वसुंधरा राजे ने BJP के 'बाहरी' नेताओं पर क्यों उठाए सवाल?
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने एक बयान से राजस्थान BJP में दूसरी पार्टी से आए नेताओं की प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े किए हैं

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 46वीं सालगिरह के मौके पर ‘वफादारी बनाम अवसरवाद’ को लेकर दिए गए वसुंधरा राजे के बयान ने पार्टी में एक नई लकीर खींच दी है. राजे ने अपने लंबे सियासी अनुभव का हवाला देते हुए साफ कहा कि राजनीतिक नियुक्तियों में उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए जो मूल BJP से जुड़े हैं और जिन्होंने संगठन के लिए संघर्ष किया है.
राजे का यह बयान ऐसे समय आया है जब भजनलाल शर्मा सरकार राज्य में निगम, बोर्ड, आयोग और अकादमियों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की तैयारी कर रही है. इन नियुक्तियों को अंतिम रूप देने के लिए जयपुर से दिल्ली तक मैराथन बैठकें चल रही हैं. इनके जरिए BJP के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को समायोजित किया जाएगा.
राजनीतिक जानकार राजे के इस बयान को महज वैचारिक अपील नहीं, बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषक अजय पुरोहित कहते हैं, ‘‘लंबे समय से सत्ता के केंद्र से दूरी झेल रही वसुंधरा राजे अब यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि उनके समर्थकों को नजरअंदाज न किया जाए. ऐसे में मूल विचारधारा के प्रति निष्ठा पर उनका जोर उन नेताओं पर अप्रत्यक्ष हमला माना जा रहा है, जो हाल के वर्षों में दूसरी पार्टियों से BJP में आए हैं और सियासी नियुक्तियों में जगह पाने के लिए जोड़-तोड़ की कोशिश में जुटे हैं.’’
राजनीतिक नियुक्तियों में हो रही देरी ने इस बहस को और तीखा कर दिया है. भजनलाल सरकार अपने ढाई साल के कार्यकाल में अब तक गिने-चुने बोर्डों में ही नियुक्तियां कर पाई है, जबकि 100 से अधिक निगम, बोर्ड, आयोग और शहरी निकायों में पद खाली पड़े हैं. प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल भी मानते हैं कि सियासी नियुक्तियों में देरी हुई है, मगर अब प्रक्रिया तेज की जा रही है.
इन नियुक्तियों में देरी का असर केवल राजनीतिक संतुलन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी इससे प्रभावित हो रही है. कई बोर्ड और आयोग बिना अध्यक्ष के काम कर रहे हैं, जिससे नीतिगत फैसले लंबित पड़े हैं. महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग और अल्पसंख्यक आयोग जैसे संस्थानों में शीर्ष पद खाली होने से शिकायत निपटारे की गति धीमी पड़ गई है. वहीं आवासन मंडल, पर्यटन विकास निगम और शहरी सुधार निकायों में नियुक्तियां नहीं होने से विकास परियोजनाओं की गति मंद पड़ रही है.
फिलहाल, राजस्थान स्टेट कृषि विपणन बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान बुनकर संघ, राजस्थान खादी और ग्राम उद्योग बोर्ड, पशुधन विकास बोर्ड, राज्य खेल परिषद, कर बोर्ड, युवा बोर्ड, जन अभाव अभियोग निराकरण, बीस सूत्रीय कार्यक्रम, केश कला बोर्ड, समाज कल्याण बोर्ड, विभिन्न अकादमियों और शहरी सुधार निकायों में अध्यक्ष सहित अन्य पद खाली चल रहे हैं. भ्रष्टाचार के मामलों की रोकथाम करने वाली संस्था के तौर पर लोकायुक्त की भी नियुक्ति नहीं हो पाई है.
नियुक्तियों में देरी से संगठन के भीतर असंतोष और गुटबाजी बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है, क्योंकि जो कार्यकर्ता और नेता लंबे समय से बोर्ड-निगम में काबिज होने की तैयारी कर रहे हैं, उनके इंतजार की अब सीमा खत्म हो रही है. लोकायुक्त जैसे अहम पद पर नियुक्ति नहीं होने से भ्रष्टाचार पर निगरानी तंत्र भी कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है.
राजे ने अपने बयान में यह भी कहा कि कुछ लोग दल तो बदल लेते हैं, लेकिन उनका दिल और सोच नहीं बदलती. पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सीधे तौर पर उन नेताओं पर निशाना मानी जा रही है जिनकी वैचारिक प्रतिबद्धता पर सवाल उठते रहे हैं.
कुल मिलाकर, राजस्थान BJP के भीतर यह बहस अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. एक बात तो तय है कि आगामी राजनीतिक नियुक्तियां केवल पदों का बंटवारा नहीं होंगी, बल्कि इनसे ही यह तय होगा कि संगठन में वफादारी को तरजीह दी जाएगी या अवसरवाद की राजनीति हावी रहेगी. यही फैसला आने वाले समय में प्रदेश BJP की दिशा और नेतृत्व की ताकत को भी निर्धारित करेगा.