वर्दी का भरोसा और हनीट्रैप का जाल : यूपी में ब्लैकमेलिंग का नया सिंडिकेट
बिजनौर केस में हनीट्रैप गैंग का खुलासा, पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल; हाई कोर्ट ने पूरे यूपी में सक्रिय गिरोहों की पहचान और सख्त जांच के दिए निर्देश

23 जनवरी की एक शिकायत ने बिजनौर के किरतपुर थाने में हलचल मचा दी. एक स्थानीय व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वह एक ब्लैकमेलिंग के जाल में फंस गया है. व्यापारी के मुताबिक, 10 जनवरी को उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी. दोनों के बीच पहले फोन पर कई बार बातचीत हुई, फिर रिश्ता इतना सहज हो गया कि होटल में मिलने तक बात पहुंच गई.
लेकिन उस मुलाकात के पीछे एक साजिश छिपी थी. आरोप है कि होटल के कमरे में बिताए गए निजी पलों के दौरान महिला ने चुपचाप उनकी तस्वीरें खींच लीं. करीब दस दिन बाद, 21 जनवरी को कहानी ने अचानक मोड़ लिया. एक स्थानीय राजनेता का फोन आया, जिसने व्यापारी को अपने घर बुलाया. वहां पहुंचने पर व्यापारी ने खुद को और गहरे फंसता पाया क्योंकि वहां दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे.
व्यापारी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे महिला के साथ कथित यौन शोषण के मामले में फंसाने की धमकी दी और फिर 'समाधान' भी सुझाया.
पहले 10 लाख रुपए की मांग रखी गई, जिसे बाद में 8 लाख पर 'सेटल' करने की बात कही गई. योजना पूरी तरह तय थी. व्यापारी को बताया गया कि वह रकम किरतपुर वार्ड सदस्य शाहबेज़ उर्फ शानू को दे दे, जो इस सौदे का 'कलेक्टर' था.
हालांकि, इस बार कहानी अलग मोड़ पर गई. डर के आगे झुकने के बजाय व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामले के सामने आते ही दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हुई. पुलिस ने शाहबेज़ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य कुछ आरोपियों ने अग्रिम जमानत ले ली है. यह मामला अब सिर्फ एक शिकायत नहीं, बल्कि एक ऐसे नेटवर्क की परतें खोल रहा है, जो भरोसे को हथियार बनाकर ब्लैकमेल का कारोबार चला रहा था.
संगठित अपराध का नया चेहरा
यह मामला किसी एक घटना तक सीमित नहीं है. दरअसल, यह उस संगठित अपराध की झलक है, जो पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धीरे-धीरे पैर पसार चुका है. हनीट्रैप अब व्यक्तिगत स्तर का अपराध नहीं रहा, बल्कि यह एक 'सिस्टमेटिक ऑपरेशन' बन चुका है. प्रदेश में पहले भी ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं, जहां हनीट्रैप गैंग में पुलिस या प्रशासन से जुड़े लोग शामिल पाए गए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक पकड़े गए गिरोहों में करीब 8–10 मामलों में किसी न किसी रूप में सरकारी या वर्दीधारी कर्मियों की भूमिका सामने आई है. यह ट्रेंड बेहद खतरनाक है, क्योंकि इससे अपराधियों को वैधता का कवच मिल जाता है और पीड़ित के लिए आवाज उठाना मुश्किल हो जाता है.
इस गैंग में अलग-अलग भूमिकाएं तय होती हैं. एक महिला जो संपर्क करती है, कुछ लोग जो रिकॉर्डिंग और निगरानी करते हैं, और फिर ऐसे लोग जो खुद को पुलिस या प्रभावशाली व्यक्ति बताकर वसूली करते हैं. क्रिमिनल मामलों के वरिष्ठ एडवोकेट अभिनव सिंह बताते हैं, “सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई मामलों में इस नेटवर्क को चलाने वाले लोग स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली होते हैं, जैसे छोटे नेता, दलाल या यहां तक कि पुलिसकर्मी. इससे पीड़ित पर दबाव कई गुना बढ़ जाता है.
इस तरह के गिरोहों की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित और चरणबद्ध होती है. अभिनव सिंह के मुताबिक पहला चरण पहचान और टारगेटिंग से जुड़ा है जिसमें गिरोह पहले ऐसे लोगों की पहचान करता है जो आर्थिक रूप से सक्षम हों और सामाजिक रूप से अपनी छवि को लेकर संवेदनशील हों जैसे व्यापारी, डॉक्टर, छोटे उद्योगपति या सरकारी कर्मचारी.
दूसरा चरण डिजिटल संपर्क का है. इसमें फर्जी प्रोफाइल के जरिए सोशल मीडिया या WhatsApp पर संपर्क किया जाता है. प्रोफाइल इस तरह बनाई जाती है कि वह भरोसेमंद लगे. अक्सर उसमें आकर्षक तस्वीरें और सामान्य जीवन से जुड़ी पोस्ट होती हैं. इसके बाद बातचीत धीरे-धीरे व्यक्तिगत होती जाती है. कभी दोस्ती, कभी सहानुभूति, तो कभी रोमांटिक इशारों के जरिए टारगेट को मानसिक रूप से जोड़ा जाता है. टारगेट के जाल में फंसने के बाद एकांत जगह- ज्यादातर होटल- में मुलाकात तय की जाती है.
