EVM को लेकर कर्नाटक के किस सर्वे पर राहुल गांधी को घेर रही है BJP?
कर्नाटक में चुनाव आयोग के जरिए कराए गए सर्वे में पाया गया कि 83 फीसद से ज्यादा लोगों को EVM पर भरोसा है

कर्नाटक में हाल में हुए एक सर्वे में पाया गया है कि राज्य के 83 फीसद लोगों को EVM पर भरोसा है. रिपोर्ट कर्नाटक मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अथॉरिटी (KMEA) ने प्रकाशित की है.
कुल मिलाकर, 69.39 फीसद लोगों का मानना है कि EVM सटीक परिणाम देती हैं, वहीं इस सर्वे में शामिल 14.22 फीसद लोगों ने EVM पर काफी ज्यादा भरोसा जताया है.
यह सर्वे ऐसे वक्त में आया है, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी BJP पर कई राज्यों में ‘वोट चोरी’ का लगातार आरोप लगा रहे हैं. वे कर्नाटक के कलबुर्गी में भी वोट चोरी का दावा कर चुके हैं.
सर्वे में कितने लोगों से फीडबैक लिया गया है?
यह सर्वे कर्नाटक के 102 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया. इसमें बेंगलुरु, बेलगावी, कलबुर्गी और मैसूरु प्रशासनिक डिवीजनों के 5,100 लोगों को शामिल किया गया. रिपोर्ट की मानें तो इस सर्वे को कराने में मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अनबुकुमार की भी अहम भूमिका थी.
इस सर्वे में करीब करीब 50 फीसद महिलाएं शामिल हुईं. इस सर्वे में एक यह सवाल भी शामिल किया गया था - क्या महिलाओं को मतदान से पहले पुरुष सदस्यों या बुजुर्गों से सलाह लेनी चाहिए? इस सवाल पर अलग-अलग डिवीजनों में महिलाओं की राय अलग-अलग रही. कुल मिलाकर 34.57 फीसद ने इस विचार से सहमति और 3.14 फीसद ने पूरी सहमति जताई.
कर्नाटक के किस इलाके में EVM पर सबसे ज्यादा भरोसा
डिवीजन के हिसाब से देखें तो कलबुर्गी में सबसे ज्यादा भरोसा देखने को मिला. यहां 83.24 फीसदी लोगों ने EVM को भरोसेमंद माना. 11.24 फीसदी ने पूरी तरह सहमति जताई.
मैसूरु में 70.67 फीसदी लोगों ने EVM में अपनी विश्वसनीयता प्रकट की और 17.92 फीसदी ने मजबूती के साथ EVM में विश्वास होने का दावा किया.
बेलगावी में 63.90 फीसदी लोग सहमत दिखे और 21.43 फीसदी ने पूरी सहमति जताई. बेंगलुरु डिवीजन में यह आंकड़ा 63.67 फीसदी और 9.28 फीसदी रहा.
BJP का सर्वे को लेकर राहुल पर पलटवार
कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है. ऐसे में BJP ने सर्वे रिपोर्ट को लेकर राहुल पर पलटवार किया है. BJP नेता और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "लोग चुनावों पर, EVM पर और लोग भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा करते हैं. यह सर्वे कांग्रेस के मुंह पर करारा तमाचा है. जहां नागरिक भरोसा दिखा रहे हैं, वहीं कांग्रेस शक जता रही है."
BJP ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस केवल हारने पर संस्थाओं पर सवाल उठाती है और जीतने पर उसी सिस्टम का जश्न मनाती है.
कांग्रेस ने सर्वे में शामिल NGO पर उठाया सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "ज्यादातर अखबारों ने कर्नाटक में EVM पर हुए एक सर्वे पर खबर छापी है. इसके हवाले से बताया गया है कि अधिकांश नागरिक चुनाव और EVM पर भरोसा करते हैं. लेकिन यह नहीं बताया कि सर्वे चुनाव आयोग ने GRAAM नाम के NGO से करवाया था. इसके संस्थापक बालासुब्रमण्यम PMO में काम करते हैं. उन्होंने 2024 में नरेंद्र मोदी के “नेतृत्व” पर एक किताब भी लिखी है. यह सर्वे छापने वालों ने भी यह नहीं बताया कि सर्वे मोदी के करीबी ने किया है. फ्रॉड भरे पड़े हैं चुनाव आयोग से लेकर मोदी सरकार में."