नरभसलालः इनवेस्ट इन लंगोट
पिछले पांच साल से बंगरुआ हर बार रोटी में इनवेस्टमेंट करता था, लेकिन प्रॉफिट कुछ नहीं मिल रहा था. न कभी खुद भरपेट खा पाया, न ही बच्चों को खिला सका. रोटी का सेंसेक्स तो लगातार गिरता ही रहा है न.

व्यंग्य/नरभसलाल का फंडा
मेरे परम मित्र नरभसलाल ने वादा किया था कि शाम में मुझे नाटक दिखाने मंडी हाउस ले चलेंगे. वो भी शेक्सपियर का नाटक हेमलेट. तय समय पर मेरे घर पधार भी गए, लेकिन आते ही सोफे में धंस गए. मैंने पूछा, 'टिकट लाए हो?' तो बोले, ‘टिकटवा को मारो गोली. तुम मुझे महाभारत बाला संजय काहे नहीं समझ लेतो हो. समझ लो और खुद धृतराष्ट्र जैसा अन्हरा जाओ और मेरी आंख से नाटक देखों’.
मैंने नाराज होते हुए कहा कि, ‘ऐसे कैसे नाटक देखूंगा. कुछ भी बोलते हो’.
मुझे नाराज होता देख बोले, ‘चुप्प रहो यार. पूरा देश अन्हराया हुआ पता नहीं क्या-क्या देख रहा है और तुम नाटक भी नहीं देख सकते’.
मैंने टोका, ‘क्या मतलब है तुम्हारा’. तो वे बोले, 'देखा नहीं अभी बजट आया. उसका नाम बही-खाता रखा गया. लाल कपड़े में लपेटकर वित्त मंत्री खाता-बही संसद में ले गई.'
मैं कुछ बोलता इससे पहले वह टपक पड़े. ‘कुछ भी हो भाई. लाल कपड़ा देख कर मन ललच गया. सोचा इसी रंग का लंगोट बनबा लूं. मेरा तो छोड़ो, बंगरू दास तो इतना ललचाया कि जो थोड़े बहुत पैसे खेते में लगाने के लिए जो कर्जा लिया था वह लंगोट में इन्वेस्टमेंट करने का फैसला कर लिया. अब किया तो ठीके न. पिछले पांच साल से बंगरुआ हर बार रोटी में इनवेस्टमेंट करता था लेकिन प्रोफिट कुछ नहीं मिल रहा था. न कभी खुद भर पेट खा पाया न ही बच्चों को खिला सका. रोटी का सेंसेक्स तो लगातार गिरता ही रहा है न.'
मैंने पूछा, 'यार, लंगोट में सारा पैसा झोंक दिया. वह भी कर्ज लेकर. यह बात समझ आई नहीं, इससे खाना थोड़े न मिलेगा.'
नरभसलाल बोले, 'तुम्हें देश-दुनिया का कुछ पता नहीं है. अब अगर रोटी में इनवेस्ट करता, तो जिस साहूकार से पैसे लिए थे, वह घर आकर रोटी छीन लेता न. पहले भी लगातार साहूकार रोटी पकने से पहले ही घर पर धमक जाते थे. मार-पीट अलग से करते थे. बेचारे का बाप तो फांसी लगाकर ही झूल गया था.'
मैंने सवाल किया, 'तो क्या अब साहूकार अपने पैसे मांगने नहीं आएंगे?' नरभसलाल बोले, 'हां भाई क्यों नहीं आएंगे. किसका मजाल है कि साहूकार पर नकेल कस सके. हां इतना जरूर है कि लंगोट में इनवेस्टमेंट है तो लंगोट खोलने से पहले साहूकार दस बार सोचेगा. दूसरा फायदा यह है कि बंगरूआ लंगोट पहन कर गौ-रक्षक दल में जॉब भी पा सकता है. जब भी रोबवाला. पुलिस भी गौ-रक्षक को कुछ कहने से पहले 10 बार सोचती है. कुछ भी कहो सबसे पावरफुल जॉब अगर है तो गौ-रक्षक बनना. दिन भर मूंछ पर ताव देते हुए लंगोट बांधे खड़े रहो. गाय ले जाते हुए किसी को देखो तो बस घेर लो. दो-चार थप्पड़ मार दो. तब तक दल के दूसरे सदस्य आकर धो डालते हैं. गौ ले जाने वाले कई लोग तो थप्पड़ और लात-घूंसे खाने के बाद जान बचाने के लिए पैसे भी देते हैं. सो बंगरुआ ने स्मार्ट इनवेस्टमेंट किया है.'
