पहली बार जारी हुईं UFO फाइल्स से एलियंस के बारे में क्या पता चला?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद दशकों तक सीक्रेट रहीं क्लासिफाइड फाइल्स अब आम लोगों के लिए रिलीज हो गई हैं

कभी-कभी दुनिया की सबसे बड़ी ताकतें भी ऐसी चीज़ों के सामने खड़ी दिखाई देती हैं जिनके बारे में उनके पास जवाब नहीं होते. अमेरिका इस समय ठीक उसी मोड़ पर खड़ा है. यहां बात सिर्फ अमेरिका की ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के उस सवाल की है जिसका जवाब किसी के पास अब तक नहीं है.
इस बार रहस्य किसी दुश्मन देश, परमाणु हथियार या साइबर अटैक का नहीं बल्कि आसमान में दिखाई देने वाली उन चीज़ों का है जिन्हें दशकों तक मज़ाक, साजिश या अफवाह कहकर टाल दिया गया. अब पहली बार पेंटागन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर UFO यानी 'अनआइडेंटिफाइड फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट' और UAP यानी 'अनआइडेंटिफाइड एनोमलस फिनॉमेना' से जुड़ी 161 सीक्रेट फाइलें सार्वजनिक कर दी हैं.
यह सिर्फ सरकारी कागज़ नहीं हैं. यह उन सवालों की फाइलें हैं जिनसे अमेरिका की सेना, इंटेलिजेंस एजेंसियां और वैज्ञानिक समुदाय दशकों से जूझते रहे हैं.
क्या है इन फाइलों में
इन फाइलों में ऐसी तस्वीरें हैं जो चांद की सतह से ली गई थीं. ऐसे वीडियो हैं जिनमें आसमान में अजीब आकृतियां तेजी से दिशा बदलती दिखाई देती हैं. ऐसे बयान हैं जो आम लोगों के नहीं, बल्कि प्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों और अंतरिक्ष यात्रियों के हैं. अपोलो मिशनों के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने जिन रहस्यमयी रोशनियों और वस्तुओं का जिक्र किया था उनके रिकॉर्ड भी अब सार्वजनिक डोमेन में हैं. एक ट्रांसक्रिप्ट में अपोलो 17 के अंतरिक्ष यात्री चांद के पास 'ड्रिफ्टिंग ऑब्जेक्ट्स ( बहने या सरकने वाली वस्तुएं)' की बात करते दिखाई देते हैं.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन फाइलों में मौजूद लगभग हर घटना को अमेरिकी एजेंसियों ने 'अनसुलझा' माना है. यानी अमेरिका यह स्वीकार कर रहा है कि उसके पास उन चीज़ों का जवाब नहीं है जिन्हें उसके पायलटों, सैनिकों और रडार सिस्टम्स ने देखा. कुछ वीडियो मिडिल ईस्ट से जुड़े हैं जहां अमेरिकी सैन्य उपकरणों ने ऐसी उड़ती वस्तुओं को रिकॉर्ड किया जो अचानक दिशा बदलती हैं रफ्तार पकड़ती हैं और फिर गायब हो जाती हैं. एक वीडियो में 'फुटबॉल जैसी आकृति' का जिक्र है जबकि दूसरे में 'सफेद रोशनी की असमान गेंद' दिखाई देती है.
लेकिन कहानी सिर्फ फाइलों की नहीं है. असली बात वो इरादा है जो ट्रंप ने इन दस्तावेज़ों को जारी करके दिखाया है. सबसे पहले ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सरकारों ने अपने नागरिकों से बातें छुपाई हैं जो ठीक नहीं है. ट्रंप का मानना है कि पारदर्शिता लाने के क्रम में ये फैसला लेना जरूरी था. साथ ही ट्रंप ने ये इरादा भी जाहिर किया कि उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर दुनिया के और देश भी इस तरह की जानकारियां सार्वजनिक करें. ये दुनिया भर से उम्मीद लगाने जैसा है कि वे भी UFO और एलियन गतिविधियों से जुड़ी अपनी सीक्रेट जानकारियां सार्वजनिक करें ताकि दुनिया समझ सके कि आखिर चल क्या रहा है.
