अमेरिका के एक जंगल के लिए कैसे खतरा बन गए हिरण?

अमेरिका के कैलिफॉर्निया में करीब 50 हज़ार एकड़ में फैले कैटलिना आइलैंड में हिरणों को गोली मारने की तैयारी चल रही है

कैटालिना आइलैंड में 60 ऐसे वन्य जीव और पौधों की प्रजातियां हैं जो धरती पर कहीं और नहीं हैं (फोटो: लॉस एंजेल्स टाइम्स)
कैटालिना आइलैंड में 60 ऐसे वन्य जीव और पौधों की प्रजातियां हैं जो धरती पर कहीं और नहीं हैं (फोटो: लॉस एंजेल्स टाइम्स)

अमेरिका की एक नॉन-प्रॉफिट संस्था कैटालिना आइलैंड कंजरवेंसी ने कैलिफॉर्निया वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के सामने करीब 2000 हिरणों को गोली मारने का प्रस्ताव रखा है. अक्टूबर, 2023 में दिए गए प्रस्ताव में कहा गया है कि कैटालिना आइलैंड में रह रहे हिरणों को हेलीकॉप्टर से गोली मारकर खत्म किया जाएगा क्योंकि ये हिरण आइलैंड के लिए खतरा बन गए हैं. आइलैंड में वन्य जीवों और पौधों की 60 ऐसी प्रजातियां हैं जो पूरी दुनिया में कहीं और नहीं पाई जातीं. इन्हें बचाने के लिए यह कदम उठाना जरूरी है.

कैलिफोर्निया वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. अप्रूवल मिलते ही 2000 हिरणों को गोली मारने का अभियान शुरू हो जाएगा. इसी आइलैंड में 200 हिरणों को गोली मारकर खत्म किया जा चुका है लेकिन कंजरवेंसी संस्था का कहना है कि ये संख्या बेहद कम है. 200 हिरणों को मारने के बाद भी आइलैंड से खतरा टला नहीं है.

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 100 साल पहले कैलिफोर्निया के जंगलों से 18 हिरण लाकर कैटालिना आइलैंड में छोड़े गए थे. इनकी संख्या अब 2000 हो चुकी है. कैटालिना में शिकार, फिल्मों की शूटिंग और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हिरण लाए गए थे. अब इनकी तादाद काफी हो चुकी है. स्थिति ऐसी है कि हिरणों की वजह से आइलैंड का इको सिस्टम प्रभावित हो रहा है. आइलैंड की मिट्टी ख़राब हो रही है, दूसरे जानवरों की फूड सप्लाई प्रभावित हो रही है और पौधों को नुक्सान हो रहा है. साथ ही आइलैंड में ऐसी घास उग आई है जो जंगल में लगने वाली आग को बढ़ावा देती है.

कैटालिना आइलैंड कंजरवेंसी की प्रमुख लॉरेन डेनहार्ड बताती हैं, “हाल ही में माउई में लगी आग जिन खतरनाक पौधों की वजह से भड़की थी वो कैटालिना में भी उग आए हैं.” लेकिन क्या इस समस्या का सिर्फ यही समाधान है कि हिरणों को गोली मार दी जाए? डेनहार्ड ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया है, “हमने पहले योजना बनाई थी कि हिरणों को यहां से हटाकर किसी और जंगल में छोड़ा जाए लेकिन कैटालिना के पहाड़ी इलाकों में हिरणों को पकड़ पाना नामुमकिन-सा है और फिर भी ये रास्ता अपनाया जाए तो इस काम में 15 साल लग जाएंगे. ऐसे में सिर्फ एक ही तरीका है कि इन्हें मार दिया जाए.”

लेकिन कंजरवेंसी के लिए ये योजना इतनी भी आसान नहीं है क्योंकि कैटालिना के आसपास रहने वाले लोग धरना-प्रदर्शन करने लगे हैं. इस आइलैंड पर करीब 4 हज़ार की आबादी हर साल रहती है, जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटन के लिए आते हैं. माना जाता है कि हॉलीवुड के सितारों ने बीते कई दशकों में यहां यात्रा कर इसे एक प्रमुख हॉली-डे डेस्टिनेशन के तौर पर लोकप्रिय बना दिया है. पर्यटकों का जमघट अब भी लगा रहता है. ऐसे में वहां के रहने वाले लोग पर्यटकों से भी अपील कर रहे हैं कि हिरणों को मारे जाने के प्रस्ताव का विरोध करें.

75 वर्ग मील में फैले इस आइलैंड का 88 फीसदी हिस्सा (48 हज़ार एकड़) कैटालिना आइलैंड कंजरवेंसी नाम की संस्था का है, जो हिरणों को मारने का प्रस्ताव लेकर आई है. इस संस्था की शुरुआत 1972 में हुई थी. इस संस्था का लक्ष्य है आइलैंड पर पर्यटन और वहां मौजूद विलुप्तप्राय जीवों के संतुलन को कायम रखना ताकि पर्यटन या किसी अन्य वजह से इन वन्य जीवों के लिए इको सिस्टम बिगड़े नहीं.

हिरणों को गोली मारने के विरोध में पोस्टर (बाएं) और रॉक क्रीक पार्क में गोली मारने का नोटिस (दाहिने)

हिरण बन रहे खतरा?

‘ए-ज़ेड एनिमल’ नाम की वेबसाइट के मुताबिक 2023 तक अमेरिका में साढ़े तीन करोड़ हिरण हैं. अमेरिका के अलग-अलग जंगल वाले क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों पर हिरण एक ख़तरा बनकर सामने आए हैं. जिसकी वजह से उन्हें गोली मारने का अभियान चलाया गया है. ताज़ा मामला अमेरिका के रॉक क्रीक पार्क का है. जहां द नेशनल पार्क सर्विस ने नवंबर महीने में हिरणों को मारने का अभियान शुरू किया है. पार्क में हर जगह एक नोटिस चस्पा किया गया है. जिसमें लिखा है, “शाम के वक्त पार्क बंद होने के बाद यहां ना आएं. क्योंकि मैनेजमेंट की ओर से हिरणों को शूट किया जा रहा है.” ये अभियान मार्च, 2024 तक चलेगा.

रॉक क्रीक पार्क 1700 एकड़ में फैला हुआ है. हजारों की संख्या में पर्यटक यहां घूमने आते हैं. लेकिन हिरणों की बढ़ती संख्या ने यहां की हरियाली को खासा नुक्सान पहुंचाया है. खासकर सफेद पूंछ वाले हिरणों ने पौधों की कई प्रजातियों को खाकर खत्म कर दिया है. इसके बाद ये शूटआउट अभियान शुरू किया गया.

रॉक क्रीक पार्क में चलाया जा रहा शूटिंग अभियान जल्द ही कैटालिना आइलैंड में शुरू हो सकता है. अभियान को अंजाम देने की तैयारी कंजरवेंसी ने कर ली है. उसे बस इंतज़ार है वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के अप्रूवल का. लेकिन जाहिर तौर पर इन घटनाओं से सवाल उभरकर सामने आया है कि ऐसी स्थिति में किसी जीव की हत्या को ही एकमात्र विकल्प के तौर पर क्यों देखा जाए?

Read more!