बंगाल चुनाव के पहले चरण का रिकॉर्ड मतदान : लोकतांत्रिक सुनामी या SIR का डर?
पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान को ममता बनर्जी ने मतदाताओं के बीच फैले डर का परिणाम बताया है, जबकि BJP इसे निर्णायक सत्ता विरोधी कह रही है

23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान समाप्त हुआ. पहले चरण के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने ज्यादातर लोगों को हैरान कर दिया. दरअसल, इस चरण में 92 फीसद से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में एक रिकॉर्ड है.
रात 9 बजे तक जब पहले चरण के 152 निर्वाचन क्षेत्रों के आंकड़े सामने आए, तो अनुभवी राजनीतिक विश्लेषकों को भी अपने अनुमानों पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ा. पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में यह एक अभूतपूर्व घटना थी.
उत्तर बंगाल के बड़े हिस्से में खासकर मुर्शिदाबाद में मतदाताओं की भागीदारी काफी ज्यादा हुई है. कई लोग इसे लोकतांत्रिक क्रांति से कम नहीं मान रहे हैं. कम से कम 10 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 96 फीसद से ऊपर पहुंच गया, जो किसी भी चुनावी परिदृश्य में एक असाधारण उपलब्धि है. खासकर पश्चिम बंगाल जैसे राजनीतिक रूप से जटिल राज्य में.
सबसे पहले जो बात सबसे ज्यादा ध्यान खींचती है, वो है पश्चिम बंगाल में कहां सबसे ज्यादा वोटिंग हुई. मुर्शिदाबाद जिला लंबे समय से राजनीतिक रूप से संवेदनशील और आबादी के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा है. इस जिले ने इस बार मतदान बढ़ोतरी का मुख्य केंद्र बनकर सबको चौंका दिया. टॉप-10 सबसे ज्यादा वोटिंग वाली सीटों में से 6 इसी जिले में हैं. वोटिंग फीसद में इतना इजाफा साफ दिखाता है कि यह कोई संयोग नहीं, बल्कि मतदाताओं के एकजुट होकर वोट डालने का एक खास पैटर्न है.
सबसे आगे रहा भगबंगोला सीट, जहां मतदान का आंकड़ा 96.95 फीसद तक पहुंच गया. इसके ठीक बाद रघुनाथगंज में 96.81 फीसद वोटिंग हुई. लालबाग, रानीनगर, फरक्का और समसेरगंज में भी 96 फीसद से ऊपर मतदान दर्ज किया गया. एक ही जिले में इतनी सारी सीटों पर इतना एकसमान और ज्यादा मतदान देखकर राजनीतिक माहौल और लोगों की भागीदारी को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, यह कहानी सिर्फ मुर्शिदाबाद तक सीमित नहीं है.
उत्तर बंगाल में भी जोरदार मतदान हुआ. कूच बिहार और जलपाईगुड़ी की कई सीटों पर भी मतदान फीसद बहुत ज्यादा रहा. कूच बिहार की सीतलकुची में 96.45 फीसद और सीताई में 96.43 फीसद वोटिंग हुई. वहीं, मयनागुड़ी और हरिरामपुर ने भी 96 फीसद का आंकड़ा पार कर लिया.
विश्लेषक कहते हैं कि वोटिंग को लेकर यह कोई इधर-उधर का छोटा-मोटा उत्साह नहीं है, बल्कि पूरे इलाके में फैला हुआ एक बड़ा पैटर्न है. कई जिलों और अलग-अलग समाज के लोगों के बीच वोटिंग को लेकर ऐसा ही रूझान दिख रहा है. यह बताता है कि राज्य में चुनावी स्तर पर एक गहरी उथल-पुथल चल रही है.
इस बार मतदान में जो उछाल आया है, उसके पीछे कई वजहें एक साथ काम कर रही हैं. सबसे आसान और तुरंत समझ आने वाली जो वजह है, वह स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) है. इसके कारण काफी सारे लोगों का नाम मतदाता लिस्ट से बाहर हो गया. मर चुके और दोहरे नाम वाले मतदाताओं को हटा देने से कुल मतदाताओं की संख्या और ज्यादा कम हो गई. नतीजतन, वोट फीसद बढ़ गया. कई सीटों पर लगातार इतना ऊंचा मतदान देखकर लगता है कि मतदाताओं के रवैये में एक बड़ा बदलाव आया है.
मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में, जहां अल्पसंख्यक समुदाय मतदाताओं में बड़ी संख्या में हैं. आंकड़े साफ बता रहे हैं कि राजनीतिक संवेदनशीलता बहुत बढ़ गई है. मतदान का स्तर यह दिखा रहा था कि लोग सिर्फ वोट डालने नहीं आए थे, बल्कि वे अपनी ताकत को बहुत मजबूती से दिखाना चाहते थे. इस तरह की भारी भागीदारी अक्सर तब होती है, जब मतदाताओं को लगता है कि इस बार चुनाव में बहुत कुछ दांव पर लगा है. चाहे स्थानीय मुद्दे हों, बड़े राजनीतिक माहौल की वजह से हो, या फिर अपने प्रतिनिधित्व और आने वाली नीतियों को लेकर उनकी चिंता हो.
उत्तर बंगाल में भी लगभग यही कहानी दोहराई जा रही है, लेकिन यहां का सामाजिक आधार थोड़ा अलग है. यहां राजबंशी और अनुसूचित जाति की बड़ी आबादी रहती है. यहां मतदान में जो बढ़ोतरी हुई है, वह दिखाती है कि लोग चुनाव में उतनी ही जोरदार भागीदारी कर रहे हैं. बस मकसद थोड़ा अलग है.
