अमेरिका की SEAL team 6 को क्यों माना जाता है दुनिया की सबसे परफेक्ट फोर्स?
ओसामा बिन लादेन के खात्मे से लेकर ईरान के सफल रेस्क्यू मिशन तक अमेरिका की SEAL team 6 ने पूरी दुनिया में अपनी श्रेष्ठता साबित की है, इसी तर्ज पर भारत के पास भी एक टीम है

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग के बीच 4 अप्रैल 2026 को अपने एयर स्पेस में अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान ईरान ने मार गिराया. इस विमान में दो लोग सवार थे. एक पायलट और दूसरा वेपन्स सिस्टम ऑफिसर (WSO). हमले के बाद दोनों ने पैराशूट के जरिए खुद को बचाया लेकिन जमीन पर उतरते वक्त ये दोनों अलग-अलग इलाकों में उतरे.
WSO लैंडिंग के दौरान घायल हो गया और उसे मजबूरी में एक पहाड़ी इलाके में शरण लेनी पड़ी, जहां वह 24 घंटे से ज्यादा समय तक छिपा रहा. इस दौरान उसने एक बेहद छोटा लेकिन अहम SOS संदेश भेजा जिसका जिक्र अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया. उनके मुताबिक, उस अधिकारी ने सिर्फ तीन शब्दों में अपनी स्थिति बताई- “God is good.”
हालांकि, शुरुआत में अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस संदेश को लेकर संदेह पैदा हो गया. उन्हें आशंका थी कि कहीं ये ईरानी सुरक्षा बल की तरफ से बिछाया गया कोई जाल तो नहीं ताकि बचाव दल को फंसाया जा सके. ट्रंप ने ये भी बताया कि रेडियो इंटरसेप्ट में “Power be to God” जैसा कुछ सुनाई दिया, जिससे कुछ समय के लिए ये भ्रम पैदा हुआ कि संदेश किसी और की तरफ से भेजा गया हो सकता है.
लेकिन बाद में स्थिति साफ हो गई. जांच में पता चला कि घायल WSO खुद एक धार्मिक व्यक्ति है और उसी आस्था के चलते उसने ऐसा संदेश भेजा था. आखिरकार रक्षा अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए बताया कि असली संदेश “God is good” ही था. एक ऐसा कोड जिसने उसकी पहचान और स्थिति दोनों स्पष्ट कर दीं.
अब शुरू हुआ एक अभूतपूर्व रेस्क्यू मिशन
जैसा कि खुद ट्रंप ने अपनी प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि सबसे पहले CIA ने 'झूठी कहानी' फैलाई कि पायलट को पहले ही निकाल लिया गया है. इससे ईरानी फोर्सेज गलत दिशा में भटक गईं. इसके समानांतर, अमेरिकी एजेंसियों ने सैटेलाइट, ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से उसकी सटीक लोकेशन ट्रैक की. फिर ऑपरेशन का सबसे खतरनाक हिस्सा शुरू हुआ. MQ-9 Reaper ड्रोन ऊपर से निगरानी कर रहे थे. जो भी 2-3 किलोमीटर के दायरे में आया उस पर स्ट्राइक की गई. A-10 और दूसरे एयरक्राफ्ट 'फायर कवर' दे रहे थे. जमीन पर SEAL Team 6 मेन रेस्क्यू टीम के तौर पर, Delta Force और Rangers की संयुक्त टीम आउटर लेयर कवर के तौर पर उतारी गई.
इस पूरे इलाके में 'Ring of steel' बनाया गया. यानी एक ऐसा सुरक्षा घेरा जिसमें कोई दुश्मन अंदर नहीं घुस सके. लेकिन ऑपरेशन आसान नहीं था. दो हेलीकॉप्टरों पर फायर हुआ. दो ड्रोन गिरा दिए गए. कुछ जगहों पर स्थानीय मिलिशिया से झड़प भी हुई.
सबसे बड़ा खतरा तब आया जब दो बड़े ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट उड़ान नहीं भर पाए. इससे करीब 100 कमांडो दुश्मन के इलाके में फंस सकते थे. आखिरी समय पर प्लान बदला गया. छोटे हेलीकॉप्टरों में 'Wave extraction' किया गया. और अंत में SEAL Team 6 ने उस घायल अधिकारी को ढूंढ निकाला. 6 अप्रैल की अपनी प्रेस ब्रीफिंग में ट्रंप ने कहा, “यह आधुनिक इतिहास के सबसे जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन्स में से एक था.” साथ ही ट्रंप ने ऑपरेशनल डीटेल्स देते हुए बताया कि ईरान से अपने अधिकारी को लेकर निकलते वक्त अमेरिका ने अपने दो एयरक्राफ्ट खुद ही नष्ट कर दिए ताकि संवेदनशील तकनीक दुश्मन के हाथ न लगे.
यह बात तो तय है कि ये सिर्फ एक रेस्क्यू नहीं था. ये एक 'फुल-स्केल वॉर ऑपरेशन' था और साथ ही अमेरिका ईरान की चलती जंग में अमेरिका का पहला कनफर्म्ड ग्राउंड ऑपरेशन भी. जिसे बिना किसी अमेरिकी सैनिक को गंवाए पूरा किया गया.
