शारजाह से शुरू होगी यूपी के लोगों की ‘घरवापसी’

शारजाह में फंसे यूपी के 200 को लेकर पहला विमान नौ मई की शाम आठ बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेगा.

फोटोः मेल टुडे
फोटोः मेल टुडे

शारजाह में फंसे यूपी के 200 को लेकर पहला विमान नौ मई की शाम आठ बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेगा. इन लोगों का पूरा स्वास्थ्य परीक्षण करके इन सभी को १४ दिन लिए कोरेंटाइन सेंटर में रखा जाएगा. इसके बाद ही इन्हें घर जाने की अनुमति होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशों में फंसे यूपी के लोगों को लाने की कार्रवाई करने की योजना बनाने के निर्देश दिए थे. इसके बाद विदेश मंत्रालय के सहयोग से लोगों को वापस लाने की योजना अमल में लाई गई है.

अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के लिए लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. अभी तक 43 से अधिक ट्रेन आ चुकी हैं या आने वाली हैं.

गुरूवार की रात 12 बजे तक 13 और ट्रेनों के आने की संभावना उन्होंने व्यक्त की है. उन्होंने बताया कि आगरा, कानपुर, लखनऊ, जौनपुर, बलिया, गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज, कन्नौज, बाराबंकी, बांदा, सीतापुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और उन्नाव में ट्रेने आई हैं. अब तक आने वाली 43 ट्रेनों में 51 हजार 371 लोग आए हैं. आने वाली 13 अन्य ट्रेनों में करीब 15 हजार श्रमिकों के आने की संभावना उन्होंने व्यक्त की है.

उन्होंने बताया कि शुक्रवार या उसके बाद 43 अन्य अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी गई है. इनमें भी 53 हजार से अधिक लोग आ सकते हैं. उन्होंने बताया कि प्रवासी कामगारों व श्रमिकों को लाने के लिए 99 ट्रेनों की व्यवस्था की गई है.

अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि रोडवेज की बसों से राजस्थान से 10 हजार लोगों को लाने का काम शुरू कर दिया गया है. अबतक 1 लाख श्रमिकों व कामगारों को लाने व ले जाने का कार्य हुआ है. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार से प्रति दिन 10 ट्रेन भेजने का आग्रह किया गया है.

पंजाब से भी 17 ट्रेनों को उत्तर प्रदेश में श्रमिकों को लाने की अनुमति दी गई है, इन 17 में 4 ट्रेन आ चुकी हैं. केरल से पहली ट्रेन लखनऊ पहुंच गई है. तेलंगाना से 2 ट्रेनें आ गई हैं. उन्होंने बताया कि आने के बाद सभी कामगारों व श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के बाद जिनको भी होम क्वारंटीन के लिए भेजा जा रहा है उनको भरण-पोषण के लिए एक हजार रुपया और मानक के अनुसार खाद्यान्न भी उपलब्ध कराने का निर्देश सीएम योगी ने दिया है.

***

Read more!