बंगाल में BJP की जीत : नैरेटिव, संगठन और SIR ने कैसे पलटा खेल?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) पश्चिम बंगाल में जीत के लिए कई महीनों से जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही थी

नैरेटिव या नेतृत्व के बारे में बात करने से पहले इस चुनाव में सबसे अहम ढांचागत बदलाव मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण या SIR की बदौलत आया. बताया गया कि इस कवायद में करीब 91 लाख नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए.
यह उस राज्य में बहुत बड़ी संख्या है जो वोटरों की घनी बसी और राजनीतिक रूप से गोलबंद बस्तियों से आबाद है. चुनाव आयोग यही कहता रहा कि ऐसे पुनरीक्षण नामों के दोहराव और अशुद्धियों की सफाई के लिए किए जाते हैं. मगर सियासी तौर पर इसका असर शायद कहीं ज्यादा गहरी परतों तक जाता है.
पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में जहां जीत-हार का अंतर अक्सर बेहद स्थानीय गुणा-भाग से तय होता है, इस तरह नामों को हटाए जाने से चुनावी आधार ही बदल जाता है. BJP ने इस प्रक्रिया को लंबे वक्त से टलता आ रहा सुधार बताया. उसने कहा कि "बोगस वोटरों" को हटाने से खासकर सरहदी जिलों में चुनाव ज्यादा साफ-सुथरे और ईमानदार होंगे. दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ने निशानेवार ढंग से लोगों का मताधिकार छीनने का आरोप लगाया. इनमें से चाहे जो भी दावा ज्यादा वजनदार हो, इसके राजनीतिक नतीजे कहीं ज्यादा साफ हैं. वह यह कि मतदाता सूचियों में कांट-छांट हुई और मुर्शिदाबाद और माल्दा जैसे अल्पसंख्यक बहुल जिलों में वोटिंग का पैटर्न छिन्न-भिन्न हो गया.
इसकी वजह से निर्वाचन क्षेत्र के स्तर पर नतीजे बदल गए. कड़े मुकाबले वाली सीटों पर वोट देने निकले लोगों की तादाद में बहुत थोड़ा-सा हेरफेर या मतदाता समूहों की बनावट पलड़े को निर्णायक तौर पर एक या दूसरी तरफ झुका सकती है. लिहाजा SIR ने महज प्रशासनिक कवायद का ही नहीं, बल्कि चुनावी ताकत को चुपचाप BJP के पक्ष में कई गुना बढ़ाने का काम भी किया.
राजनीतिक किले में सेंध
अगर इन नतीजों की बदौलत पश्चिम बंगाल में वाकई BJP की सरकार बनती है, तो यह राज्य में गहराई तक समाई परंपराओं के निर्णायक ढंग से टूटने का संकेत है. बंगाल की चुनावी जमीन दशकों से गहरी जड़ें जमाए बैठी क्षेत्रीय ताकतें गढ़ती रही हैं. ये ताकतें विचारधारा के तौर पर वामपंथ की लगातार मौजूदगी से लेकर ममता बनर्जी की अगुआई में जनवादी गोलबंदी तक रही हैं. अब हम जो देख रहे हैं, वह महज सत्ता-विरोधी भावना नहीं है. यह लंबे समय से चले आते इस भरोसे का टूटना भी है कि बंगाल की राजनीतिक पहचान राष्ट्रीय स्तर के नैरेटिव का प्रतिरोध करती है.
मोदी-शाह के सांचे का बंगाली पड़ाव
यहां जीत से उस राजनीतिक सांचे को जबरदस्त वैधता मिल जाती है जिसे नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने गढ़ा है. यह सांचा केंद्रीय रंगत में ढले संदेशों, विचारधारा की स्पष्टता और अथक चलने वाली चुनावी मशीनरी से मिलकर बना है. BJP के विस्तार के मंसूबों में बंगाल कभी महज एक राज्य नहीं था. यह प्रतीकात्मक सीमांत था. इसे फतह करके उसने दिखा दिया है कि सांस्कृतिक तौर पर अलग व खास और राजनीतिक तौर पर आत्मआश्वस्त इलाके भी राष्ट्रीयता की रंगत में ढले चुनावी विमर्श से अछूते नहीं रह गए हैं.
बंसल-यादव फैक्टर : जमीनी खेल की कारस्तानी
लफ्फाजी और गरमागरमी भरे चुनाव प्रचार के पीछे नेपथ्य से सुनील बंसल और भूपेंद्र यादव जैसे संगठन से जुड़े दिमागों ने BJP के 2026 के चुनावी अभियान को खामोश रहकर नए ढंग से अंजाम दिया. बंसल ने बंगाल BJP के तकरीबन नदारद हो चुके संगठन को खड़ा किया और नए सिरे से संगठित किया, तो यादव ने जमीन पर कान गड़ाए रखकर उसकी चुनावी प्रगति को आगे बढ़ाया.
