देश में पहली बार यूपी में आज से पूल टेस्टिंग

उत्तर प्रदेश में सरकार ने कोरोना से बचाव और रोकथाम की नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. इसके तहत 14 अप्रैल से यूपी में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के नमूनों की पूल टेस्टिंग की शुरूआत की जा रही है

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे

उत्तर प्रदेश में 13 अप्रैल को कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या 550 के पार पहुंच जाने के कारण प्रदेश सरकार ने बचाव और रोकथाम की नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. प्रदेश सरकार ने अब तेजी से फैल रहे कारोना संक्रमण को देखते हुए जांच में और तेजी लाने का निर्णय लिया है. इसके तहत 14 अप्रैल से यूपी में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के नमूनों की पूल टेस्टिंग की शुरूआत की जाएगी.

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) से जांच की अनुमति मिलने के बाद उत्तर प्रदेश देश में पूल टेस्टिंग करने वाला पहला राज्य बन गया है. पूल टेस्टिंग से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की स्क्रीनिंग करना बेहद आसान होगा.

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पूल टेस्टिंग की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जल्द से जल्द इसकी सुविधा सभी जिलों में शुरू की जाएगी. किंग जार्ज मेडिकल कालेज के माइक्रोबायलोजी विभाग के एक डॉक्टर बताते हैं- पूल टेस्टिंग में 10 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर उसे एक सुपर सैंपल बना दिया जाता है. फिर एक साथ सुपर सैंपल की जांच शुरू की जाती है. दस-दस सैंपल वाले जिस सुपर सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है, उन्हें अलग कर दिया जाता है. निगेटिव रिपोर्ट का मतलब यही है कि संबंधित मरीजों में कोरोना संक्रमण नहीं है. जिस दस नमूने वाले सुपर सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है उसे अलग कर लिया जाता है और फिर सभी 10 नमूनों की दोबारा जांच कर कंफर्म कर लिया जाता है कि सभी संक्रमित हैं या नहीं.

चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव रजनीश दुबे बताते हैं “नोएडा के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल के पास कोबास-68 मशीन है. इसकी क्षमता एक हजार टेस्ट करने की है. अभी इन्हें 500 टेस्ट करने की अनुमति दे दी है”

इसी तरह बरेली के ‘इंडियन वेटेनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट’ (आईवीआरआई) के लिए टेस्टिंग लैब में 100 नमूनों की जांच करने के लिए आईसीएमआर ने एनओसी दे दी है. इस तरह जल्द ही 600 और जांच के नमूने की टेस्टिंग बढ़ जाएगी. इस तरह टेस्टिंग क्षमता जल्द ही प्रतिदिन 2700 जांचों तक पहुंच जाएगी. यूपी देश का पहला राज्य होगा जो तीन हफ्ते में अपनी टेस्टिंग क्षमता 13 गुना बढ़ा लेगा. इतना ही नहीं ये सभी लैब मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि करने की क्षमता भी रखती हैं.

केजीएमयू में नमूनों की जांच करने की क्षमता 300, बीएचयू की 300 और एसजीपीजीआई की 250 है. बाकी कानपुर मेडिकल कालेज, आरएमएल लखनऊ, आगरा मेडिकल कालेज, जीआईएमएस ग्रेटर नोएडा, झांसी मेडिकल कालेज, प्रयागराज मेडिकल कालेज, गोरखपुर मेडिकल कालेज, सैफई संस्थान, मेरठ मेडिकल कालेज और एमएमयू की क्षमता 125-125 है.

***

Read more!