अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में समग्र स्वास्थ्य पर सी20 का मंथन

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान ने एकीकृत समग्र स्वास्थ्य पर सी20 के कार्यकारी समूह के लिए एक वॉकथ्रू की मेजबानी की.

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान ने सी20 के कार्य समूह के लिए एक वाकथ्रू का आयोजन किया
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान ने सी20 के कार्य समूह के लिए एक वाकथ्रू का आयोजन किया

भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है. उससे पहले बदरपुर विधानसभा में सी20 के कार्य समूह की अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में मेजबानी की गई.

कार्यक्रम का शुभारंभ धन्वंतरी वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ. आयुर्वेद में अनुसंधान और शैक्षणिक क्षेत्र में सहयोग के लिए अमृता विश्व विद्यापीठम विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. यूनाइटेड नेशन की सहायक महासचिव अनीता भाटिया की ओर से मिलेट कैलेंडर का विमोचन किया गया.

आयुर्वेद वास्तव में स्वास्थ्य और व्यक्तिगत चिकित्सा के लिए एक समग्र दृष्टिकोण के साथ जीवन का एक विज्ञान है जो विश्व स्तर पर लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है. आयुर्वेद की विरासत को आगे बढ़ाते हुए, आयुष मंत्रालय के तहत आने वाले भारत में आयुर्वेद के शीर्ष संस्थान अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआइआइए) ने 8 अप्रैल 2023 को "एकीकृत समग्र स्वास्थ्य पर सी20 के कार्यकारी समूह" के लिए एक वॉकथ्रू की मेजबानी की. इस कार्यक्रम में 400 से अधिक प्रतिनिधियों के एक बड़े समूह ने भाग लिया और संस्थान ने दिखाया कि कैसे स्वास्थ्य देखभाल में एक एकीकृत दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है.

इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका प्रो. (डॉ.) तनुजा नेसारी ने कहा, "हम आयुष मंत्रालय के तहत तृतीयक देखभाल प्रणाली एआइआइए में सी20 प्रतिनिधियों की सह-मेजबानी करके खुश हैं. हम आयुर्वेद में एकीकरण और समग्र स्वास्थ्य सेवा के मॉडल के रूप में एआइआइए को प्रदर्शित करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहे हैं. जैसा कि 'सभी के लिए स्वास्थ्य' के रूप में इसकी कल्पना की गई है. इसलिए सभी के लिए स्वास्थ्य और समग्र भलाई के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करने के लिए, आयुष प्रणाली की ताकत को मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवा में एकीकृत किया जाना चाहिए."

सी20 दरअसल जी20 का एक इंगेजमेंट समूह है जो लोगों की समस्याओं के निदान पर ध्यान केंद्रित करता है. पूरे वर्ष नियमित बैठकों के साथ, सी20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जो प्रमुख चुनौतियों को संबोधित करता है.

इस मौके पर स्वामी श्री अमृतस्वरूपानंद पुरी, विद्यापीठम कोच्चि के प्रोवोस्ट प्रेम कुमार वासुदेवन नायर, लोकसभा सांसद श्री रामदास तडस, समेत आयुष मंत्रालय और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.

***

Read more!