चीन का वेस्टर्न हाइवे कैसे बन सकता है भारत के लिए रणनीतिक खतरा?
तिब्बत-शिनजियांग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बना चीन का वेस्टर्न हाइवे (G-219) भारतीय सीमा पर PLA की सैन्य गतिविधियों को आसान बनाता है

भारत के रणनीतिक योजनाकार चीन की उन रिपोर्टों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि अगले 5 वर्षों में चीन अपने संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है.
चीन के प्रमुख प्रोजेक्ट में शिनजियांग के तियानशान पर्वतों को जोड़ने वाला 394 किमी लंबा हाइवे भी शामिल है, जो चीनी सेना की पश्चिमी क्षेत्रों में पहुंच और गतिशीलता को और मजबूत करेगा. भारत के लिए तिब्बत और शिनजियांग में चीन के जरिए बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार रणनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण है.
इस क्षेत्र में दो प्रमुख चीनी हाइवे G-217 और G-219 पहले से ही चीन की पश्चिमी सीमा से होकर गुजरते हैं, जिससे भारत की सीमाओं के करीब आसानी से चीनी साजो-सामान पहुंचता है. सैन्य योजनाकारों का मानना है कि यह नया मार्ग चीन की सीमा रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, क्योंकि इससे सैनिकों की तैनाती में पहले से ज्यादा तेजी आएगी.
इतना ही नहीं चीन की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से सटे क्षेत्रों में प्रशासनिक नियंत्रण और भी कड़ा होगा. इन मार्गों में सबसे संवेदनशील G-219 राजमार्ग है, जो शिनजियांग को तिब्बत से जोड़ने वाला 2,700 किलोमीटर लंबा गलियारा है.
एक बेहद महत्वपूर्ण बात यह है कि यह राजमार्ग अक्साई चिन से होकर गुजरता है. जम्मू-कश्मीर के इस हिस्से पर भारत भी दावा करता है. 1962 के जंग के बाद से ही यह क्षेत्र चीन के नियंत्रण में है. चीन के लिए, यह हाइवे उसकी पश्चिमी सीमा की संपर्क रेखा है, जो दो रणनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों को जोड़ती है.
हालांकि, भारत के लिए यह इसलिए रणनीतिक तौर पर अहम है क्योंकि इसके जरिए चीनी सैन्य साजो-सामान, रसद, सैनिकों की आवाजाही आसान हो जाता है, जहां कुछ साल पहले तक आवागमन मुश्किल था. चीन पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का दावा है कि पिछले एक दशक में चीन ने G-219 कॉरिडोर को लगातार अपग्रेड किया है.
कुछ हिस्सों को चौड़ा किया, साथ में कई फीडर सड़कें जोड़ी गई हैं. सैटेलाइट इमेज से साफ दिखता है कि अब इस हाइवे पर पहले से ज्यादा सैन्य रसद और वाहन गुजर रहे हैं, जो इसकी बढ़ती रणनीतिक भूमिका को रेखांकित करता है. इन सुधारों से LAC के संवेदनशील सेक्टरों (जैसे अक्साई चिन) में PLA की तैनाती का समय काफी कम हो गया है, जिससे सीमा तनाव की स्थिति में चीन को महत्वपूर्ण बढ़त मिलने का खतरा बढ़ गया है.
यह राजमार्ग रणनीतिक तौर पर शिनजियांग और तिब्बत में चीनी सैन्य कमानों को बिना प्रभावित हुए लगातार देश के बाकी हिस्सों से जोड़े रखने की क्षमता रखता है. इस तरह की कनेक्टिविटी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) को उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लंबे समय के लिए तैनाती बनाए रखने और विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को तेजी से स्थानांतरित करने में सक्षम बनाती है.
भारत और चीन दोनों ही देश LAC पर लगातार सैन्य तैनाती और व्यवस्था को बढ़ा रहे हैं. ऐसे में इस तरह के हाइवे और इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण चीन सीमा पर सैन्य तैनाती रणनीति तौर पर अहम हो जाती है.
चीन का एक अन्य प्रमुख पश्चिमी हाइवे G-217 है. यह हाइवे शिनजियांग से होकर तियानशान पर्वतमाला को पार करता है. भौगोलिक दृष्टि से भारत की सीमाओं से दूर होने के बावजूद, यह उस व्यापक नेटवर्क का हिस्सा है जो चीन के पश्चिमी क्षेत्रों को तिब्बत से जोड़ता है.
ये सड़कें मिलकर सीमावर्ती प्रांतों में चीन की समग्र रसद पहुंचाने की क्षमता को बढ़ाती हैं, जिससे विशाल और दूरस्थ भूभागों में इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और सुरक्षा अभियानों को सपोर्ट देने की चीन की क्षमता मजबूत होती है.