किन सवालों का जवाब देती हैं ये फाइल
जब इन 161 फाइलों को खोला गया तो सबसे पहले जो बात साफ हुई वो ये थी कि ये अलग-अलग समय, अलग-अलग जगहों और अलग-अलग लोगों के अनुभवों का एक कलेक्टिव डॉक्यूमेंट है.
सबसे पहले आते हैं सैन्य पायलटों और रडार की रिपोर्ट्स पर. इन फाइलों में कई ऐसे मामलों का विवरण है जहां लड़ाकू विमानों के पायलटों ने आसमान में ऐसी चीजें देखीं जो उनकी समझ से परे थीं. कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ये चीजें अचानक बहुत तेज़ गति पकड़ लेती हैं बिना किसी चेतावनी के दिशा बदलती हैं और फिर कुछ ही सेकंड में गायब हो जाती हैं.
रडार स्क्रीन पर भी इनकी मौजूदगी दर्ज हुई यानी ये सिर्फ आंखों का भ्रम नहीं था. कुछ मामलों में पायलटों ने ये भी बताया कि ये उड़ने वाली चीजें उनके विमान के बेहद करीब आ गई थीं जैसे किसी तरह की निगरानी कर रही हों.लेकिन उनमें न कोई इंजन की आवाज़ थी और न कोई पहचान का निशान. यही कारण है कि इन घटनाओं को 'अनसाल्व्ड' यानी अनसुलझी वाली कैटेगरी में रखा गया.
इसके बाद आते हैं मिडिल ईस्ट से जुड़े वीडियो और रिकॉर्ड पर. इन फाइलों में युद्धग्रस्त इलाकों के ऊपर रिकॉर्ड किए गए कई दृश्य शामिल हैं. एक प्रसिद्ध मामले में एक 'फुटबॉल जैसी आकृति' का जिक्र है जो हवा में स्थिर रहती है और फिर अचानक तेज़ी से आगे बढ़ जाती है. एक दूसरे वीडियो में 'असमान सफेद रोशनी' दिखाई देती है जो किसी भी ज्ञात विमान की तरह व्यवहार नहीं करती.
इन वीडियो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इन्हें अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों ने रिकॉर्ड किया है. यानी ये मोबाइल कैमरे या सामान्य उपकरण से बनी फुटेज नहीं है. फिर भी इनका कोई स्पष्ट वैज्ञानिक निष्कर्ष सामने नहीं आ पाया. तीसरा बड़ा हिस्सा है नागरिकों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट्स. इसमें सैकड़ों ऐसे मामले हैं जहां आम लोगों ने आसमान में अजीब रोशनियाँ या उड़ती वस्तुएं देखने का दावा किया. कई रिपोर्टें ग्रामीण इलाकों से आईं जहां लोगों ने 'आग की गेंद' या 'चमकती हुई थाली' जैसी चीज़ें देखने की बात कही. दिलचस्प ये है कि कुछ मामलों में एक ही समय पर कई अलग-अलग लोगों ने एक ही चीज़ देखने की रिपोर्ट दर्ज कराई. यानी ये सिर्फ व्यक्तिगत भ्रम का मामला नहीं था.
अब बात करते हैं सबसे चर्चित हिस्से की. ये है अंतरिक्ष यात्रियों के बयान और चंद्रमा से जुड़े दस्तावेज़. Apollo missions के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा देखी गई कुछ असामान्य घटनाओं के रिकॉर्ड भी इन फाइलों में शामिल हैं. कुछ ट्रांसक्रिप्ट में 'बहती हुई वस्तुओं' और 'अजीब रोशनी' का जिक्र मिलता है.
