संकट में फेसबुक: दायर हुए चार दर्जन मुकदमे, शेयरों में गिरावट
फेसबुक के शेयरों में गिरावट की वजह अमेरिका की सरकार और 48 राज्यों की ओर से फेसबुक पर दायर किए गए मुकदमे हैं.

अमेरिकी शेयर बाजार में बीते दो दिनों में फेसबुक के शेयर में 10 डॉलर प्रति शेयर से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 277.12 डॉलर के स्तर पर बंद हुआ. शेयरों में इस गिरावट की वजह अमेरिका की सरकार और 48 राज्यों की ओर से फेसबुक पर दायर किए गए मुकदमे हैं. आरोप है कि फेसबुक ने एकाधिकार बनाने और छोटे प्रतिस्पर्धियों को ‘कुचलने’ के लिए बाजार की ताकत का दुरुपयोग किया.
संघीय व्यापार आयोग (एफटीसी) और 48 राज्यों के अटॉर्नी जनरलों ने बुधवार को कंपनी पर मुकदमे की कार्रवाई शुरू कर दी. इसके बाद फेसबुक के शेयरों में निवेशकों ने बिकवाली की. इससे पहले 2020 में फेसबुक के शेयरों में 35 फीसद की बढ़ोतरी देखने को मिली थी.
न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स के नेतृत्व वाले द्विपक्षीय गठबंधन ने आरोप लगाया कि फेसबुक ने अपने एकाधिकार को बनाए रखने के लिए एक व्यवस्थित रणनीति बनाई है. इसमें 2012 में करीबी प्रतिद्वंद्वी इंस्टाग्राम का अधिग्रहण, 2014 में मोबाइल मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप का अधिग्रहण और सॉफ्टवेयर डेवलपर्स पर प्रतिस्पर्धा को खत्म करने वाली शर्तें लगाना शामिल है. फेसबुक ने इंस्टाग्राम को 5,362 करोड़ रुपए और व्हाट्सऐप को 1.65 लाख करोड़ रुपए में खरीदा था.
फेसबुक पर प्रतिस्पर्धा को नुकसान पहुंचाने का आरोप है. साथ ही उपभोक्ताओं के लिए सोशल नेटवर्किंग के सीमित विकल्प रह गए और विज्ञापनदाताओं को प्रतिस्पर्धा का लाभ नहीं मिला.
फेसबुक की उपाध्यक्ष और जनरल काउंसिल जेनिफर न्यूस्टेड ने मुकदमे का विरोध करते हुए इसे इतिहास को बदलने की कोशिश बताया. फेसबुक अगर यह मुकदमा हारती है तो उसे व्हाट्सऐप और इंटाग्राम को बेचना पड़ सकता है.
***