बंसल ने सटीक ढंग से बूथ स्तर पर पहुंचने पर जोर दिया, जिससे मतदाता के साथ महज बयानबाजी के बजाय निजी मेलजोल सुनिश्चित हुआ. पिछले चुनावों के मुकाबले कहीं ज्यादा अनुशासन के साथ मतदाताओं के हर छोटे से छोटे टोले का पता लगाया गया, उनसे बात की गई और उन्हें गोलबंद किया गया. रही-सही कसर यादव ने पूरी कर दी, जब उन्होंने पार्टी के अंदरूनी ढांचे को स्थिर और व्यवस्थित किया, गुटबाजी को कम किया और उम्मीदवारों के चयन को स्थानीय लोगों में भरोसेमंद चेहरों के पक्ष में चुस्त-दुरुस्त किया.
दलबदलुओं से भरोसे तक : संगठन की साख की मरम्मत
BJP ने अपनी रणनीति में जो सुधार किए, उनमें एक सबसे अहम यह था कि उसने बहुत ज्यादा नामी-गिरामी दलबदलुओं के भरोसे रहने से कन्नी काट ली. पहले के चुनावों में इस रणनीति ने कार्यकर्ताओं के भीतर खिंचाव पैदा कर दिया था और विचारधारा की स्पष्टता भी कुंद हुई थी. 2026 में टिकट ज्यादा चुन-चुनकर बांटे गए. ऐसे नेताओं को तवज्जो दी गई जिनकी स्थानीय जड़ें गहरी थीं और लोगों से लगातार मिलना-जुलना था. इस बदलाव से न केवल संगठन के भीतर मनोबल बल्कि मतदाताओं का भरोसा भी बढ़ा, खासकर ग्रामीण पट्टियों में, जहां राजनीतिक वैधता बनाने में वक्त लगता है.
हिंदुत्व की गोलबंदी : पहचान और सुरक्षा के जरिए गोलबंदी
BJP की बंगाल रणनीति का एक बेहद अहम पहलू उसका हिंदुत्व पर नपा-तुला जोर देना था. यह प्रस्तुति में बहुत ज्यादा विचाराधारात्मक नहीं था, लेकिन असर में गहराई से राजनीतिक था. पार्टी ने तमाम जातियों और क्षेत्रीयताओं में बंटे हिंदू वोटों को गोलबंद करने के लिए काम किया. इसके लिए चुनाव को केवल सरकार चुनने का नहीं, बल्कि पहचान और सुरक्षा का सवाल बताया गया. उसने लगातार ऐसे संदेश दिए जिनसे ममता बनर्जी को चुनिंदा ढंग से अल्पसंख्यकों की तरफदारी करने वाली नेता के तौर पर पेश करने की कोशिश की गई. इस तरह, जायज हो या नाजायज, सरकारी नीतियों में असंतुलन पैदा होने की धारणा बनाई गई.
सरहदी सुरक्षा पर और खासकर बांग्लादेश से सटे जिलों में बार-बार जोर देकर इस नैरेटिव को पुख्ता किया गया. मोदी से लेकर शाह तक हर नेता ने इसी नैरेटिव को दोहराया कि जब तक बंगाल में तृणमूल की हुकूमत है, राज्य बांग्लादेश से अवैध घुसपैठियों के लिए खुला रहेगा. BJP का कहना था कि अवैध घुसपैठ मौजूदा निजाम के मातहत प्रशासनिक ढिलाई की वजह से हो पा रही है. इसे जनसांख्यिकीय और सुरक्षा दोनों की चिंता की तरह पेश किया गया. इसी दलील की बदौलत पार्टी स्थानीय चिंताओं को कहीं ज्यादा बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के विमर्श के साथ मिला पाई. इसीलिए यह मुद्दा सरहदी निर्वाचन क्षेत्रों के अलावा भी लोगों के मन को छूने लगा.
मुर्शिदाबाद जैसे इलाकों में तनाव की खबरों के साथ सांप्रदायिक उबाल की घटनाओं ने इस संदेश को और तीखा कर दिया. इन घटनाओं को कानून और व्यवस्था की कमजोरी और चुनिंदा राजकाज के ज्यादा बड़े अफसाने में पिरोकर पेश किया गया. यह तरीका राजनीतिक तौर पर तब और असरदार साबित हुआ जब इसने अन्यथा बंटे हुए हिंदू वोटरों को मुसीबतों और उनके आगे लाचार होने के साझा अहसास के छत्र तले एकजुट कर दिया. इसमें हिंदुत्व पर BJP के सधे हुए जोर ने न केवल विचाराधारात्मक संदेश देने का, बल्कि जोड़ने वाली उस चुनावी रणनीति का भी काम किया जो पहचान, सुरक्षा और राजनीतिक गोलबंदी से मेल खाती थी.