इस क्षेत्र में ऊंचे मतदान को लेकर अब राजनीतिक पार्टियां अलग-अलग व्याख्या कर रही हैं. तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने इसे मतदाताओं के डर और बेचैनी का नतीजा बताया है. उन्होंने कहा, “इस बार सब लोग वोट डालने आए क्योंकि कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे. हजारों-लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से बेरहमी से काट दिए गए हैं. मैं चाहती हूं कि वोटों की ठीक से गिनती हो. SIR और NRC की वजह से हर कोई अपनी नागरिकता को लेकर बहुत चिंतित है.”
दूसरी तरफ, BJP ने इन आंकड़ों को भारी एंटी-इनकंबेंसी का प्रमाण बताया है. उनका कहना है कि इतना ज्यादा मतदान आमतौर पर बदलाव की चाहत दिखाता है. हालांकि, विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि इतनी आसानी से नतीजा निकालना ठीक नहीं. पार्टियां तो अपनी सुविधा के अनुसार व्याख्या करेंगी, पर असलियत ज्यादा उलझी हुई है.
SIR के डर और मतदाता लिस्ट से नाम कटने की आशंका के कारण हजारों लोग बंगाल वापस लौटे और उन्होंने अपना वोट डाला. साथ ही, कई ऐसे लोग भी इस बार वोटिंग करने पहुंचे जो पहले के चुनावों में कभी वोट नहीं डालते थे. इन सब वजहों से मतदान फीसद में इतनी बड़ी बढ़ोतरी हुई.
इस बार के बंगाल चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वोटिंग को लेकर अलग-अलग इलाकों और अलग-अलग समुदायों में एक जैसा पैटर्न दिख रहा है. अगर किसी एक जगह पर ज्यादा वोटिंग हो तो उसे स्थानीय वजह से समझाया जा सकता है. लेकिन, जब सामाजिक और राजनीतिक रूप से अलग कई जिलों में काफी ज्यादा वोटिंग हो, तो यह पूरे बंगाल में एक बड़े बदलाव का संकेत है.
इसलिए बंगाल के पहले चरण का मतदान सिर्फ आंकड़ों की बात नहीं है. यह एक ऐसे नए चुनावी माहौल की ओर इशारा कर रहा है, जिसमें लोगों की वोटिंग खुद एक बड़ी बात बन गई है. दलों और उनके रणनीतिकारों के लिए इसका मतलब बहुत बड़ा है, लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं है.
TMC और BJP दोनों ही दावा कर रही हैं कि 152 सीटों में से उन्हें 100 से ज्यादा सीटें मिल जाएंगी. 24 अप्रैल को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा, “हमने पूरी रात चुनाव का विश्लेषण किया. BJP को 152 में से 110 सीटें मिलेंगी. मैं बंगाल में बदलाव की सुनामी साफ देख रहा हूं.”
TMC ने फौरन पलटवार किया. अमित शाह पर झूठी कहानी बनाने का आरोप लगाते हुए TMC नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा, “2026 में भले ही वोटिंग फीसद 2021 से ज्यादा हो गया हो, लेकिन असल में कुल वोटों की संख्या कम हो गई है. 2021 में 3.10 करोड़ वोट पड़े थे, जबकि 2026 में सिर्फ 3.09 करोड़ वोट पड़े. यानी इस बार 83,674 वोट कम पड़े हैं. दोनों चुनावों में पड़े कुल वोटों में बहुत कम फर्क है. 2021 में 83.98 फीसद मतदान था, जबकि 2026 में 92.7 फीसद. यह फर्क सिर्फ इसलिए आया क्योंकि SIR के बाद मतदाताओं की कुल संख्या घट गई है.”
साफ बात है कि मतदाताओं की इस भारी भागीदारी ने दलों के दावों को तो बल दिया है, लेकिन उन्हें और उलझा भी दिया है. ऊंचा मतदान फीसद हमेशा आसानी से किसी एक पक्ष के पक्ष में नतीजे नहीं देता, खासकर बंगाल जैसे राज्य में जहां लोग कई तरह की पहचानों और बदलते गठजोड़ों के आधार पर वोट करते हैं.
जैसे-जैसे विश्लेषक बूथ के आंकड़ों को खंगाल रहे हैं और पैटर्न समझने की कोशिश कर रहे हैं, एक बात साफ होती जा रही है. 2026 के चुनाव का पहला चरण बंगाल की चुनावी राजनीति का 'नॉर्मल' स्तर ही बदल चुका है. 96 फीसद या उससे ज्यादा मतदान अब कोई साधारण आंकड़ा नहीं है. यह दिखाता है कि बंगाल के मतदाताओं ने इस बार चुनाव में पहले से कहीं ज्यादा जोश से हिस्सा लिया है.
यह इतना बड़ा और उत्साहित वोट आखिर किस तरफ जाएगा, यह अभी कहना मुश्किल है. लेकिन, नतीजा चाहे जो भी हो, इस चरण की भारी भागीदारी इसे एक ऐतिहासिक और निर्णायक मोड़ के रूप में याद रखा जाएगा. यह पल मतदाता की ताकत को दिखाता है और साथ ही बंगाल के राजनीतिक भविष्य में छाई अनिश्चितता को भी उजागर करता है.