छोटी कंपनी, बड़ा MoU पर कैसे घिर गई योगी सरकार
एक छोटे से स्टार्टअप के साथ 25,000 करोड़ के MoU पर सवाल, सोशल मीडिया पर मुद्दा उछलने के बाद सरकार की किरकिरी, निवेश दावों और प्रक्रियाओं पर खड़े हुए बड़े सवाल

उत्तर प्रदेश को “AI प्रदेश” बनाने के बड़े दावे के साथ किया गया 25,000 करोड़ रुपये का एक समझौता ज्ञापन (MoU) अब सरकार के लिए असहज सवालों का कारण बन गया है. बेंगलुरु की अपेक्षाकृत नई स्टार्टअप कंपनी Puch AI के साथ हुए इस करार ने न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर बहस छेड़ी है, बल्कि यह भी दिखाया है कि डिजिटल दौर में किसी भी बड़े सरकारी दावे की जांच कितनी तेजी से सार्वजनिक जांच में आ जाती है.
23 मार्च को योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक X हैंडल से एक पोस्ट के जरिए इस MoU की जानकारी दी गई. इसमें दावा किया गया कि यह समझौता उत्तर प्रदेश में AI पार्क, बड़े डेटा सेंटर, AI कॉमन्स और एक AI यूनिवर्सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का रास्ता खोलेगा. सरकार के मुताबिक, यह पहल न सिर्फ तकनीकी विकास को गति देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और इनोवेशन के नए अवसर भी पैदा करेगी.
लेकिन जैसे ही यह जानकारी सार्वजनिक हुई, सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई. यूजर्स ने Puch AI की क्षमता, उसके वित्तीय आकार और अनुभव पर गंभीर सवाल उठाए. कई पोस्ट्स में दावा किया गया कि कंपनी का सालाना राजस्व 50 लाख रुपए से भी कम है और उसका आकार इतना छोटा है कि वह 25,000 करोड़ रुपए जैसी विशाल परियोजना को संभाल नहीं सकती; इन सवालों को और धार तब मिली जब X पर इस पोस्ट के साथ एक ‘कम्युनिटी नोट’ भी जुड़ गया, जिसमें कंपनी की कथित सीमित क्षमता का जिक्र किया गया.
विवाद बढ़ने पर मुख्यमंत्री को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी. उन्होंने स्पष्ट किया कि MoU कोई अंतिम अनुबंध नहीं होता, बल्कि यह एक शुरुआती कदम है. उनके मुताबिक, “Invest UP द्वारा किया गया MoU विस्तृत जांच-पड़ताल और परियोजना मूल्यांकन से पहले की प्रक्रिया का हिस्सा होता है.”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर कोई निवेशक तय मानकों पर खरा नहीं उतरता, तो MoU स्वतः निरस्त हो जाएगा और सरकार किसी भी तरह से बाध्य नहीं होती. यह स्पष्टीकरण तकनीकी रूप से सही हो सकता है, लेकिन इससे विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ. असल सवाल यह उठ रहा है कि क्या इतनी बड़ी घोषणा करने से पहले कंपनी की बुनियादी जांच होनी चाहिए थी? और क्या सरकार को पहले ही चरण में इतनी बड़ी निवेश राशि का प्रचार करने से बचना चाहिए था?
इन्वेस्ट यूपी पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में Invest UP की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. विपक्ष और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कंपनी के दस्तावेजों की पर्याप्त जांच किए बिना ही MoU कर लिया और यहां तक कि कंपनी के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात भी करवा दी; Invest UP के सीईओ विजय किरण आनंद ने सफाई देते हुए कहा कि MoU के बाद ही विस्तृत जांच की प्रक्रिया शुरू होती है और कंपनी से संबंधित दस्तावेज मांगे जा चुके हैं. उनके अनुसार, यह एक सामान्य प्रक्रिया है और इसे लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है.
दूसरी तरफ, Puch AI के को-फाउंडर सिद्धार्थ भाटिया ने भी सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर अपनी कंपनी का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि यह MoU एक पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें राज्य सरकार के पैसे का कोई प्रत्यक्ष निवेश नहीं होगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और इसमें बाहरी निवेशकों की भागीदारी होगी.