हालांकि इन बयानों को लेकर हमेशा की तरह अब भी विवाद चल रहा है. कुछ लोग इन्हें तकनीकी भ्रम मानते हैं तो कुछ इन्हें किसी अज्ञात उपस्थिति का संकेत. लेकिन अब जब ये दस्तावेज़ आधिकारिक रूप से सार्वजनिक हुए हैं तो इन पर बहस और तेज़ हो गई है.
यह घटना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार अमेरिका ने UFO को केवल हॉलीवुड या इंटरनेट की साजिश वाली दुनिया से निकालकर वैश्विक सुरक्षा और वैज्ञानिक रहस्य के रूप में पेश किया है. अब चर्चा केवल “क्या एलियन होते हैं?” तक सीमित नहीं है. अब सवाल ये भी है कि अगर दुनिया की सबसे शक्तिशाली सैन्य मशीन इन घटनाओं को समझ नहीं पा रही तो क्या बाकी देश भी ऐसी चीज़ें देख रहे हैं जिन्हें उन्होंने छुपा रखा है?
यहीं से भारत की कहानी शुरू होती है
भारत में UFO पर शायद ही कभी खुलकर चर्चा हुई हो लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यहां ऐसी घटनाएं कभी दर्ज नहीं हुईं. लद्दाख, हिमालय और पूर्वोत्तर के इलाकों से समय-समय पर रहस्यमयी रोशनियों और उड़ती वस्तुओं की खबरें आती रही हैं. कई बार स्थानीय लोगों ने इन्हें दैवीय प्रकोप कहा तो कई बार सोशल मीडिया पर उन्हें UFO बता दिया गया. लेकिन भारत सरकार ने कभी आधिकारिक तौर पर इस विषय पर वैसी सार्वजनिक जांच या रिपोर्ट जारी नहीं की जैसी अब अमेरिका कर रहा है.
अगर ट्रंप के इरादे को गंभीरता से देखा जाए तो भारत में इस तरह की जानकारी किन संस्थाओं के पास हो सकती है? सबसे पहला नाम आता है ISRO का क्योंकि अंतरिक्ष और उपग्रह निगरानी से जुड़ी सूचनाएं वहीं दर्ज होती हैं. दूसरा नाम Indian Air Force का हो सकता है क्योंकि भारतीय वायुसेना के रडार सिस्टम किसी भी अज्ञात हवाई गतिविधि को रिकॉर्ड करते हैं. इसके अलावा DRDO, अर्थ एंड स्पेस साइंस और भारतीय खुफिया एजेंसियों के पास भी ऐसी रिपोर्ट्स हो सकती हैं जिन्हें कभी सार्वजनिक नहीं किया गया.
हालांकि यहां एक बात समझना भी उतना ही जरूरी है. अमेरिका की तरफ से जारी इन फाइलों में कहीं भी एलियंस के अस्तित्व का सीधा सबूत नहीं है. कई वैज्ञानिक और खगोलशास्त्री कह रहे हैं कि इन घटनाओं के पीछे ड्रोन, तकनीकी गड़बड़ी, ऑप्टिकल भ्रम या गुप्त सैन्य प्रयोग भी हो सकते हैं. वैज्ञानिकों ने ये भी कहा है कि इन दस्तावेज़ों का अध्ययन जरूरी है लेकिन हर अनजान चीज़ को एलियन तकनीक मान लेना वैज्ञानिक सोच नहीं होगी.
फिर भी इस पूरी घटना का सबसे बड़ा असर विज्ञान या सुरक्षा से ज्यादा मनोवैज्ञानिक है. दशकों तक सरकारें UFO शब्द से बचती रहीं. अब वही सरकारें कह रही हैं कि 'कुछ है, लेकिन हमें नहीं पता क्या है.' यह स्वीकार करना ही अपने आप में ऐतिहासिक बदलाव है. शायद इसीलिए यह मामला इतना बड़ा बन गया है. क्योंकि इंसान हमेशा यह मानकर चलता रहा कि सरकारों के पास हर सवाल का जवाब होता है. लेकिन इस बार दुनिया की सबसे ताकतवर सरकार खुद आसमान की तरफ देखकर पूछ रही है कि आखिर वहां क्या है?