वयस्क फिल्में घटीं, दर्शकों की पसंद बदली

देश में एडल्ट (वयस्क) फिल्मों की संख्या लगातार कम होती जा रही है जबकि यूनिवर्सल (यू) और यूनिवर्सल एडल्ट फिल्मों की (यू/ए) फिल्मों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. जानकार कहते हैं कि अब दर्शक और उनकी पसंद तेजी से बदल रही है. 

फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे
फोटो सौजन्यः इंडिया टुडे

देश में एडल्ट (वयस्क) फिल्मों की संख्या लगातार कम होती जा रही है जबकि यूनिवर्सल (यू) और यूनिवर्सल एडल्ट फिल्मों की (यू/ए) फिल्मों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. सरकारी आंकड़े कहते हैं कि 2016-17 में 582 फिल्मों को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने एडल्ट सर्टिफिकेट दिया था जबकि ये संख्या 2018-19 में 420 रह गई. बॉलीवुड के जानकार कहते हैं कि अब दर्शक और उनकी पसंद तेजी से बदल रही है. 

सरकार ने संसद में बताया है कि सीबीएफसी ने 2016-17 में 1,209 फिल्मों को यू और 1620 फिल्मों को यू/ए फिल्म का सर्टिफिकेट दिया. जबकि 2018-19 में 1,352 फिल्मों को यू और 2515 फिल्मों को यू/ए सर्टिफिकेट मिला. इस पर बॉलीवुड के युवा निर्माता निर्देशक सैय्यद जैगम इमाम कहते हैं, "लोग परिवार के साथ फिल्में देखना चाहते हैं इसलिए ए सर्टिफिकेट वाली फिल्में घट रही हैं." 

फिल्म निर्माण से जुड़े लोग जानते हैं कि ए फिल्में बनाते ही बहुत बड़ा वर्ग कट जाता है. जैगम कहते हैं, "बॉलीवुड में ए कैटेगरी की फिल्में एलान करके बनाना बेइज्जती माना जाता है. जिन बॉलीवुड फिल्मों को ए सर्टिफिकेट मिलता भी है तो किसी सीन या मारधाड़ की वजह से. ए फिल्में रीजनल और साउथ सिनेमा में ज्यादा बनती हैं." 

मुंबई के वरिष्ठ फिल्म पत्रकार रवि बुले कहते हैं, "पिछले पांच-सात साल में सिनेमाघरों में दर्शक लौटे हैं. बड़े सितारों ने भी परिवार वाली फिल्मों पर ध्यान दिया. मल्टीप्लेक्स में सामान्य तौर पर परिवार के साथ लोग फिल्में देखने आती हैं. अच्छे कंटेट वाली साफ सुथरी मनोरंजक फिल्में जब दर्शक ला रही हैं तो ऐसी ही फिल्में बनाने का दौर चल पड़ा है इसलिए एडल्ट फिल्मों की संख्या तेजी से घट रही है." 

एक और बदलाव आया है कि अब बॉक्स ऑफिस में फिल्मों का सर्टिफिकेट लगा दिया जाता है. जैगम कहते हैं, "कम उम्र के लोगों को अब सख्ती से ए फिल्मों में घुसने नहीं दिया जाता. सेंसर बोर्ड से यू सर्टिफिकेट लेना सबसे कठिन काम है. यहां जरा सी हिंसा या एकाध शब्द के कारण भी फिल्म की कैटेगरी बदल दी जाती है. लेकिन अब कंटेंट क्वालिटी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है."  

यू/ए फिल्मों के चलने की सबसे बड़ी वजह युवा हैं. रवि कहते हैं, "टिकट खरीदने वाला सबसे बड़ा वर्ग 18-25 साल का है. फ्राइडे को यही दर्शक आते हैं. कॉलेज वाले दर्शक ही पहले दिन आते है न कि परिवार वाले. इन्हें कंटेंट वाला सिनेमा चाहिए क्योंकि हॉलीवुड का सिनेमा देखते हुए आ रहा है. इसलिए ये फालतू के एक्शन और मारधाड़ को बर्दाश्त नहीं कर पाता. यही वजह है कि अब ए फिल्में कम हो गई हैं. इसके अलावा ए फिल्मों का कंटेंट दूसरे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है इसलिए उसे देखने अब लोग सिनेमाहल में नहीं आते. एडल्ट फिल्में अब सिंगल स्क्रीन तक सीमित रह गई हैं." 

रवि एक नए ट्रेंड की तरफ भी इशारा करते हैं. वे कहते हैं, "बॉलीवुड में एक हिट आ जाती है तो सब उसी तरफ भागने लगते हैं. इस वक्त देशभक्ति का फार्मूला हिट है, खेल, सामाजिक संदेश वाली  कहानी और बायोपिक की डिमांड है. सायना नेहवाल, सानिया मिर्जा पर फिल्में आने वाली हैं. कंटेंट का बदलाव, मल्टीप्लेक्स में दर्शकों की वापसी, परिवार और यूथ की मल्टीप्लेक्स में वापसी से बॉलीवुड के तेवर भी बदल रहे हैं. जमाना साफ सुथरी फिल्मों का आ गया है."  

***

Read more!