'माननीय’ कौन, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कैसे तय किया?
BJP सांसद अनुराग ठाकुर के नाम के आगे ‘माननीय’ न लिखने से उठे विवाद पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने तय किया कि किन संवैधानिक पदों को यह विशेष संबोधन मिलेगा
उत्तर प्रदेश पुलिस की एक एफआईआर में BJP सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नाम के आगे ‘माननीय’ शब्द न लिखे जाने से शुरू हुआ विवाद अब केवल एक कानूनी टिप्पणी तक सीमित नहीं रह गया है. इसने भारतीय लोकतंत्र में सत्ता, संवैधानिक गरिमा, सरकारी प्रोटोकॉल और वीआईपी संस्कृति को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
इलाहाबाद हाइकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अपने हालिया आदेश में साफ किया कि सांसद, मंत्री, जज और अन्य संवैधानिक पदाधिकारी ‘माननीय’ संबोधन के हकदार हैं, जबकि सिविल सेवकों को इस दायरे से बाहर रखा जाना चाहिए. अदालत की इस टिप्पणी ने सरकारी भाषा और लोकतांत्रिक संस्कृति के उस हिस्से को बहस के केंद्र में ला दिया है, जिसे अक्सर औपचारिकता मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है.
यह मामला मथुरा में दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा है. शिकायतकर्ता खजान सिंह ने कुछ लोगों पर सरकारी विभागों और मंत्रालयों में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया था. शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने अनुराग ठाकुर से करीबी संबंध होने का दावा किया था. एफआईआर में सांसद का नाम तो दर्ज हुआ, लेकिन उसके आगे ‘माननीय’ शब्द नहीं लगाया गया. इसी बिंदु पर सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने आपत्ति जताई और पूछा कि क्या पुलिस ने संवैधानिक पदाधिकारियों के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया.
पहली नजर में यह विवाद मामूली लग सकता है. आखिर किसी नाम के आगे ‘माननीय’ न लिखना इतना बड़ा मुद्दा कैसे बन गया? लेकिन अदालत के आदेश ने साफ कर दिया कि यह मामला केवल शब्दों का नहीं, बल्कि संवैधानिक पदों की संस्थागत गरिमा का है. जस्टिस जे. जे. मुनीर और जस्टिस तरुण सक्सेना की बेंच ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के मंत्री, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जज, लोकसभा और राज्यसभा के स्पीकर और चेयरमैन, सांसद और विधायक ‘माननीय’ संबोधन के अधिकारी हैं क्योंकि वे सरकार के तीन अंगों में से किसी एक के संप्रभु कार्यों का निर्वहन करते हैं.
अदालत ने दूसरी तरफ यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी सिविल सेवक, चाहे वह कितना ही वरिष्ठ अधिकारी क्यों न हो, इस श्रेणी में नहीं आता क्योंकि वह संवैधानिक संप्रभुता का प्रतिनिधि नहीं है. यही वह बिंदु है जिसने इस आदेश को सिर्फ शिष्टाचार के दायरे से निकालकर सत्ता संरचना की बहस में बदल दिया है. दरअसल, भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में लंबे समय से अफसरशाही और राजनीतिक नेतृत्व के बीच शक्ति संतुलन पर चर्चा होती रही है. अदालत ने ‘माननीय’ की सीमा तय करके अप्रत्यक्ष रूप से यह भी स्पष्ट कर दिया कि लोकतंत्र में अंतिम संवैधानिक वैधता निर्वाचित या संवैधानिक पदों से आती है, न कि प्रशासनिक ताकत से.
भारत में ‘माननीय’ शब्द का इस्तेमाल नया नहीं है. संसद और विधानसभाओं में यह संबोधन दशकों से प्रचलित है. अदालतों में भी जजों को ‘माननीय न्यायाधीश’ कहा जाता है. सरकारी समारोहों, निमंत्रण पत्रों और प्रशासनिक पत्राचार में भी यह शब्द आमतौर पर दिखाई देता है. लेकिन सवाल यह है कि क्या यह परंपरा लोकतांत्रिक गरिमा का हिस्सा है या फिर धीरे-धीरे वीआईपी संस्कृति में बदल चुकी है? यही वह सवाल है जिसने इस मामले को दिलचस्प बना दिया है.
लोकतंत्र का मूल विचार समानता पर आधारित है, लेकिन भारतीय सार्वजनिक जीवन में संबोधनों और पदों को लेकर हमेशा एक विशेष औपचारिकता रही है. ‘माननीय’, ‘महामहिम’, ‘श्रद्धेय’ और ‘आदरणीय’ जैसे शब्द सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि सत्ता संरचना की एक मानसिकता भी निर्मित करते हैं. कुछ आलोचक मानते हैं कि इस तरह की भाषा जनता और सत्ता के बीच दूरी पैदा करती है. उनके मुताबिक लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता के सेवक होते हैं, इसलिए उन्हें अत्यधिक औपचारिक विशेषणों से जोड़ना लोकतांत्रिक भावना के विपरीत है.
