त्रिशनीत अरोड़ा फॉर्च्यून 40 अंडर 40 में

त्रिशनीत अरोड़ा फॉर्च्यून 40 अंडर 40 में, इथिकल हैकर से बिजनेसमैन बने अरोड़ा की कंपनी साइबर सुरक्षा प्रदान करती है

फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे

देश के युवा इथिकल हैकर और टीएसी सिक्योरिटी नामक साइबर सुरक्षा कंपनी के संस्थापक और सीईओ त्रिशनीत अरोड़ा को दुनिया की नामी पत्रिका फर्च्यून ने फॉर्च्यून 40 अंडर 40 में शामिल किया है. क़ारोबार की दुनिया में प्रभावी काम करने वाले 40 साल से कम उम्र के 40 लोग इसमें शामिल किए जाते हैं. 

25 साल के त्रिशनीत अरोड़ा ने हालांकि स्कूली पढ़ाई भी पूरी नहीं की है लेकिन कंप्यूटर की दीवानगी ने उनको एक इथिकल हैकर और साइबर बिजनेसमैन बना दिया है. त्रिशनीत की कंपनी के क्लाइंट्स की सूची में कई देशों की सरकारें, कुछ राज्यों की पुलिस, सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां ऑनलाइन पेमेंट से जुड़ी कंपनियां और कॉर्पोरेट्स शामिल हैं. उनकी कंपनी देश में 1 लाख करोड़ रुपए के ऑनलाइन पेमेंट को साइबर सुरक्षा प्रदान करती है. 

फॉर्च्यून 40 अंडर 40 का सम्मान मिलने के बाद त्रिशनीत अरोड़ा ने इंडिया टुडे से कहा कि यह उपलब्धि हासिल करने के बाद मैं काफी खुश हूं. लेकिन मैं और आगे जाना चाहता हूं. मेरा सपना है कि कंपनी फॉर्च्यून 500 कंपनियों की सूची में शामिल हो. टीएसी सिक्योरिटीज के विस्तार की योजनाओं पर काम जारी है. मालूम हो कि लुधियाना में एक छोटे से मकान में रहने वाले त्रिशनीत ने कंप्यूटर की सारी बारीकियां अपने घर के कंप्यूटर से ही सीखीं. कंप्यूटर खराब होते रहे त्रिशनीत उसे सुधरता हुआ देखकर बाद में खुद भी सुधारने लगे. इसके बाद कई कंप्यूटरों का नेटवर्क बनाया और फिर नेटवर्क को सुरक्षा देने की पहल की. ये सभी काम उन्होंने यू ट्यूब से सीखे या लोगों को करता देखकर. उनकी कंपनी के दफ्तर चंडीगढ़ और मुंबई के अलावा विदेशों में भी हैं. निवेशक विजय केडिया ने भी उनकी कंपनी में निवेश किया है. 

Read more!