हालांकि, भारत की चिंताओं में रणनीतिक पहलू प्रमुख है, लेकिन इन राजमार्गों का पर्यावरणीय प्रभाव भी काफी गंभीर है. G-219 का अधिकांश भाग तिब्बती पठार से होकर गुजरता है, जो 4,500 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है. यहां का पारिस्थितिकी तंत्र अत्यंत नाजुक हैं.
निर्माण कार्य और भारी वाहनों की आवाजाही से चट्टानों के दरकने का खतरा रहता है. पठार पर ऊंचाई वाली सड़कों पर की गई रिसर्च में पता चलता है कि इन पहाड़ों की ऊपरी परत पिघलने लगी है, जिससे भूस्खलन और संरचनात्मक अस्थिरता का खतरा बढ़ रहा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इन पर्यावरणीय गड़बड़ियों का दक्षिण एशिया पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है. तिब्बती पठार उन प्रमुख नदियों का उद्गम स्थल है, जिनसे लाखों लोगों का जीवन चलता है. इस गलियारे के साथ-साथ बुनियादी ढांचे का विस्तार सिंधु नदी और ब्रह्मपुत्र नदी के उद्गम स्थलों के निकट स्थित है. बढ़ते यातायात और निर्माण गतिविधियों से आस-पास के ग्लेशियरों पर कार्बन की परत का जमाव भी बढ़ रहा है, जिससे इसके पिघलने की गति तेज हो रही है और संभावित रूप से भारत में दीर्घकालिक जल प्रवाह प्रभावित हो सकता है.
चीन के बुनियादी ढांचे के विस्तार ने तिब्बत और शिनजियांग में सामाजिक परिवर्तन भी ला दिए हैं. तिब्बत में पर्यावरण संरक्षण और विकास नीतियों से जुड़े बड़े पैमाने पर पुनर्वास कार्यक्रमों के तहत हजारों खानाबदोश चरवाहों को उनके पारंपरिक चरागाहों से हटाकर नवनिर्मित बस्तियों में बसाया गया है. आलोचकों का तर्क है कि ये उपाय न केवल सदियों पुरानी पशुपालन जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, बल्कि बीजिंग को कम आबादी वाले सीमावर्ती क्षेत्रों पर प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत करने में भी मदद करते हैं.
शिनजियांग में G-217 कॉरिडोर के विकास ने पर्यटन और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया है. खास तौर पर इस हाइवे के डुकु खंड के पास काफी पर्यटक आते हैं. हालांकि, विस्फोट और ढलान की खुदाई जैसी निर्माण गतिविधियों ने पहाड़ी इलाकों में मिट्टी के कटाव और ढलान की अस्थिरता को बढ़ा दिया है. उपग्रह निगरानी ने कॉरिडोर के कुछ हिस्सों में भूस्खलन में वृद्धि का संकेत दिया है, जो तेजी से बुनियादी ढांचे के विस्तार की पर्यावरणीय लागत को उजागर करता है.
भारत के लिए तिब्बती पठार पर राजमार्गों का बढ़ता जाल हिमालयी सीमा पर रणनीतिक संतुलन में एक व्यापक बदलाव दिखाता है. बेहतर बुनियादी ढांचा उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चीनी सेनाओं के जरिए पारंपरिक रूप से सामना की जाने वाली रसद संबंधी चुनौतियों को काफी हद तक कम कर देता है.
रणनीतिक निहितार्थों को पहचानते हुए, भारत ने हाल के वर्षों में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के करीब सड़क और दूसरे बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया है. भारत ने भी रणनीतिक सड़कों, सुरंगों और हवाई पट्टी बनाकर अपनी सीमा में इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की गति को बढ़ावा दिया है.
पूर्वोत्तर में संपर्क और सुरक्षा दोनों को मजबूत करने के लिए कई प्रमुख परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है. इनमें अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग, असम में बोगीबील रेल-सड़क पुल और ब्रह्मपुत्र और लोहित नदियों पर कई रणनीतिक पुल शामिल हैं. इनका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिकों की पहुंच को बढ़ाना और साथ ही सैन्य रसद को बेहतर बनाना है.
इसी बीच, भारत से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में चीन विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश के सामने सैकड़ों तथाकथित "शियाओकांग" या गांवों का विकास कर रहा है. ये बस्तियां नागरिक और रणनीतिक दोनों ही रूप से अहम हैं. माना जाता है कि चीन ने ऐसे लगभग 628 गांवों का निर्माण किया है, जिनमें से कई सीमावर्ती विवादित क्षेत्रों के निकट स्थित हैं. इससे सीमा सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता बढ़ गई है.
चीन इन हाइवे को विकास और क्षेत्रीय एकीकरण के प्रतीक के रूप में पेश करता रहता है, लेकिन भारत के लिहाज से ये इंफ्रास्ट्र्क्चर उसे क्षेत्र में प्रशासनिक नियंत्रण और सैन्य आवागमन दोनों ही तरह से मजबूत करता है.