हालांकि दूसरी तरफ एक बड़ा वर्ग यह मानता है कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए औपचारिक भाषा जरूरी है. उनका तर्क है कि अदालत, संसद और संवैधानिक पद केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसलिए उनके लिए सम्मानजनक संबोधन संस्थागत सम्मान का हिस्सा है, न कि व्यक्तिगत अहंकार का. दिलचस्प बात यह है कि भारतीय राजनीति में संबोधनों को लेकर विवाद पहले भी होते रहे हैं. कुछ साल पहले ‘महामहिम’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ी थी, जिसके बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति और राज्यपालों के लिए अंग्रेजी के “His Excellency” जैसे औपनिवेशिक संबोधनों को सीमित करने का फैसला किया था. तर्क यह था कि लोकतांत्रिक भारत में औपनिवेशिक मानसिकता वाले संबोधनों की जरूरत नहीं होनी चाहिए. लेकिन ‘माननीय’ शब्द आज भी व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि इसे लोकतांत्रिक संवैधानिक सम्मान का हिस्सा माना जाता है.
कानून विशेषज्ञ मानते हैं कि इलाहाबाद हाइकोर्ट के इस आदेश ने एक और दिलचस्प रेखा खींची है-संवैधानिक पद बनाम प्रशासनिक पद. भारतीय नौकरशाही लंबे समय से बेहद प्रभावशाली मानी जाती रही है. कई बार जिला स्तर पर कलेक्टर या पुलिस कप्तान की शक्ति निर्वाचित प्रतिनिधियों से ज्यादा दिखाई देती है. लेकिन अदालत ने साफ कर दिया कि संवैधानिक हैसियत और प्रशासनिक अधिकार अलग चीजें हैं. यानी एक आइएएस अधिकारी प्रशासनिक रूप से शक्तिशाली हो सकता है, लेकिन वह संवैधानिक प्रतिनिधित्व नहीं करता. यह टिप्पणी प्रशासनिक ढांचे में संवैधानिक पदों की प्राथमिकता को रेखांकित करती है.
कानून विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार सिंह का मानना है कि यह आदेश भविष्य में सरकारी दस्तावेजों और पुलिस रिकॉर्ड के लिए एक नया प्रोटोकॉल तय कर सकता है. शैलेंद्र कुमार सिंह बताते हैं, “अब तक FIR या सरकारी रिकॉर्ड में संबोधन को लेकर कोई एकरूप मानक नहीं था. पुलिस आमतौर पर शिकायतकर्ता की भाषा को हूबहू दर्ज कर लेती है. इस मामले में भी सरकार ने हलफनामे में यही कहा कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में ‘माननीय’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था और उसी को रिकॉर्ड में उतार दिया गया. लेकिन अदालत ने यह संकेत दिया कि संवैधानिक पदाधिकारियों के संदर्भ में केवल शिकायतकर्ता की भाषा पर्याप्त नहीं मानी जा सकती.”
इस आदेश के बाद पुलिस और प्रशासनिक विभागों को अपने दस्तावेजी प्रारूपों पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है. संभव है कि भविष्य में संवैधानिक पदों के लिए एक निर्धारित शैली गाइड या प्रोटोकॉल बनाया जाए. यह भी संभव है कि सरकारी रिकॉर्ड में संबोधनों के इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण या दिशा-निर्देश जारी किए जाएं. हालांकि इस पूरे विवाद का दूसरा पहलू भी उतना ही महत्वपूर्ण है. आलोचकों का कहना है कि FIR का उद्देश्य अपराध की सूचना दर्ज करना है, न कि किसी व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा सुनिश्चित करना. अगर किसी संवैधानिक पदाधिकारी का नाम बिना सम्मानसूचक शब्द के दर्ज हो गया तो क्या उससे संस्थागत गरिमा वास्तव में प्रभावित होती है?
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि इसमें अदालत ने संवैधानिक गरिमा और वीआईपी संस्कृति के बीच एक संतुलन बनाने की कोशिश की है. अदालत ने जहां सांसदों, मंत्रियों और जजों के लिए ‘माननीय’ को उचित माना, वहीं सिविल सेवकों को इससे बाहर रखकर यह संदेश भी दिया कि हर शक्ति केंद्र संवैधानिक प्रतिष्ठा का अधिकारी नहीं हो सकता.