मोदी की वेबसाइट हैकर के चंगुल से छूटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेबसाइट narendramodi.in को अब कोई खतरा नहीं रहा है. इसे हैकर के नियंत्रण से बाहर कर दिया गया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेबसाइट narendramodi.in को अब कोई खतरा नहीं रहा है. इसे हैकर के नियंत्रण से बाहर कर दिया गया है. वेबसाइट के लिए खतरे की सूचना देने वाले फ्रांस के इथिकल हैकर रॉबर्ट बैपटिस्टे उर्फ इलियट एल्डर्सन ने इंडिया टुडे को बताया कि मोदी की वेबसाइट को मंडरा रहे खतरे को दूर कर लिया गया है.
मालूम हो कि साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट और इथिकल बैपटिस्टे ने सोमवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी थी कि मोदी की वेबसाइट के डाटा पर किसी अज्ञात हैकर ने अपने कब्जे में कर लिया है. सुबूत के तौर पर उसने साइट के सर्वर पर कुछ टैक्सट पोस्ट किया है.
बैपटिस्टे ने ट्वीट में खुद से मैसेज के जरिये संपर्क करने की बात कही थी. इसके बाद टीम मोदी ने उससे संपर्क किया. टीम ने बैपटिस्टे से संपर्क के बाद वेबसाइट को खतरे से मुक्त कर लिया है. वेबसाइट में हालांकि कोई संवेदनशील जानकारियां नहीं हैं. लेकिन बैपटिस्टे का कहना है कि वेबसाइट पर पूरा नियंत्रण होने का मतलब है कि हैकर साइट के यूजर्स से जुड़ी जानकारी ले सकता है. उस पर अपना कंटेंट पोस्ट कर सकता है.
मालूम हो कि बैपटिस्टे वही इथिकल हैकर हैं जिन्होंने यूआईडीएआई के आधार डाटा को खतरे की चेतावनी जारी की थी, जिसके बाद आधार डाटा को लेकर काफी हंगामा मचा था. उन्होंने कुछ लोगों के आधार डाटा की जानकारी होने की बात भी कही थी. बहरहाल, भारत में सरकारी वेबसाइटों पर खतरा लगातार बना हुआ है क्योंकि सिक्योरिटी के जो फीचर्स लगाए जाते हैं, हैकर्स उनसे हमेशा एक कदम आगे निकल जाते हैं.
***