खामोश बदलाव : वामपंथी वोटर और रणनीतिक पालाबदल
राजनीतिक तौर पर सबसे रहस्यमयी घटना शायद यह रही कि वाम दलों के समर्थन आधार के कुछ और हिस्से BJP की तरफ चले गए. यह रुझान 2019 के आसपास शुरू हुआ था, लेकिन इस चुनाव में यह और गहरा होता हुआ मालूम देता है. वामपंथी मतदाता दशकों से अपने को BJP जैसी पार्टियों के विरोधी के रूप में पेश करते रहे. मगर बंगाल की सियासी हकीकत ने इस दोफाड़ को पेचीदा बना दिया है.
वाम हलकों के भीतर कई लोगों के लिए ममता बनर्जी वह शख्सियत हैं जिसने उनकी लंबी हुकूमत की धुर्रियां बिखेर दीं. तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने की इच्छा कई हलकों में विचारधारात्मक बेचैनी पर भारी पड़ी. इसकी वजह से एक किस्म का रणनीतिक मतदान हुआ, जिसमें सत्ताधारी पार्टी को हटाना सैद्धांतिक मेल से ज्यादा अहम हो गया. कड़े मुकाबले वाले निर्वाचन क्षेत्रों में भले ही थोड़ा ही हुआ हो, पर वोटों के इस हस्तांतरण ने निर्णायक भूमिका अदा की होगी.
भ्रष्टाचार की राजनीतिक अंतरधारा
भ्रष्टाचार के आरोप मतदाताओं की भावना को झकझोरने के सबसे अहम औजार बन गए. बंगाल के बारे में काफी वक्त से कहा जाता रहा था कि भ्रष्टाचार की छाप चुनावों पर नहीं पड़ती. यह मिथक अब टूट गया है. खासकर स्कूलों और सार्वजनिक क्षेत्र की नौकरियों में भर्ती घोटाले ने आकांक्षी युवाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों पर सीधा असर डाला. उस राज्य में जहां सरकारी रोजगार आर्थिक और सामाजिक दोनों लिहाज से अहम है, वहां यह धारणा बनी कि नौकरियों में हेरफेर की जाती है या उन्हें बेचा जाता है. इस धारणा ने गद्दीनशीन निजाम की वैधता पर ही चोट कर दी.
इसी तरह कोयले की तस्करी से जुड़े विवाद ने व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के व्यापक नैरेटिव को खुराक दी. ये मुद्दे महज सुर्खियों तक सिमटे नहीं रहे, बल्कि इन्होंने रोजमर्रा की बातचीत में अपनी जगह बना ली. BJP के अभियान ने इन घोटालों को राजकाज की नाकामी की ज्यादा बड़ी दलील के तौर पर रखा और तितर-बितर गुस्से को चुनावी इरादे में बदल दिया.
मतदान में उछाल : सत्ता-विरोधी अंतर्धारा की झलक
एक और निर्णायक कारक शायद यह रहा कि पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार मोटे तौर पर करीब 30 लाख ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले. ऐसी उछाल बिरले ही तटस्थ होती है. मतदान में बढ़ोतरी से पिछले चुनावों में निष्क्रिय रहे मतदाताओं के लामबंद होने का संकेत मिलता है, जो आम तौर पर संतुष्ट होने के बजाय असंतोष की वजह से वोट डालने निकलते हैं.
बहुत अहम बात यह भी है कि BJP की ज्यादा मजबूत बूथ स्तर की चुनाव मशीनरी ने अपने को इस स्थिति में रखा जहां वह खासकर पन्ना प्रमुखों के जरिए वोटों के इस अतिरिक्त जखीरे को सत्ताधारी पार्टी के मुकाबले ज्यादा काबिलियत से पकड़ पाई. इससे संकेत मिलता है कि अतिरिक्त मतदान महज ज्यादा भागीदारी नहीं थी, बल्कि इसकी राजनीतिक दिशा भी थी, जिसका फायदा चैलेंजर को मिला.
