हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ बढ़े अपराध, पुलिस के आंकड़े दे रहे हैं गवाही

 साल 2017 में हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ 40 फीसदी तक बढ़े अपराध

 साल 2017 में हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ 40 फीसदी तक बढ़े अपराध
साल 2017 में हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ 40 फीसदी तक बढ़े अपराध

राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो, हरियाणा के हालिया आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं. इन आंकड़ों के मुताबिक साल 2017 में हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ अपराध में करीब 40 फीसदी की वृद्धि नजर आ रही है. राज्य अपराध ब्यूरो प्रदेश में होने वाले अपराध का महीनावार आंकड़ा अपनी वेबसाइट पर जारी करता है.

अभी इस पर 2017 में मई से लेकर नवंबर यानी सात महीनों का आंकड़ा उपलब्ध है. इन आंकड़ों के मुताबिक इन सात महीनों में राज्य में महिलाओं के खिलाफ कुल 8,234 अपराध हुए यानी प्रतिदिन 38 अपराध.

वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने हाल ही में 2016 के देशव्यापी आंकड़े जारी किए थे. इसके मुताबिक 2016 में हरियाणा में महिलाओ के खिलाफ कुल 9,839 यानि प्रतिदिन करीब 27 अपराध हुए थे.

इसी तरह एनसीआरबी 2015 की रिपोर्ट में कुल 9511 अपराध यानि प्रतिदिन करीब 26 मामले ही दर्ज थे. लेकिन अब हरियाणा राज्य रिकॉर्ड ब्यूरों के आंकड़े दर्शा रहे हैं कि 2017 में सिर्फ सात महीनों में ही ऐसे 8,234 अपराध हुए जो कि प्रतिदिन 38 अपराध हैं.

यानी प्रतिदिन 11 अपराध बढ़ गए जो 2016 के मुकाबले करीब 40 फीसदी ज्यादा हैं. इससे यह भी संकेत मिलता है कि 2018 में जब एनसीआरबी 2017 के आंकड़े जारी करेगी उसमें हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़ों में काफी वृद्धि दिखाई देगी. हालांकि 2017 में ये आंकड़े हर महीने थोड़ा कम ज्यादा होते रहे हैं और नवंबर में अन्य महीनों के मुकाबले कम अपराध दर्ज हुए हैं.

ठीक इसी तरह एनसीआरबी के 2016 के आंकड़ों में उस पूरे साल में बलात्कार के 1187 मामले दर्ज किए गए लेकिन राज्य ब्यूरो के मुताबिक 2017 के इन सात महीनों में ही बलात्कार के 785 मामले दर्ज किए जा चुके हैं.

जाहिर है, राज्य में इन दिनों महिलाओं के खिलाफ भयानक अपराध सामने आ रहे हैं और राज्य सरकार आलोचना के घेरे में है. सबकी निगाहें जहां हाल में जारी 2016 के एनसीआरबी आंकड़ों पर थी, अब राज्य रिकॉर्ड ब्यूरों के ये ताजा राज्य सरकार की मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं. ये आंकड़े महिलाओं के खिलाफ राज्य में अपराध की चिंताजनक स्थिति और उसमें वृद्धि का खुलासा कर रहे हैं.

Read more!