मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का कितना बढ़ गया किराया?

रेल मंत्रालय के मुताबिक, यात्रियों को ट्रेनों और स्‍टेशनों में और बेहतर सुविधाएं देने के लिए किराए में बढ़ोत्‍तरी की गयी है

26 दिसंबर से रेलवे किराया बढ़ा (फाइल फोटो)
26 दिसंबर से रेलवे किराया बढ़ा (फाइल फोटो)

26 दिसंबर से भारत में लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा महंगी हो गई है. छह महीने में ये दूसरी बार है, जब रेलवे टिकटों की कीमतें बढ़ाई गई हैं.

मंत्रालय के मुताबिक, पिछले एक दशक में रेल नेटवर्क और संचालन में बड़ा विस्तार किया गया है. इसे देखते हुए किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है.

यात्रियों पर बेहतर सुविधा और रेलवे विस्तार का भार

रेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक सूचना और प्रसार दिलीप कुमार बताते हैं कि रेलवे के संचालन की मांग बढ़ी है और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है, जिससे खर्चों में वृद्धि हुई है. इसके अलावा, ट्रेनों और स्‍टेशनों में और बेहतर सुविधाएं देने के लिए यह फैसला लिया गया है.

डेली पास और कम दूरी की यात्रा पर नहीं बढ़ा किराया

रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि डेली पास और कम दूरी की ट्रेनों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है. अगर आप 215 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करने के लिए टिकट बुक कर रहे हैं तो आपको बढ़ी हुई कीमत पर ही टिकट मिलेगा. हालांकि, 215 किलोमीटर की दूरी तक की यात्रा के लिए आपको पहले जितना ही किराया देना होगा.

500 किलोमीटर पर कितना ज्यादा किराया देना होगा?

रेलवे ने प्रति किलोमीटर 2 पैसे के हिसाब से किराया बढ़ा दिया है. इस हिसाब से अगर आप 500 किलोमीटर की यात्रा के लिए टिकट लेते हैं, तो आपको 10 रुपए ज्यादा देना होगा. वहीं, 1000 किलोमीटर दूरी के लिए टिकट बुक कर रहे हैं, तो आपको 20 रुपए एक्स्ट्रा देने होंगे. ये किराया नॉन-एसी और एसी दोनों कैटेगरी के ट्रेनों में यात्रा के लिए देने होंगे.

नए किराए प्रमुख ट्रेन सेवाओं पर भी लागू होंगे, जिनमें तेजस राजधानी, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, तेजस, महामना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल शामिल हैं.

इसके अलावा, सेकेंड क्लास साधारण (जनरल क्लास) किराया की बात करें तो 215 किमी तक कोई वृद्धि नहीं हुआ है. जबकि 216-750 किमी: 5 रुपये की वृद्धि, 751-1250 किमी: 10 रुपये की वृद्धि, 1251-1750 किमी: 15 रुपये की वृद्धि और 1751-2250 किमी: 20 रुपये की वृद्धि हुआ है.

क्या 25 दिसंबर को टिकट लेने वाले को भी बढ़ा किराया देना होगा?

अगर आपने आज यानी 26 दिसंबर के पहले टिकट बुक कर लिया है, तो आपको कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं देना होगा ना ही आपके टिकट पर रिवाइज किराया दिखेगा. आज या आज के बाद TTE से यात्रा के दौरान ट्रेन या स्टेशन पर टिकट बनवाने पर भी बढ़ा हुआ किराया लगेगा.

इसके अलावा, आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट सरचार्ज या अन्य अतिरिक्त शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, ये सभी मौजूदा नियमों के अनुसार ही लागू रहेंगे.

Read more!