं के बीच दीपिका पादुकोण ने अपना मकाम बरकरार रखा.

दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण
अपडेटेड 29 जनवरी , 2020

किंग खान्स का दौर खत्म होता लग रहा है. उनकी—सलमान, आमिर और शाहरुख—की जगह अक्षय कुमार की बादशाहत चल रही है. 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार से लेकर 2019 में रिलीज चार फिल्मों—केसरी, मिशन मंगल, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज—के साथ अक्षय कुमार पिछले साल नंबर एक हीरो रहे. 

ऐसा भी नहीं है कि अक्षय ने यह मकाम केवल ज्यादा काम करने की वजह से हासिल किया है—वे हर साल कम से कम तीन बड़ी फिल्मों के साथ आते हैं जबकि आमिर और शाहरुख की पिछले साल कोई फिल्म नहीं आई—बल्कि यह फिल्मों के विषयों को लेकर अक्षय की अपनी पसंद भी है जो उन्हें दुर्जेय ताकत बनाती है. उनकी फिल्मों ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 739 करोड़ रु. कमाए.

अक्षय का दबदबा ऐसा है कि इंडिया टुडे मूड ऑफ द नेशन पोल (एमओटीएन) या देश का मिजाज सर्वेक्षण में आमतौर पर शीर्ष पर रहने वाले सलमान खान को अपनी जगह साझा करनी पड़ी. सलमान की दो फिल्में—भारत और दबंग 3—बॉक्स ऑफिस की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं और यहां तक कि वे 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में भी नहीं रहीं. यह गौरव शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह को मिला और उसके बाद रही विक्की कौशल की उड़ी: द सर्जिकल स्ट्राइक.

देश का मिजाज सर्वेक्षण के पिछले संस्करण के मुकाबले इस बार के सबसे बड़े लाभार्थी रहे आयुष्मान खुराना (इस साल का रैंक # 3) जिन्होंने हास्य के साथ सामाजिक संदेश देने वाली शैली में खुद के लिए एक विशेष जगह बनाई है. 2019 में रिलीज हुई उनकी दो फिल्में— ड्रीम गर्ल और बाला—उसी श्रेणी के अनुकूल रहीं तो अभिनेता ने यह भी जताया कि उन्हें किसी एक खांचे में सीमित नहीं रखा जा सकता.

आर्टिकल 15 में जातीय पूर्वाग्रह से ग्रसित समाज में अपराध के अनुसंधान के लिए जान लड़ा देने वाले एक कड़क पुलिस अधिकारी के रूप में उनका अवतार मुहल्ले के एक 'शरारती-मगर-मिलनसार लड़के' वाली पुरानी छवि से बहुत अलग और बहुत ताजा था.

तीसरे स्थान पर खुराना के साथ अजय देवगन, ह्रितिक रोशन, रणवीर सिंह, रजनीकांत और प्रभास के अलावा शाहरुख खान रहे, जिनकी कोई फिल्म रिलीज भले न हुई हो, लेकिन उन्होंने एक हिट फिल्म बदला (अमिताभ बच्चन अभिनीत, जिन्हें दूसरा स्थान मिला) को प्रोड्यूस किया था.

अभिनेत्रियों के मामले में इस सर्वेक्षण के परिणाम पहले जैसे ही रहे. दीपिका पादुकोण ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जबकि अनुष्का शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं और यह आश्चर्य की बात है कि उन्होंने यह स्थान 2019 में बिना एक भी फिल्म दिए बनाए रखा.

लेकिन दोनों ने ही इस साल खुद को चर्चा से जरा भी ओझल न होने दिया—दोनों ही अपने ब्रांडों और पहल को बढ़ावा देने के लिए और कभी-कभी अपने व्यक्तिगत जीवन (जिसमें पति के साथ प्रेम का सार्वजनिक प्रदर्शन भी शामिल है) की झलकियां साझा करने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करती हैं और चर्चा में बनी रहती हैं.

सोशल मीडिया पर सक्रिय प्रियंका चोपड़ा जोनास तीन साल में आई अपनी पहली हिंदी फिल्म द स्काइ इज पिंक की असफलता के बावजूद दूसरे स्थान पर रहीं. 

कैटरिना कैफ (भारत), आलिया भट्ट (गली बॉय और कलंक) और ऐश्वर्या राय बच्चन ने संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया, जबकि श्रद्धा कपूर (साहो, छिछोरे), करीना कपूर खान (गुड न्यूज), विद्या बालन (मिशन मंगल), सोनाक्षी सिन्हा और कीर्ति सुरेश चौथे स्थान पर रहीं.

(करीना और विद्या का रैंकिंग में लौटना बताता है कि शादी के बाद भी अच्छा करियर निश्चित रूप से संभव है और यह खुशी की बात है) तेलुगु स्टार नयनतारा शीर्ष 5 में शामिल एक नया नाम थीं.

***
Advertisement
Advertisement