'फरसा बाबा' की मौत ने कैसे गरमा दी ब्रज की गौरक्षा राजनीति
मथुरा में गौरक्षक संत की मौत ने हादसा बनाम साजिश की बहस छेड़ी, ब्रज में गौरक्षा नेटवर्क, समर्थकों के आक्रोश से प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था चुनौती उभरी

मथुरा के आगरा-दिल्ली हाईवे पर 21 मार्च की तड़के घने कोहरे के बीच हुई एक सड़क दुर्घटना ने सिर्फ एक व्यक्ति की जान नहीं ली, बल्कि ब्रज क्षेत्र की उस जमीनी हकीकत को भी सामने ला दिया, जहां ‘गौरक्षा’ आस्था, सक्रियता और विवाद- तीनों का संगम है.
इस हादसे में जान गंवाने वाले चंद्रशेखर उर्फ़ ‘फरसा बाबा’ सिर्फ एक स्थानीय संत या गौसेवक नहीं थे, बल्कि तीन दशकों से ज्यादा समय से ब्रज में सक्रिय एक ऐसे चेहरे थे, जिनकी पहचान संघर्ष, समर्पण और विवादों के बीच बनी.
21 मार्च को तड़के जब फरसा बाबा एक कंटेनर की जांच कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक ट्रक की टक्कर में वे बुरी तरह घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. पुलिस ने इसे साफ तौर पर एक हादसा बताया, जबकि उनके समर्थकों ने इसे ‘गौ-तस्करों की साजिश’ करार दिया. यही विरोधाभास इस पूरे घटनाक्रम को सिर्फ एक दुर्घटना से आगे बढ़ाकर एक बड़े सामाजिक-राजनीतिक सवाल में बदल देता है.
कौन थे फरसा बाबा
फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के नगला भूपाल गांव में जन्मे चंद्रशेखर का शुरुआती जीवन साधारण था. परिवार के मुताबिक, उन्होंने कम उम्र में ही सांसारिक जीवन से दूरी बना ली थी. अलग-अलग दावों के अनुसार, उन्होंने 11 से 19 वर्ष की उम्र के बीच घर छोड़ दिया और अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर आंदोलन से जुड़ गए. इसी दौरान उनके पैर में गोली लगने की भी बात सामने आती है.
1990 के दशक की शुरुआत में वे मथुरा के बरसाना क्षेत्र के आजनौख गांव पहुंच गए और वहीं एक छोटे से मंदिर परिसर में रहने लगे. धीरे-धीरे स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उन्होंने एक गौशाला शुरू की, जो आगे चलकर उनकी पहचान का केंद्र बनी. चंद्रशेखर को ‘फरसा बाबा’ नाम यूं ही नहीं मिला. वे हमेशा अपने साथ एक फरसा रखते थे. रात में बाइक पर सवार होकर वह अपने सहयोगियों के साथ निकलते और जहां कहीं भी गौ-तस्करी की सूचना मिलती, वहां पहुंच जाते.
उनके समर्थक दावा करते हैं कि उन्होंने हजारों गौवंश को तस्करों से मुक्त कराया. धीरे-धीरे उनके साथ युवाओं का एक समूह जुड़ता गया और एक अनौपचारिक ‘गौरक्षक दल’ बन गया. फरसा बाबा का दायरा सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था. वे ब्रज क्षेत्र में गौ-रक्षा और पर्यावरण से जुड़े आंदोलनों में भी सक्रिय रहे. उनकी मुलाकात संत नृत्यगोपाल दास और पद्मश्री रमेश बाबा जैसे संतों से हुई और उन्होंने उनके साथ कई अभियानों में भाग लिया. मथुरा के बरसाना, कोसीकलां और छाता क्षेत्र की पुलिस भी कई बार पकड़े गए गौवंश को उनकी गौशाला में भेजती थी. इससे उनकी एक तरह की ‘अर्ध-आधिकारिक’ भूमिका बन गई थी, जहां प्रशासन और स्थानीय गौरक्षक नेटवर्क के बीच एक अनौपचारिक समन्वय दिखता था.