लैंगिक पहचान, सुरक्षा और जनकल्याण की राजनीति की सीमाएं
लैंगिक मुद्दों ने चुनावों में जटिलता की एक और परत जोड़ दी. आरजी कर और संदेशखाली विवाद जैसी घटनाएं खासकर महिलाओं की सुरक्षा और जवाबदेही के लिहाज से संस्थागत नाकामी की प्रतीकात्मक पहचान बन गईं. पानीहाटी सीट से आरजी कर की पीड़िता की मां को खड़ा करके BJP ने साहसी कदम उठाया. तृणमूल कांग्रेस ने सीधे खाते में रकम सहित महिलाओं के लिए बनाई गई जनकल्याण की योजनाओं में भारी निवेश किया था. वहीं चुनावों से संकेत मिलता है कि रुपए-पैसे की सहायता भर से राजनीतिक व्यवहार शायद पूरी तरह तय नहीं होता.
एक ज्यादा बारीक पहलू घरों के भीतर से ही उभरा. बंगाल के कई साधनहीन परिवारों के पुरुष सदस्य काम के लिए राज्य के बाहर चले जाते हैं. इससे आर्थिक के साथ-साथ भावनात्मक तनाव पैदा होता है. BJP के संदेशों ने इस हकीकत को भी पकड़ा. उसने ऐसी आर्थिक स्थितियों का वादा किया जिनमें उनके पुरुषों को बंगाल के भीतर ही काम मिलेगा और वे अपने परिवारों के साथ ही रहेंगे. यहां तक कि मध्यमवर्गीय भी, जिन्हें राज्य में नौकरियां नहीं होने की वजह से बाहर जाना पड़ा, बदलाव के पक्ष में वोट देने के लिए वापस आए.
इससे चुनावी हिसाब-किताब में एक और परत जुड़ गई. कई महिलाओं के लिए सवाल सिर्फ उन्हें मासिक भत्ता मिलने का नहीं, बल्कि पारिवारिक जीवन के कहीं ज्यादा व्यापक रूप से स्थिर होने का भी है. साथ ही वित्तीय सहायता का BJP का वादा और उसके साथ रोजगार और राज्य में नई आर्थिक जान फूंकने पर उसके जोर ने वैकल्पिक आकर्षण पैदा किया होगा. ऐसा आकर्षण जिसमें जनकल्याण के साथ गरिमा और पारिवारिक जुड़ाव भी है.
सुरक्षा, जनसांख्यिकी, और उत्तर बंगाल की धुरी
उत्तर बंगाल और सरहद से सटे जिलों में सुरक्षा और जनसांख्यिकी बदलाव के इर्द-गिर्द बुने गए नैरेटिव ने अहम भूमिका अदा की. BJP ने अवैध घुसपैठ और चुनावों की शुद्धता जैसे मुद्दों पर जोर दिया, जिन्होंने SIR की प्रक्रिया के व्यापक असर को काट दिया. इन नैरेटिव ने मिलकर प्रशासनिक सुधार और व्यवस्था की धारणा को पुख्ता किया, जिसकी गूंज मतदाताओं के कई समूहों तक पहुंची.
धराशायी हुआ “बंगाल मॉडल”
ये घटनाएं एक साथ मिलकर इस मान्यता को चुनौती देती हैं कि बंगाल का राजनीतिक पारिस्थितिकी तंत्र अनोखे ढंग से लोचदार है. जनकल्याण, पहचान की राजनीति और जमीनी नेटवर्क पर खड़ा तृणमूल का मॉडल गायब नहीं हुआ है, लेकिन इसे निर्णायक चुनौती तो मिली ही है. BJP के उदय से पता चलता है कि बहुत गहराई तक समाई व्यवस्थाओं को भी तहस-नहस किया जा सकता है, खासकर जब संगठन की सटीक धार नैरेटिव को गढ़ने की क्षमता और ढांचागत बदलावों के साथ मेल खाती है.
विपक्ष की एकजुटता के लिए झटका
इसका असर राज्य के बाहर भी होना तय है. ममता बनर्जी राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता गढ़ने की कोशिशों में केंद्रीय शख्सियत रही हैं. यह झटका उनकी इस स्थिति को कमजोर करता है और विपक्ष की व्यापक रणनीति में नई अनिश्चितता पैदा कर देता है.
पश्चिम बंगाल को भारत के राजनीतिक परिदृश्य पर लंबे समय से अजनबी माना जाता रहा है. राज्य अब ज्यादा गहरे कायापलट का संकेत दे रहा है. वह बदलाव जिसमें चुनावी नतीजे अब ज्यादा से ज्यादा राष्ट्रीय नेतृत्व, संगठन की गहराई और स्थानीय असंतोष को सुसंगत राज्यव्यापी बदलाव में बदलने की क्षमता के मेल से तय होते हैं.