नीतीश कुमार 10वीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, जानें किन 26 मंत्रियों ने ली शपथ
नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत NDA शासित राज्यों के करीब एक दर्जन मुख्यमंत्री शामिल हुए

20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में JDU प्रमुख नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उनके साथ BJP के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली.
सम्राट और विजय सिन्हा के अलावा 24 अन्य मंत्रियों को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मंत्री पद की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद थे.
गांधी मैदान में नीतीश सरकार के शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया. इस मौके पर हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए.
इस समारोह के दौरान एक वक्त ऐसा भी आया, जब मंच पर चिराग पासवान ने मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.
नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे
नीतीश कैबिनेट में इस बार नए चेहरों को मौका दिया गया है. रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. चिराग की पार्टी से 2 विधायकों को मंत्री बनाया गया है, जिसमें संजय सिंह भी शामिल हैं.
संजय सिंह महुआ से चुनाव जीते हैं. उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजप्रताप को मात दी थी. अब जानिए किस पार्टी से किन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है-
BJP की ओर से इन विधायकों को बनाया गया मंत्री-
1. सम्राट चौधरी 2. विजय कुमार सिन्हा 3. मंगल पाण्डेय 4. श्रेयसी सिंह 5. संजय सिंह 'टाइगर 6. अरुण शंकर प्रसाद 7. सुरेन्द्र मेहता 8. डॉ० दिलीप जायसवाल 9. नारायण प्रसाद 10. रमा निषाद 11. लखेन्द्र कुमार रौशन 12. डॉ० प्रमोद कुमार 13. नितिन नवीन 14. राम कृपाल यादव
JDU की ओर से इन विधायकों को बनाया गया मंत्री-
1. मो० जमा खान 2. सुनील कुमार 3. बिजेन्द्र प्रसाद यादव 4. श्रवण कुमार 5. अशोक चौधरी 6. लेशी सिंह 7. मदन सहनी 8. विजय कुमार चौधरी
लोजपा (रामविलास) से इनको बनाया गया मंत्री-
1. संजय कुमार सिंह 2. संजय कुमार
रालोमो और हम पार्टी के मंत्री-
1. दीपक प्रकाश, 2. संतोष कुमार सुमन