वहां छिपे कैमरों या मोबाइल के जरिए निजी क्षणों की रिकॉर्डिंग की जाती है. इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य सक्रिय होते हैं. वे पीड़ित को वीडियो दिखाकर धमकाते हैं कि या तो पैसे दो, या फिर यह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा. कई बार झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जाती है. अभिनव सिंह के मुताबिक मांग पहले बहुत ज्यादा रखी जाती है, फिर बातचीत के जरिए कम की जाती है, ताकि पीड़ित को लगे कि वह 'बच' गया है.
हाईकोर्ट की सख्ती से बढ़ी चुनौती
पुरुषों को 'हनीट्रैप' करने और ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करने वाले गिरोहों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, इलाहाबाद हाई कोर्ट की एक डिवीज़न बेंच ने ऐसे गिरोहों का पता लगाने और उन पर पूरी तरह से जांच करने का निर्देश दिया है, जो सक्रिय हैं और निर्दोष लोगों को निशाना बना रहे हैं.
जस्टिस जे.जे. मुनीर और जस्टिस तरुण सक्सेना की बेंच ने 30 मार्च को उत्तर प्रदेश सरकार, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और मेरठ ज़ोन के इंस्पेक्टर जनरल (IG) को यह निर्देश जारी करते हुए कहा, "अगर इस तरह के अपराधों को जारी रहने दिया गया, तो एक सभ्य दुनिया में रहना मुश्किल हो जाएगा." बेंच बिजनौर ज़िले में हुई ऐसी ही एक घटना के संबंध में एक महिला और तीन अन्य लोगों, जिनमें दो पुलिस कांस्टेबल और एक स्थानीय राजनेता शामिल थे, द्वारा दायर एक रिट याचिका पर सुनवाई कर रही थी. कथित तौर पर ये चारों एक हनीट्रैप गिरोह का हिस्सा थे, जिसने उस महिला के ज़रिए एक स्थानीय व्यवसायी को निशाना बनाया था. चारों आरोपियों ने अपने खिलाफ दर्ज मामले में राहत पाने के लिए कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.
याचिकाकर्ताओं के वकील ने याचिका वापस लेने की भी गुहार लगाई, जिसे बेंच ने मंज़ूर कर लिया बेंच ने आगे कहा, "यह बहुत गंभीर मामला है. हालांकि हम याचिकाकर्ताओं (आरोपियों) की इस रिट याचिका को वापस लेने की प्रार्थना स्वीकार करते हैं, लेकिन हमारी अपनी राय है कि इस मामले की मेरठ ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक की तरफ से गहन जांच की जानी चाहिए. उन्हें ज़ोन के सभी ज़िला पुलिस प्रमुखों को सतर्क करना चाहिए कि वे कड़ी निगरानी रखें कि क्या इस तरह का कोई गिरोह सक्रिय है, या कोई अन्य गिरोह भी सक्रिय है, जो महिलाओं का इस्तेमाल करके 'हनी ट्रैप' में फँसाकर या किसी अन्य तरीके से, भोले-भाले लोगों को ब्लैकमेल कर रहा है."
हाई कोर्ट के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती है इस तरह के संगठित अपराध को जड़ से खत्म करना. एक पूर्व महिला आईपीएस अफसर बताती हैं, “इसके लिए केवल केस-दर-केस कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी. एक व्यापक रणनीति की जरूरत है, जिसमें साइबर क्राइम यूनिट को मजबूत करना, होटल और गेस्ट हाउस पर निगरानी बढ़ाना, संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखना,पुलिस के भीतर आंतरिक निगरानी तंत्र को सख्त करना शामिल है. इसके अलावा, पुलिस को तकनीकी रूप से भी सक्षम बनाना होगा ताकि डिजिटल सबूतों को जल्दी और प्रभावी तरीके से इकट्ठा किया जा सके.”
सामाजिक और मनोवैज्ञानिक पहलू
लखनऊ के वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डा. देवाशीष शुक्ल बताते हैं, “हनीट्रैप का सबसे बड़ा असर पीड़ित के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है. डर, शर्म और सामाजिक बदनामी के कारण कई लोग शिकायत तक नहीं करते. यही वजह है कि ऐसे गिरोह लंबे समय तक सक्रिय रहते हैं. वे जानते हैं कि उनका सबसे बड़ा हथियार 'डर' है और जब तक यह डर बना रहेगा, उनका नेटवर्क चलता रहेगा. इसलिए जरूरी है कि समाज में इस विषय पर खुलकर बात हो. पीड़ितों को यह भरोसा दिया जाए कि वे अकेले नहीं हैं और कानून उनके साथ खड़ा है.”
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आए मामलों का विश्लेषण बताता है कि यह अपराध तेजी से फैल रहा है. खासतौर पर छोटे शहरों और कस्बों में, जहां सामाजिक दबाव ज्यादा होता है, ऐसे गिरोह ज्यादा सक्रिय हैं. इन गिरोहों की खासियत यह है कि वे स्थानीय नेटवर्क का इस्तेमाल करते हैं- जैसे होटल मालिक, दलाल या छोटे राजनीतिक कार्यकर्ता. इससे उनकी पकड़ मजबूत होती है और बच निकलना आसान हो जाता है.
बिजनौर की घटना एक चेतावनी है कि अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. अब यह केवल भौतिक दुनिया तक सीमित नहीं, बल्कि डिजिटल और निजी जीवन में गहराई तक प्रवेश कर चुका है. इससे निपटने में एक मजबूत तंत्र की जरूरत पड़ेगी.