इस ऑपरेशन को कामयाब बनाने वाली घातक SEAL team 6
SEAL बना है Sea, Air और Land को मिलाकर. जिसका सीधा मतलब है कि धरती, आकाश और पानी जहां भी रेस्क्यू, ऑपरेशन और अटैक का काम हो ये फ़ोर्स अपना टास्क अंजाम दे सकती है. दुनिया की सबसे एलीट फ़ोर्स कहलाने वाली SEAL ना तो वक़्त की मोहताज होती है और ना मौसम की. हर समय निकलने के लिए तैयार बैठी इस टीम को ज़्यादातर बार अचानक बुलावा आता है. लेकिन ज़्यादातर मौकों पर दिए गए टास्क को पूरा करके दिखा चुकी सील कमांडोज़ की ये टीम असल में एक असफलता की उपज है. और संयोग देखिए कि जिस नाकामयाब ऑपरेशन से इस सील टीम का विचार पैदा हुआ वह ऑपरेशन भी ईरान की ज़मीन पर 45 साल पहले अमेरिका ने किया था.
एक असफल मिशन से बनी ‘परफेक्ट फोर्स’
1979 में ईरान में अमेरिकी दूतावास पर कब्जा हुआ और 52 लोग बंधक बना लिए गए. अमेरिका ने जवाब में एक बड़ा रेस्क्यू मिशन शुरू किया 'Operation Eagle Claw.' लेकिन यह मिशन रेगिस्तान में बुरी तरह फेल हो गया. खराब मौसम, तकनीकी गड़बड़ियां और तालमेल की कमी ने ऑपरेशन को ध्वस्त कर दिया. आठ अमेरिकी सैनिक मारे गए और दुनिया के सामने अमेरिका की सैन्य तैयारी पर सवाल उठे.
यहीं से अमेरिका को एक बड़ा सबक मिला. स्पेशल ऑपरेशन्स के लिए एक ऐसी यूनिट चाहिए जो हर हाल में सफल हो सके. इसी सोच से SEAL Team 6 की नींव पड़ी. बाद में इसे DEVGRU के नाम से जाना गया लेकिन इसकी पहचान हमेशा एक ही रही जहां असंभव लगने वाला मिशन हो वहीं सील कमांडो उतरते हैं. सील कमांडोज़ का एक ताकिया क़लाम है ‘My good day was yesterday’. मतलब कि जो बीत गया वो आसान था, आगे इससे इससे मुश्किल काम है और इसके लिए तैयार बैठे हैं सील कमांडोज़.
क्यों अलग है SEAL Team 6
SEAL Team 6 को खास बनाता है उसका चयन और प्रशिक्षण. पहले कैडेट को नेवी SEAL बनना पड़ता है, जो खुद दुनिया की सबसे कठिन ट्रेनिंग में से एक है. इसके बाद भी केवल चुनिंदा लोग ही इस यूनिट तक पहुंचते हैं. कहा जाता है कि यहां तक पहुंचने वाले सैनिक 'Best of the best' होते हैं.
इनका ऑपरेशन एरिया सीमित नहीं होता. ये जमीन, समुद्र और हवा- हर जगह काम करते हैं. दुनिया के किसी भी कोने में बिना पूर्व सूचना के ऑपरेशन करने की क्षमता इन्हें बाकी फोर्सेस से अलग बनाती है. इनका काम है- होस्टेज रेस्क्यू, आतंकवादियों का खात्मा और दुश्मन के इलाके में घुसकर हाई-वैल्यू टारगेट को खत्म करना.
ऑपरेशन नेपच्यून स्पीयर: जब दुनिया का ‘सबसे बड़ा’ आतंकी मारा गया
मई 2011. पाकिस्तान के एबटाबाद में एक सीक्रेट मिशन शुरू होता है 'Operation Neptune Spear.' लक्ष्य था दुनिया का मोस्ट वॉन्टेड आतंकी ओसामा बिन लादेन.
इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था SEAL Team 6 ने. हेलीकॉप्टर के जरिए रात में पाकिस्तान के अंदर घुसकर कमांडो सीधे उस कंपाउंड में उतरे जहां बिन लादेन छिपा हुआ था. कुछ ही मिनटों के अंदर ऑपरेशन पूरा हो गया. बिन लादेन मारा गया और टीम बिना किसी बड़े नुकसान के वापस लौट आई.
यह मिशन आधुनिक सैन्य इतिहास के सबसे सटीक और हाई-रिस्क ऑपरेशन्स में गिना जाता है. इसने SEAL Team 6 की क्षमता को दुनिया के सामने स्थापित कर दिया था.
हालांकि, ऐसा नहीं है कि SEAL Team 6 कभी फेल नहीं होती. कुछ ऑपरेशन ऐसे भी रहे हैं जो सफल नहीं हो पाए. लेकिन फर्क ये है कि उनकी असफलताएं आमतौर पर सार्वजनिक नहीं होतीं. यही कारण है कि इस यूनिट की छवि एक 'Almost perfect' फोर्स की बनी रहती है.
भारत की MARCOS और दुनिया की दूसरी एलीट फोर्सेज़ -
भारत में भी एक ऐसी ही एलीट यूनिट है MARCOS. ये भारतीय नौसेना की स्पेशल फोर्स है, जिसे “इंडियन SEALs” भी कहा जाता है. MARCOS समुद्र, नदी, जंगल और शहरी इलाकों में ऑपरेशन करने में सक्षम है. 26/11 मुंबई हमलों के दौरान इसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही थी.
दुनिया के कई देशों के पास ऐसी एलीट यूनिट्स हैं. अमेरिका की Delta Force, ब्रिटेन की Special Air Service, रूस की Spetsnaz और इजरायल की Sayeret Matkal जैसी यूनिट्स अपने-अपने क्षेत्र में बेहद प्रभावशाली मानी जाती हैं. हालांकि इनकी कोई आधिकारिक रैंकिंग नहीं होती लेकिन ऑपरेशनल सफलता, वैश्विक पहुंच और मिशन की जटिलता के आधार पर SEAL Team 6 को अक्सर सबसे ऊपर रखा जाता है.