हादसा या साजिश : दो नैरेटिव
उनकी मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि यह हादसा था या साजिश. पुलिस के अनुसार, जिस कंटेनर की जांच की जा रही थी, उसमें रोजमर्रा का सामान था और गौ-तस्करी से जुड़ा कुछ भी नहीं मिला. घने कोहरे में कम दृश्यता के कारण पीछे से आए ट्रक ने कंटेनर में टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में फरसा बाबा आ गए. दूसरी तरफ, उनके समर्थक इस तर्क को खारिज करते हैं. उनका कहना है कि फरसा बाबा लंबे समय से गौ-तस्करों के निशाने पर थे और उनकी मौत को महज हादसा नहीं माना जा सकता. यही असहमति बाद में हिंसक विरोध में बदल गई. हाईवे जाम, पथराव और पुलिस की कार्रवाई-इन सबने यह दिखाया कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की मौत तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़ी भावनाएं कितनी गहरी हैं.
घटना के वक्त मथुरा में उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था पहले से मौजूद थी, क्योंकि राष्ट्रपति का दौरा चल रहा था. इसके बावजूद अचानक भड़के इस विवाद ने प्रशासन को असहज स्थिति में डाल दिया. मथुरा पुलिस और आगरा रेंज के अधिकारियों ने तेजी से स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन यह साफ हो गया कि गौरक्षा से जुड़े मामलों में जमीनी स्तर पर संवेदनशीलता बेहद ज्यादा है और छोटी-सी घटना भी बड़ा रूप ले सकती है.
योगी सरकार के लिए क्यों बढ़ी चिंता
मथुरा के बरसाना और आसपास के क्षेत्रों में गौरक्षा से जुड़े कई छोटे-बड़े समूह सक्रिय हैं, जिनका स्थानीय युवाओं पर खासा प्रभाव है. फरसा बाबा जैसे चेहरे इन नेटवर्क्स के लिए प्रतीक की तरह होते हैं. उनकी मौत ने इन संगठनों के भीतर आक्रोश पैदा किया है. एक स्थानीय गौरक्षक संगठन से जुड़े सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “बाबा सिर्फ संत नहीं थे, वह हमारी पहचान थे. अगर यह हादसा है तो भी इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए, और अगर साजिश है तो दोषियों को सजा मिलनी चाहिए.”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब उत्तर प्रदेश में गौरक्षा पहले से ही एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने कार्यकाल में गौ-तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई की है और गौरक्षा को एक प्रशासनिक प्राथमिकता के रूप में पेश किया है. लेकिन इसके साथ ही स्वयंभू रक्षक समूहों की सक्रियता भी बढ़ी है, जो कई बार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन जाती है. लखनऊ के राजनीतिक विश्लेषक प्रोफेसर अजय मिश्रा कहते हैं, “फरसा बाबा की मौत एक ट्रिगर पॉइंट की तरह काम कर रही है. यह घटना उन तमाम असंतोषों और अविश्वास को सतह पर ले आई है, जो लंबे समय से भीतर ही भीतर मौजूद थे. अगर इसे समय रहते संभाला नहीं गया, तो यह बड़ा सामाजिक तनाव पैदा कर सकता है.”
इस पूरे घटनाक्रम में एक और महत्वपूर्ण पहलू धार्मिक नेतृत्व की भूमिका का है. अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जैसे संत पहले ही गौरक्षा के मुद्दे को लेकर मुखर रहे हैं. ऐसे में फरसा बाबा की मौत इस बहस को और तेज कर सकती है. धार्मिक संगठनों के लिए यह घटना एक भावनात्मक मुद्दा बन सकती है, जिसे वे व्यापक स्तर पर उठाने की कोशिश करें.