मैंने बात बदलने के लिए कहा कि भाई लंगोट से निकल कर नाटक पर चलें वापस? तो नरभसलाल बोले, 'हां भाई तो मेरी निगाह से चलो समुद्र किनारे.' मैंने पूछा, 'तो बोले गोवा चलो. वास्कोडिगामा ने क्या सुंदर जगह तलाशा था गोवा. वहां तो जो विधानसभा में नेता विपक्ष था और रोज सरकार को गरियाते हुए नहीं थकता था अचानक से सरकार में शामिल होकर उप-मुख्यमंत्री बन गया. लेकिन क्लाइमेक्स यही नहीं है. जो उप-मुख्यमंत्री था वह अचनाक ही विपक्ष में जाकर सरकार को गरियाने लगा. गजब का नाटक नहीं है यह? शेक्सपियर तो बिना कुछ किए धरे नाम कमा गया. गोवा में जो हुआ वैसा नाटक शेक्सपियर का बाप भी नहीं लिख सकता था.'
मैं कुछ बोलता उससे पहले नरभसलाल चालू हो गए. बोले, 'गोवा की छोड़ो, कर्नाटक में देखो. वहां सरकार चुनाव लड़ कर नहीं बनती. चुनाव जीतने के बाद जो मंत्री बनने से चूक जाता है वह मंत्री बनने के लिए सरकार ही बदलवाने के हालात पैदा कर लेता है. सरकार गिराने की जल्दी इतनी होती है कि विरोधी दल के नेता विधानसभा में ही सो जाते हैं. शेक्सपियर ऐसी कल्पना कभी कर सका क्या. फिर काहे का नाटककार बना. और तो छोड़ो जब आंध्र प्रदेश के राज्यसभा के चार नेता, सत्ताधारी दल में शामिल हो गए तो क्या वह छोटा-मोटा नाटक नहीं था. शेक्सपियर तो यह भी नहीं सोच पाया.'
नरभसलाल यही नहीं रुके. बोले, 'भाई तुम देखते जाओ, वह दिन दूर नहीं है जब जिस सरकार को गिरने का भय नहीं हो वह भी दूसरी पार्टी में शामिल हो सकता है.'
नरभसलाल की यह बात मुझे अच्छी नहीं लगी. मैंने कहा, 'तुम कुछ भी बोले जा रहे हो ऐसा भी होता है क्या?' तो जवाब में बोले, 'तुम में सोचने की ताकत कुंद पड़ गई है. तुमने ध्यान नहीं दिया. शुरू में ही मैंने बोला था कि बजट इस बार बही-खाता बन गया है. ब्रीफकेस में जब तक रहा, तब तक बजट था जैसे ही लाल कपड़े में लिपटा, बही-खाता हो गया. बही-खाता की गांठ खोलते ही तुम्हें पता चलेगा कि सरकारा खेल इनवेस्टमेंट का है. लोगों को पेट्रोल में इनवेस्टमेंट करना पड़ेगा, फिर रोड पर चलने के लिए इनवेस्टमेंट करना होगा. जितना कमाओगे उसमें रोटी खरीदने से पहले इतना इनवेस्टमेंट करना पड़ेगा कि रोटी में इनवेस्टमेंट लगाने के लिए कुछ बचेगा ही नहीं. इसलिए जो विधायक, मंत्री, सांसद या मुखिया हैं वह सभी खुद को उस पार्टी में इनवेस्ट कर रहे हैं जहां से उन्हें कुछ मिलने की उम्मीद है. कुछ नेताओं ने तो इसलिए इनवेस्टमेंट किया है कि भले कुछ रिटर्न मिले न मिले जो है वह चला न जाए. नेताओं की तो बात छोड़ो अब तो टीवी और सिनेमा के स्टार भी खुद को सियासत में इनवेस्ट करने लगे हैं. बेटा, यह इनवेस्टमेंट का जमाना है, इसलिए शेक्सपियर की किताब पर इनवेस्टमेंट करना छोड़ कर, लंगोट पर इनवेस्टमेंट करो. क्योंकि शेक्सपियर की किताब से कुछ बचेगा नहीं, लंगोट इज्जत तो बचा लेगा.'
(सुजीत ठाकुर इंडिया टुडे में असिस्टेंट एडिटर हैं)
***

