मध्य प्रदेश में बीजेपी की जीत क्या बताती है?

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. बीजेपी की इस जीत और कांग्रेस की हार की वजह खुद कांग्रेस प्रवक्ता ने बता दी है

मध्य प्रदेश में एंटी-इनकंबेंसी की बहस को आसानी से मात देते दिख रहे हैं शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश में एंटी-इनकंबेंसी की बहस को आसानी से मात देते दिख रहे हैं शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एकतरफा जीत दर्ज की है. रात साढ़े 10 बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी ने प्रदेश में 160 सीटें जीत ली हैं. तो वहीं कांग्रेस सिर्फ 64 सिटों पर जीत दर्ज कर पाई है. एंटी इनकंबेंसी की बहस के बावजूद कांग्रेस मध्य प्रदेश में सरकार बनाने में एक बार फिर फेल साबित हुई है.

बीजेपी की इस जीत में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना को सबसे बड़ा फैक्टर माना जा रहा है. शिवराज सिंह चौहान की मामा वाली छवि और महिलाओं को लाभ पहुंचाने वाली ये योजना भाजपा के लिए जीत का फॉर्मूला बनकर उभरा है. मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी ने महिलाओं को केंद्र में रखकर अपना घोषणा पत्र जारी किया था. जिसमें महिलाओं को लाभ देने वाली योजनाओं की भरमार थी.

शिवराज सिंह की सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना कांग्रेस के वादों पर भारी पड़ गई है. मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान वोटिंग के आंकड़े जब सामने आए तब से ही ये चर्चा थी कि महिला वोटर्स इस चुनाव के नतीजे तय करेंगी. प्रदेश में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 2 फीसद ज्यादा वोटिंग की थी. माना जा रहा था कि महिला वोटर्स की ये बढ़त रिजल्ट वाले दिन बीजेपी की बढ़त बनाने में मददगार साबित होंगी और हुआ भी ऐसा ही है. 

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना क्या है?

28 जनवरी, 2023 को मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने इस योजना की घोषणा की थी. 15 मार्च को इसे लॉन्च किया गया. जिसके तहत योजना के लिए पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिया गया. लेकिन अक्टूबर में ये राशि बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिए गए. आंकड़ों के अनुसार राज्य की 1.3 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है.

चुनाव के दौरान शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि को बढ़ाने की भी कही थी. उन्होंने कहा था कि जल्द ही इसे 3000 रुपए किया जाएगा. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने महिला मतदाताओं पर फोकस रखा. बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए कई अलग-अलग योजनाएं लाने का ऐलान किया है. लाडली बहना योजना के लाभार्थियों को पक्का घर देने का वादा किया गया. उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात कही गई है. 15 लाख ग्रामीण महिलाओं के लिए कौशल विकास वाली योजनाएं लाने का ऐलान. गरीब परिवार की छात्राओं को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा बीजेपी ने किया है.

कांग्रेस ने क्या कहा?

इंडिया टुडे पर राजदीप सरदेसाई और राहुल कंवल के साथ बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी लाडली बहना योजना की बात की. सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "शायद मध्य प्रदेश में हमने लाडली बहना जैसी योजना की ताकत को कम करके आंका. शिवराज सिंह चौहान की क्षेत्रीय योजनाएं वो फैक्टर रहीं जिन्होंने उन्हें ड्राइवर सीट पर बैठाया है."

महिला वोटर्स को इस चुनाव में निर्णायक माना जा रहा था. चुनाव के जो नतीजे सामने आए हैं वो इस पर मुहर भी लगाते हैं. गांव-गांव तक महिलाओं के खाते में पहुंच रहा पैसा मध्य प्रदेश में गेम चेंजर साबित हुआ है.

Read more!