कंपनी के राजस्व को लेकर उठे सवालों पर भाटिया ने सफाई दी कि 42.9 लाख रुपये का आंकड़ा “Google AI की एक गलती” का परिणाम है, जिसमें उनकी कंपनी को किसी अन्य “Pucho AI” नाम की इकाई के साथ भ्रमित कर दिया गया. उन्होंने कहा कि Puch AI का वास्तविक राजस्व सार्वजनिक नहीं है, लेकिन कंपनी “अच्छी फंडिंग” के साथ काम कर रही है और वह बूटस्ट्रैप्ड स्टार्टअप (सिर्फ संस्थापकों के पैसों से चलने वाला) नहीं है.
सवालों के घेरे में सरकारी कार्यप्रणाली
फिर भी, इस पूरे विवाद ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. पहला सवाल प्रशासनिक सतर्कता का है. क्या सरकार को इस तरह के बड़े निवेश समझौते की घोषणा करने से पहले कंपनी की विश्वसनीयता और क्षमता की प्राथमिक जांच नहीं करनी चाहिए थी? दूसरा सवाल संचार रणनीति का है. क्या शुरुआती स्तर के MoU को इतने बड़े निवेश के रूप में पेश करना सही था?
राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा है. उनका आरोप है कि यह मामला “निवेश के नाम पर प्रचार” का उदाहरण है, जहां वास्तविकता से ज्यादा बड़े दावे किए जा रहे हैं. विपक्ष इसे सरकार की “इवेंट मैनेजमेंट पॉलिटिक्स” का हिस्सा बता रहा है, जिसमें बड़े-बड़े आंकड़ों के जरिए विकास का नैरेटिव गढ़ा जाता है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद अपने आप में छोटा लग सकता है, लेकिन इसके व्यापक राजनीतिक निहितार्थ हैं; लखनऊ स्थित एक वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक मनोज पासवान के अनुसार, “भाजपा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश को निवेश के केंद्र के रूप में पेश करने की रणनीति अपनाई है. ऐसे में अगर किसी MoU को लेकर सवाल उठते हैं, तो यह उस पूरे नैरेटिव को कमजोर कर सकता है.”
उनका कहना है कि डिजिटल युग में किसी भी दावे की तुरंत जांच होती है और सरकारों को अब पहले से ज्यादा सतर्क रहना होगा. एक अन्य विश्लेषक का मानना है कि यह विवाद युवाओं के बीच भी असर डाल सकता है, खासकर उन लोगों के बीच जो टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को समझते हैं. वे कहते हैं, “AI जैसे क्षेत्र में काम करने वाले युवा जानते हैं कि इतनी बड़ी परियोजनाओं के लिए किस तरह की क्षमता और संसाधन चाहिए होते हैं. ऐसे में जब एक छोटी कंपनी के साथ इतने बड़े निवेश की बात सामने आती है, तो संदेह स्वाभाविक है.”
पुरानी गलती से नहीं ली सीख
यह पहली बार नहीं है जब Invest UP के जरिए हुए किसी MoU को लेकर विवाद हुआ हो. दो साल पहले पंजाब की एक कंपनी के साथ 13,500 करोड़ रुपए के डेटा सेंटर निवेश का समझौता भी सवालों में आया था. बाद में उस कंपनी पर निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोप लगे और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसके संचालकों को गिरफ्तार किया. उस घटना ने भी Invest UP की प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े किए थे.
इस विवाद ने एक और महत्वपूर्ण पहलू को उजागर किया है, वह है सोशल मीडिया की भूमिका. मनोज पासवान बताते हैं “पहले जहां ऐसे समझौते केवल सरकारी फाइलों और प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित रहते थे, अब हर दावा तुरंत सार्वजनिक जांच के दायरे में आ जाता है. X जैसे प्लेटफॉर्म पर ‘कम्युनिटी नोट्स’ जैसी व्यवस्था ने सरकारों और कंपनियों के दावों को चुनौती देने का एक नया माध्यम दिया है.”
आखिरकार, यह मामला केवल एक MoU का नहीं है, बल्कि यह उस तरीके का आईना है, जिससे सरकारें विकास और निवेश की कहानी गढ़ती हैं. आगे यह देखना दिलचस्प होगा कि यह MoU वास्तविक निवेश में बदलता है या सिर्फ एक और अधूरी कहानी बनकर रह जाता है.